Box Office Collection : साल-दर-साल फिल्मों ने इस तरह से बढ़ाया करोड़ी क्लब का मीटर

आए दिन कोई ना कोई फिल्म करोड़ के क्लब में शामिल होता रहता है। आपने भी अक्सर सुना होगा कभी कोई फिल्म 100 तो कभी 200 करोड़ के क्लब में शामिल हुआ है। लेकिन ये करोड़ क्लब एक दिन में ही नहीं बन गया है। साल-दर-साल धीरे-धीरे फिल्मों ने करोड़ी क्लब को आगे बढ़ाया है। हाल ही में रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' ने एक साथ कई रिकॉर्ड्स को ना सिर्फ तोड़ा है बल्कि बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में भी नये रिकॉर्ड्स बनाए हैं। आइए आपको बताते हैं किन फिल्मों ने साल-दर-साल धीरे-धीरे करोड़ क्लब को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया है और रिकॉर्ड्स बनाते हैं।

किस्मत :
1943 में रिलीज हुई अशोक कुमार की फिल्म 'किस्मत' बॉक्स ऑफिस पर 1 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली पहली फिल्म थी। इस फिल्म का निर्देशन ज्ञान मुखर्जी ने किया था। यह भारत की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म थी।

मुगल-ए-आजम :
5 करोड़ के क्लब में पहुंचने वाली पहली भारतीय फिल्म 'मुगल-ए-आजम' थी। 1960 में रिलीज हुई इस फिल्म में दिलीप कुमार, मधुबाला और पृथ्वीराज कपूर नजर आए थे।

शोले :
1975 में रिलीज हुई रमेश सिप्पी की कल्ट क्लासिक फिल्म 'शोले' 10 और 15 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली पहली फिल्म बनी थी। मल्टीस्टारर इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, जया बच्चन, संजीव कुमार, अमजद खान मुख्य किरदारों में नजर आए थे।

हम आपके हैं कौन :
कई सालों तक कोई फिल्म भी 'शोले' का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया थी। आखिरकार, 1994 में रिलीज हुई सूरज बड़जात्या की फिल्म 'हम आपके हैं कौन' भारत में पहली बार 20 और 50 करोड़ के क्लब में शामिल हुई। फैमिली ड्रामा इस फिल्म में माधुरी दीक्षित और सलमान खान मुख्य किरदार में नजर आए थे।

गदर :
साल 2001 में रिलीज हुई अनिल शर्मा की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गदर : एक प्रेम कथा' पहली बार बॉक्स ऑफिस पर 75 करोड़ का आंकड़ा पार किया। इस फिल्म में सनी देओल और अमीषा पटेल मुख्य किरदार में नजर आए थे। इस साल अगस्त में इस फिल्म का सीक्वल रिलीज होने वाली है।

गजनी :
भारत में 100 करोड़ के क्लब में पहली बार शामिल होने वाली फिल्म 'गजनी' थी। साल 2008 में रिलीज हुई इस फिल्म में असिन, जिया खान, प्रदीप रावत और आमिर खान मुख्य किरदार में नजर आए थे।

3 इडियट्स :
आमिर खान की ही अगली फिल्म '3 इडियट्स' (2009) ने भारत में 150 और 200 करोड़ का क्लब बनाया। राजकुमार हिरानी निर्देशित इस फिल्म में आमिर खान, शरमन जोशी, आर. माधवन, करीना कपूर और बोमन ईरानी नजर आए थे।

धुम 3 :
लगातार तीसरी बार रिकॉर्ड बनाते हुए आमिर खान की फिल्म 'धुम 3' (2013) ने भारत में 250 करोड़ का क्लब बनाया। इस फिल्म का निर्देशन विजय कृष्ण आचार्य ने किया था। फिल्म में आमिर खान डबल रोल में, अभिषेक बच्चन, उदय चोपड़ा और कैटरीना कैफ नजर आयी थी।

पीके :
300 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली पहली फिल्म आमिर खान की 'पीके' (2014) थी। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था। फिल्म में आमिर खान के अलावा अनुष्का शर्मा, सुशांत सिंह राजपूत, संजय दत्त नजर आए थे।

दंगल :
नितेश तिवारी की ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दंगल' ने बॉक्स ऑफिस पर 350 करोड़ की कमाई की थी। 2016 में रिलीज हुई इस फिल्म में आमिर खान, साक्षी तंवर, सान्या मल्होत्रा नजर आयी थी।

पठान :
इस साल रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' ने पिछले सारे रिकॉर्ड्स को तोड़ते हुए 400, 450 और 500 करोड़ का क्लब बना दिया है। इस फिल्म में शाहरुख खान के अलावा दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम नजर आए। सलमान खान ने कैमियो रोल किया है।


Click it and Unblock the Notifications