स्क्रिप्ट राइटर के दिमाग की उपज नहीं, बल्कि किताबों से प्रेरित थी इन सुपरहिट फिल्मों की कहानियां

किताबें ना सिर्फ किसी इंसान को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं, बल्कि फिल्मों के लिए ये प्रेरणा बनती हैं। सालों से यह देखने को मिल रहा है कि कई फिल्मों की कहानियां किताबों और नॉवेल से प्रेरित होती हैं। लेकिन कुछ फिल्मों जो सुपरहिट तो हुई लेकिन इनके बारे में शायद लोगों को पता ही नहीं चल पाया था कि इनकी कहानियां भी किसी ना किसी किताब से ही प्रेरित रही हैं। किसी भी इंसान को जिसे कहानियां और नॉवेल पढ़ना पसंद है, वह उन कहानियों पर बनी फिल्मों को देखना भी पसंद करता है।
चलिए हम आपको कुछ ऐसी फिल्मों के बारे में बताते हैं, जो किताबों से प्रेरित होकर बनी थी :

ओमकारा :
विशाल भारद्वाज की फिल्म 'ओमकारा' में अजय देवगन, सैफ अली खान और करीना कपूर नजर आए थे। साल 2006 में आयी फिल्म 'ओमकारा' विलियम शेक्सपियर की कहानी 'ओथेलो' से प्रेरित थी। 'ओमकारा' की कहानी एक भारतीय गांव के आधार पर ढाली गयी थी। फिल्म में 'ओथेलो' का किरदार ओमकारा, लेगो का किरदार केसव और कैसियो का किरदार ईश्वर बन गया था।

आयशा :
राजश्री ओझा के निर्देशन में बनी फिल्म 'आएशा' में अभय देओल और सोनम कपूर ने मुख्य किरदार निभाए थे। यह फिल्म जेन ऑस्टिन के नॉवेल 'एमा' पर आधारित हैं। नॉवेल की फीमेल लीड एमा वुडहाउस खुद को एक मैचमेकर कहती हैं, जो अपने-आसपास के लोगों के बीच लोकप्रिय भी है। फिल्म में एमा का किरदार सोनम कपूर ने निभाया और फिल्म का बैकग्राउंड दिल्ली का बनाया गया। अभय देओल ने एमा यानी आयशा के अमीर दोस्त का किरदार निभाया था।

सांवरिया :
संजय लीला भंसाली निर्देशित फिल्म 'सांवरिया' की कहानी फिदुर दोस्तोयेवोस्की के नॉवेल 'व्हाइट नाइट्स' से प्रेरित है। इस फिल्म में रणबीर कपूर, सोनम कपूर, रानी मुखर्जी और सलमान खान ने मुख्य किरदार निभाया था। फिल्म की बेसिक कहानी में कोई भी बदलाव नहीं किया गया था।

हैदर :
विशाल भारद्वाज की फिल्म 'हैदर' को भारतीय हैमलेट कहा जा सकता है। हैमलेट विलियम शेक्सपियर द्वारा लिखी गयी थी। इस फिल्म में शाहिद कपूर, श्रद्धा कपूर और तब्बु मुख्य किरदार निभाते हैं। हैमलेट की तरह ही इस फिल्म में भी हैदर की मां गजाला हैदर के पिता की मृत्यु के बाद हैदर के चाचा खुर्रम से शादी कर लेती हैं। वहीं हैदर यह सोचता रहता है कि कहीं खुर्रम ने ही उसके पिता की हत्या तो नहीं की है।

द ब्लू अंब्रेला :
विशाल भरद्वाज की ही फिल्म 'द ब्लू अंब्रेला' इसी नाम के रस्किन बॉन्ड की कहानी से प्रेरित है। 'द ब्लू अंब्रेला' फिल्म में पंकज कपूर, श्रेया शर्मा, पिउ दत्त ने मुख्य किरदार निभाए हैं। इस फिल्म के लिए श्रेया शर्मा को बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट का नेशनल अवार्ड भी मिला था। फिल्म की कहानी बिन्या की है, जिसके पास एक नीले रंग की छतरी है। दुकानदार (पंकज कपूर) किसी भी कीमत पर उस छतरी को पाना चाहता है लेकिन उसे पाने में हर बार नाकाम रहता है। कुछ घटनाओं के बाद आखिरकार बिन्या दुकानदार को अपनी छतरी देने के लिए राजी हो जाती है और बदले में दुकानदार उसे एक नेकलेस देता है।


Click it and Unblock the Notifications











