सुष्मिता सेन को मिला था ऑफर - ऐश्वर्या राय को मिस यूनिवर्स बनने दें, आप मिस वर्ल्ड में भाग लीजिए
साल 1994 भारत के लिए बहुत ही खास था। इस साल, भारत को उसकी पहली मिस यूनिवर्स मिली थी - सुष्मिता सेन। सुष्मिता सेन 19 नवंबर को अपना 45वां जन्मदिन मना रही हैं और इस मौके पर हम लेकर आए हैं उनकी ज़िंदगी का सबसे दिलचस्प किस्सा। दिलचस्प इसलिए कि अगर सुष्मिता सेन ने इस ऑफर को हां कह दिया होता तो उनकी ज़िंदगी पलट गई होती।
बात है 1994 के मई की। मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता से ठीक पहले, सुष्मिता सेन को पता चला कि उनके पास पासपोर्ट ही नहीं है। उनका पासपोर्ट गायब हो चुका था। ऐसे में मिस इंडिया की टीम काफी घबरा गई।

मिस इंडिया की टीम ने सुष्मिता सेन को ऑफर दिया कि वो मिस इंडिया 1994 की रनर अप ऐश्वर्या राय को मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भाग लेने दे। साथ ही सुष्मिता सेन को सुझाव दिया गया कि वो मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भाग ले लें जो कि नवंबर के महीने में है और तब तक उनके पासपोर्ट का जुगाड़ हो जाएगा।
सुष्मिता से ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनका पासपोर्ट खोया नहीं था बल्कि इवेंट की मैनेजर अनुपमा के पास था जिसने उसे खो दिया। सुष्मिता सेन ने ठान लिया कि अगर वो मिस यूनिवर्स में भाग नहीं लेंगी तो उनकी जगह कोई और नहीं लेगा।

ऐश्वर्या राय का दबदबा
गौरतलब है कि ऐश्वर्या राय, मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले एक जानी मानी मॉडल थीं। यही कारण था कि जब लोगों को पता चला कि वो मिस इंडिया में भाग ले रही हैं तो कम से कम 25 लड़कियों ने अपना नाम वापस ले लिया था। सुष्मिता सेन भी ऐसा ही करने वाली थीं लेकिन उनकी मां ने ऐसा करने से मना किया और उन्हें हिम्मत देते हुए कहा कि कम से कम उन्हें लड़ना तो चाहिए।

ऐश्वर्या राय Vs सुष्मिता सेन
कहा जाता है कि ऐश्वर्या और सुष्मिता के बीच यहां कड़ा मुकाबला था, लेकिन इंटरव्यू राउंड में सुष्मिता ने ऐश से बाजी मार ली थी। दोनों से पूछा गया कि यदि आप किसी ऐतिहासिक घटना को बदल सकतीं, तो वो क्या होती ? इस पर ऐश्वर्या का जवाब था, अपने जन्म का समय, जबकि सुष्मिता का उत्तर था, इंदिरा गांधी की मृत्यु। माना जाता है कि इसी जवाब ने दोनों की किस्मत का फैसला कर दिया था।

केवल इतने अंक से हारी थीं ऐश्वर्या राय
गौरतलब है कि 1994 के मिस इंडिया के फाइनल राउंड में पांच लड़कियां थीं और अंत में ऐश और सुष दोनों ही 9.33 अंकों पर आकर रूक गईं। टाई को ब्रेक करने के लिए वापस से सवाल पूछे गए। ऐश्वर्या से पूछा गया कि वो किस टेलीविजन अभिनेता (हॉलीवुड) को अपने पति के रूप में चुनेंगी। वहीं सुष्मिता से पूछा गया थी कि भारतीय टेक्सटाइल इंडस्ट्री के बारे में वो क्या जानती हैं। सुष्मिता ने जवाब दिया गांधी और खादी। इस जवाब ने उन्हें 0.3 अंको से जिताया था।

फिलीपीन्स के मनीला में जश्न
सुष्मिता सेन काफी कम उम्र में ही मिस इंडिया बन गईं थीं और बाद में वो 21 मई 1994 को भारत की पहली मिस यूनिवर्स बनीं। भारत ने पहली बार जब मिस यूनिवर्स का ताज अपने सर पर रखा था, उस बात को 27 साल पूरे हो चुके हैं। ये प्रतियोगिता फिलीपीन्स के मनीला में हुई थी।

नहीं पहना था महंगा गाउन
सुष्मिता सेन ने एक इंटरव्यू में बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए उन्होंने एक लोकल दर्जी से एक गाउन सिलवाया था और वही पहना था। उन्होंने अपने हाथ में ग्लव्स भी मोजे से बनाए थे। इसके बाद सुष्मिता सेन ने फिल्मों में अपना डेब्यू किया था।

मिस यूनिवर्स का फाईनल सवाल
मिस यूनिवर्स के फाईनल में सुष्मिता सेन से पूछा गया था कि एक औरत होने के मायने क्या हैं? जवाब में सुष्मिता सेन ने कहा - एक औरत, एक बच्चे की मां होती है और वहीं से इंसान की शुरूआत होती है। एक औरत पुरूष को सिखाती है कि ख्याल रखना और प्यार करना क्या होता है। सुष्मिता का ये जवाब सबका दिल जीत ले गया।


Click it and Unblock the Notifications