श्रीदेवी से लेकर सिल्क स्मिता तक, इन एक्ट्रेसेस की मौत ने अपने पीछे छोड़े थे कई राज

बॉलीवुड के कई मशहूर नाम आज हमारे बीच नहीं रहे लेकिन उनके द्वारा निभाए गये किरदार हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे। कई एक्टर्स की मौत की कहानी हमारे लिए किसी अनसुलझी पहेली बनकर रह गयी है। चाहे बात दिव्या भारती की हो या फिर सिल्क स्मिता की। इन सारे एक्टर्स ने अपनी जिंदगी बड़ी ही शानदार तरीके से जी थी लेकिन इनकी मौत किसी रहस्य की तरह बनकर रह गयी। जिसके बारे में किसी को कुछ पता नहीं चल पाया। ऐसे ही एक एक्टर सुशांत सिंह राजपूत हैं, जिनकी मौत किसी रहस्य से कम नहीं है। कभी कहा जाता है कि सुशांत ने आत्महत्या की तो कभी कहा जाता है कि सुशांत की हत्या की गयी थी। लेकिन सच क्या है, यह आज भी किसी पर्दे के छिपा बैठा हुआ है।

श्रीदेवी :
अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने श्रीदेवी, बोनी कपूर और खुशी कपूर दुबई जाते हैं। शादी के बाद श्रीदेवी दुबई में ही रह जाती हैं जबकि बोनी कपूर वापस इंडिया आ जाते हैं। कुछ दिनों बाद श्रीदेवी को अचानक बोनी की याद आती है और बोनी भी श्रीदेवी को सरप्राइज देने के लिए दुबई जाते हैं। वहां पहुंचकर होटल के कमरे में श्रीदेवी के साथ बोनी करीब 30 मिनट तक बातें करते हैं। फिर दोनों का डिनर पर जाने का प्लान बनता है। श्रीदेवी तैयार होने बाथरूम तो जाती है लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आती तो बोनी कपूर बाथरुम का दरवाजा तोड़ देते हैं। सामने बाथटब में उन्हें श्रीदेवी पानी में डूबी हुई मिलती है। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया जाता है लेकिन बीच रास्ते में ही श्रीदेवी की मौत हो जाती है। इधर इंडिया में श्रीदेवी के देवर संजय कपूर पहले कार्डियक अरेस्ट और फिर पानी में डूबने से श्रीदेवी की मौत होने की बात बताते हैं।

परवीन बॉबी :
बॉलीवुड की सफल एक्ट्रेसेस में से एक परवीन बॉबी को अपने करियर में तो काफी सफलता मिली लेकिन निजी जीवन में वह काफी अकेली रह गयी थी। बताया जाता है कि परवीन बॉबी मानसिक रूप से तनावग्रस्त रहा करती थी। इसके अलावा वह और भी कई तरह की मानसिक बीमारियों से पीड़ित थी। साल 2005 में परवीन बॉबी के फ्लैट से उनकी सड़ी हुई लाश बरामद की गयी थी। उनकी मौत की वजहों का खुलासा आज तक नहीं हो सका है।

दिव्या भारती :
90 के दशक में बॉलीवुड की हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस बन गयी थी दिव्या भारती। एक के बाद एक लगातार कई हिट फिल्में देकर दिव्या भारती ने काफी कम उम्र में ही अपनी जगह बॉलीवुड के शीर्ष एक्ट्रेसेस में पक्की कर ली थी। लेकिन 5 अप्रैल 1993 को एक बिल्डिंग की 5वीं मंजिल से नीचे गिरने की वजह से दिव्या की मौत हो गयी। कई लोगों का मानना है कि दिव्या की मौत सिर्फ किसी दुर्घटना नहीं बल्कि इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी हुई है।

सिल्क स्मिता :
दक्षिण भारतीय फिल्मों की बोल्ड एक्ट्रेस सिल्क स्मिता को भी करियर में बेहद सफलता मिली थी। लेकिन उनका निजी जीवन काफी विवादों से भरा रहा है। 23 सितंबर 1996 को सिल्क स्मिता अपने फ्लैट में मरी हुई पायी गयी। उस समय कयास लगाये गये थे कि सिल्क स्मिता ने आत्महत्या की थी। सिल्क स्मिता की बायोपिक 'द डर्टी पिक्चर' को लोगों ने काफी पसंद किया था। इस फिल्म में विद्या बालन ने सिल्क स्मिता का किरदार निभाया था।


Click it and Unblock the Notifications











