Typecast : टाइपकास्ट होकर रह गये ये एक्टर, किसी को मां के अलावा नहीं मिला कोई रोल तो कोई हीरो से खाता रहा मार

बॉलीवुड ऐसी जगह है जहां हर रोज कोई ना कोई अपने सपनों को पूरा करने के लिए आता है। कुछ इस मायानगरी का हिस्सा बन जाते हैं और कुछ मायानगरी की चकाचौंध में खो जाते हैं। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपना नाम और मुकाम बनाने आए ऐसे कई एक्टर्स की किस्मत ऐसी चमकी की इतिहास के पन्नों में उनका नाम दर्ज होकर रह गया। बॉलीवुड में ऐसे कई सितारें हैं जिन्होंने अपने पूरे करियर में एक ही तरह के किरदार निभाएं हैं। कोई हर फिल्म में बिजनेस टाइकून बना तो किसी को हर फिल्म में हीरो से सिर्फ मार ही खाने को मिली। किसी एक्टर को अपने पूरे करियर के दौरान बुढे और गरीब दादा-चाचा की भूमिका निभाने को मिली तो किसी ने हर फिल्म में हीरो या हिरोइन की मां का किरदार निभाया।
चलिए आपको कुछ ऐसे एक्टर्स के बारे में बताते हैं, जो बॉलीवुड में टाइपकास्ट होकर रह गये :

ए के हंगल :
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम ए के हंगल का आता है। फिल्मों में आने से पहले ए के हंगल स्वतंत्रता सेनानी थे, इसलिए उन्होंने काफी उम्र बीत जाने के बाद ही फिल्मों में काम करना शुरू किया है। हंगल ने अपने पूरे करियर के दौरान करीब 250 फिल्मों में काम किया था और हर फिल्म में उन्होंने मामा, दादा या फिर गरीब और झोपड़ी में रहने वाले चाचा का किरदार ही निभाया।

ललिता पवार :
ललिता पवार ने अपने करियर की शुरुआत एक बेहद खूबसूरत एक्ट्रेस के तौर पर की थी। लेकिन एक हादसे ने उनका चेहरा बिगाड़ दिया। इसके बाद उन्हें हमेशा बुरी सास, सौतेली मां का किरदार ही दिया जाने लगा। यहां तक कि ललिता पवार ने रामानंद सागर की रामायण में कुटिल मंथरा का किरदार भी निभाया था। ललिता पवार के नाम पर सबसे लंबा एक्टिंग करियर का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज है।

मैक मोहन :
पुरानी लगभग हर दूसरी फिल्म में मैक मोहन नजर आते हैं। मैक मोहन ज्यादातर समय विलेन के किरदार में ही नजर आते हैं। मैक मोहन को कभी भी लीड विलेन का किरदार नहीं दिया गया। वह हमेशा विलेन के साथ या यूं कहा जाए तो लीड विलेन का दायां हाथ भी कहा जा सकता है। मैक मोहन को साइड विलेन कहा जा सकता है।

रीमा लागू :
रीमा लागू को अगर बॉलीवुड की नये जमाने की मां कहा जाए तो यह गलत नहीं होगा। रीमा लागू ने लगभग हर फिल्म में हीरो या फिर हिरोइन की मां का किरदार ही निभाया है। सलमान खान से लेकर संजय दत्त और माधुरी दीक्षित तक की मां का किरदार रीमा लागू ने बखूबी निभाया है।

जगदीश राज :
पुरानी ज्यादातर फिल्मों में जगदीश राज पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आते थे। जगदीश राज के नाम पर सबसे ज्यादा पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाने का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जगदीश राज ने 145 फिल्मों में पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाया था। इस वजह से उन्हें बॉलीवुड का आधिकारिक पुलिस अधिकारी कहा जाता है।

बॉब क्रिस्टन :
पुरानी किसी भी फिल्म में अगर किसी विदेशी टाइकून का किरदार निभाना हो तो वह किरदार बॉब क्रिस्टन के खाते में जाता था। इसके अलावा बॉडी बिल्डर किसी गुंडे का किरदार भी बॉब क्रिस्टन ही निभाते थे। बॉब क्रिस्टन को कई फिल्मों में अमिताभ बच्चन से मार खाते हुए देखा गया है।


Click it and Unblock the Notifications











