साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में एक साथ सक्रिय हैं कई बाप-बेटों की जोड़ियां

बॉलीवुड या फिर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई खानदानों और बाप-बेटे जोड़ियों के बारे में हमने सुना है, जो सालों से फिल्मों में सक्रिय हैं। जैसे कपूर खानदान, बच्चन परिवार, पटौदी खानदान, देयोल परिवार और भी कई। लेकिन क्या आपको पता है, साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में भी कई बाप-बेटों की जोड़ियां फिल्मों में समान रूप से सक्रिय हैं। इन जोड़ियों में बाप की तरह ही बेटों ने भी फिल्मों में खूब नाम कमाया है और साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं। आइए आपको साउथ इंडियन फिल्मों के उन सुपरस्टार्स के बारे में बताते हैं, जो असल जिंदगी में भी बाप-बेटे हैं।

चिरंजीवी और रामचरण :
साउथ इंडियन फिल्मों में आज भी चिरंजीवी को सुपरस्टार का दर्जा मिला हुआ है। पिछले कई दशकों से चिरंजीवी अपने फैंस का मनोरंजन करते आ रहे हैं। वहीं रामचरण भी अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए फिल्मों में अपना नाम बना चुके हैं और सुपरस्टार का दर्जा पाते हैं। रामचरण की फिल्म 'आरआरआर' को भारत की तरफ से ऑस्कर में भी भेजा गया है।

चियान विक्रम और ध्रुव विक्रम :
अपने एक्टिंग के दम से चियान विक्रम और ध्रुव विक्रम की बाप-बेटे की यह जोड़ी लोगों को हैरान कर देती है। चियान विक्रम की कई फिल्मों की हिंदी डबिंग भी काफी लोकप्रिय हुई है। हाल ही में वह ऐश्वर्या राय बच्चन स्टारर मणिरत्नम की फिल्म 'पीएस 1' में भी नजर आए थे।

नागार्जुन और नागा चैतन्य :
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में आर्टिस्ट का किरदार निभा चुके नागार्जुन साउथ इंडियन फिल्मों में सुपरस्टार का ओहदा रखते हैं। वहीं उनके बेटे सुपर स्टार नागा चैतन्य साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री पर राज करते हैं।

ममूटी और दुलकर सलमान :
साउथ इंडियन फिल्मों के सुपरस्टार ममूटी किसी पहचान के मोहताज नहीं है। उनके नाम का सिक्का साउथ इंडियन चलता है। वहीं फिल्म 'सीता रामम' और 'काली' में लीड रोल कर चुके दुलकर सलमान भी अपनी ख्याति बढ़ा रहे हैं। दुलकर सलमान ममूटी के बेटे हैं।

कृष्णा और महेश बाबू :
बीते दिनों के एक्टर कृष्णा ने अपने समय में साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में खूब नाम कमाया था। वहीं साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में महेश बाबु का जलवा तो देखते ही बनता है।

नंदमुरी हरिकृष्णा और जूनियर एनटीआर :
नंदमुरी हरिकृष्णा एक राजनेता होने के साथ-साथ फिल्म एक्टर भी थे। वहीं उनके बेटे जूनियर एनटीआर की फिल्में तो सिनेमा हॉल में सीटियां बजवा देती हैं। जूनियर एनटीआर की फिल्म 'आरआरआर' को भारत की तरफ से ऑस्कर में भी भेजा गया है और इस फिल्म के एक गाने 'नाटू-नाटू' ने तो गोल्डन ग्लोब अवार्ड भी जीता है।


Click it and Unblock the Notifications