IMDb रेटिंग में टॉप 10 में दक्षिण की फिल्मों का दबदबा कायम, बॉलीवुड की बस 1 फिल्म बना पाई जगह
बॉलीवुड की तुलना में इस साल साउथ इंडियन फिल्मों ने ज्यादा अच्छा व्यवसाय किया है। अपने दमदार कंटेंट की वजह से ही आमतौर पर साउथ इंडियन फिल्मों को अच्छी रेटिंग मिलती है। वहीं IMDb ने भी 250 उन भारतीय फिल्मों की लिस्ट जारी की है जिनको IMDb पर अच्छी रेटिंग दी गयी। इस लिस्ट में भी एक बार फिर से साउथ इंडियन फिल्मों का दबदबा ही कायम होता दिख रहा है। टॉप 10 लिस्ट में बॉलीवुड की सिर्फ 1 फिल्म अपनी जगह बना पायी है।
आइए IMDb रेटिंग पाने वाली फिल्मों की टॉप 10 लिस्ट पर एक नजर डालते हैं

कांतारा :
इसी साल रिलीज हुई कन्नड़ एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'कांतारा' को IMDb में पहला नंबर मिला है। यह फिल्म इस समय बेहद सूर्खियों में है। इसे 8.5 की रेटिंग मिली है और फिल्म की चौतरफा तारीफ हो रही है।

रामायण-द लीजेंड ऑफ प्रिंस राम :
इंडो जापान को-प्रोडक्शन में बनी एनिमेटेड फिल्म 'रामायण : द लीजेंड ऑफ प्रिंस राम' को IMDb में 8.4 की रेटिंग मिली हुई है। यह फिल्म इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। यह एनीमेटेड फिल्म 1993 में रिलीज हुई थी। फिल्म में राम का वॉयस ओवर अरुण गोविल और रावण का वॉयस ओवर दिग्गज एक्टर अमरीश पुरी ने दिया था। यह फिल्म हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ जापानी भाषा में भी रिलीज की गयी थी।

रॉकेट्री-द नांबी इफेक्ट :
इसी साल रिलीज हुई आर. माधवन की फिल्म 'रॉकेट्री : द नांबी इफेक्ट' को IMDb में 8.4 की रेटिंग मिली हुई है और यह लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। इस फिल्म का निर्देशन भी आर. माधवन ने ही किया था। इस फिल्म की शूटिंग हिंदी, अंग्रेजी के अलावा तमिल में भी की गयी थी। फिल्म में माधवन ने रॉकेट साइंटिस्ट नंबी नारायण की भूमिका निभाई थी। शाहरुख खान ने इस फिल्म में कैमियो रोल निभाया था।

नयकन :
कमल हासन स्टारर फिल्म 'नयकन' को IMDb में 8.4 की रेटिंग मिली है। इस फिल्म को मणिरत्नम ने निर्देशित किया था। यह फिल्म 1987 में रिलीज हुई थी। तमिल भाषा में बनी इस फिल्म के लिए कमल हासन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया था। फिल्म में कमल हासन ने वेलु नयकन का किरदार निभाया था।

अन्बे सिवम :
साल 2003 में कमल हासन और आर. माधवन की आयी फिल्म 'अन्बे सिवम' को IMDb में 8.4 की रेटिंग दी गयी है। फिल्म की कहानी कमल हासन ने ही लिखी थी। फिल्म की कहानी दो ऐसे लोगों की है जो विभिन्न परिस्थितियों में अपने-आप को एक-दूसरे के भाग्य से बंधा हुआ पाते हैं।

गोलमाल :
IMDb की टॉप 10 लिस्ट में शामिल बॉलीवुड की एकलौती फिल्म 'गोलमाल' है। अमोल पालेकर और उत्पल दत्त की मुख्य भूमिका वाली इस कॉमेडी फिल्म को IMDb पर 8.4 की रेटिंग मिली है। इस फिल्म में अपनी बेमिसाल एक्टिंग से अमोल पालेकर ने साबित कर दिया था कि एक्शन ही नहीं बल्कि एक कॉमन मैन बनकर भी दर्शकों का दिल जीता जा सकता है।

जय भीम :
ओटीटी प्लेटफार्म अमेजॉन प्राइम वीडियो पर फिल्म 'जय भीम' पिछले साल रिलीज हुई थी। फिल्म में साउथ स्टार सूर्या ने काम किया था। इस फिल्म की समीक्षकों ने भी काफी सराहना की थी। IMDb की टॉप 10 लिस्ट में इस फिल्म को 8.4 की रेटिंग दी गयी है। इस फिल्म को तमिल में रिलीज किया गया था। कहा जाता है कि फिल्म 'जय भीम' की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है।

777 चार्ली :
IMDb की टॉप 10 लिस्ट में फिल्म '777 चार्ली' को 8.4 की रेटिंग दी गयी है। इस साल जून में यह फिल्म रिलीज हुई थी। इस फिल्म को खासतौर पर पशु प्रेमियों ने काफी पसंद किया था। फिल्म में रक्षित शेट्टी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही चार्ली की भूमिका के कुत्ते की थी। यह फिल्म एक मालिक और उसके पालतू कुत्ते की भावनात्मक कहानी बयां करती है।

परियेरम पेरूमल :
साल 2018 में आई फिल्म 'परियेरम पेरूमल' का निर्देशन मारी सेल्वराज ने किया था। IMDb पर इस फिल्म को 8.4 की रेटिंग मिली है। तमिल भाषा में बनी यह एक ड्रामा फिल्म है। फिल्म की कहानी एक छोटी जाति के लड़के की है जो बड़ी जाति के लड़की के प्यार में पड़ जाता है।

मणिचित्रथाजु :
मोहनलाल, शोभना और सुरेश गोपी स्टारर फिल्म 'मणिचित्रथाजु' को IMDb पर 8.4 की रेटिंग मिली है। इस फिल्म की कई भाषाओं में रीमेक बन चुकी है। हिंदी में इसका रीमेक फिल्म 'भूल भुलैया' थी जिसमें अक्षय कुमार, विद्या बालन और शाइनी आहूजा ने काम किया था।


Click it and Unblock the Notifications











