Shatrughan Sinha : इन ब्लॉकबस्टर फिल्मों को छोड़ने का शत्रुघ्न सिन्हा आज भी करते हैं अफसोस

पिछले 50 सालों के अपने फिल्मी करियर में बॉलीवुड के शॉटगन शत्रुघ्न सिन्हा ने कई फिल्मों में काम किया है। लेकिन कुछ फिल्में ऐसी हैं, जिनमें काम ना करने का अफसोस शत्रुघ्न सिन्हा को आज भी है। शत्रुघ्न सिन्हा ने जिन फिल्मों को छोड़ा है, उन फिल्मों में उनका किरदार बाद में अमिताभ बच्चन ने निभाया और ये फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुई। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने दावा किया कि इन फिल्मों को उन्हें ध्यान में रखते हुए लिखा गया था लेकिन जब मेकर्स के साथ बात नहीं बनी तो उन्होंने फिल्मों को छोड़ने का फैसला लिया। हालांकि इन्हें छोड़ने का अफसोस उन्हें आज भी है।
दीवार :
एक इंटरव्यू के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म 'दीवार' पहले उन्हें ऑफर की गयी थी। इस फिल्म के बारे में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "मैंने शायद कुल मिलाकर 250 फिल्में की है। लेकिन कुछ फिल्में ना कर पाने का अफसोस मुझे आज भी है। जैसे दीवार।" शत्रुघ्न ने कहा, "दीवार की स्क्रिप्ट मुझे ध्यान में रखकर ही लिखी गयी थी। उन लोगों ने मुझसे संपर्क भी किया था। करीब 6 महीनों तक वह स्क्रिप्ट मेरे पास ही थी। लेकिन फिल्म को लेकर कुछ वैचारिक मतभेद तैयार हो गये थे, जो दूर नहीं हो पा रहे थे। इसलिए मैंने स्क्रिप्ट वापस दे दी।"
शोले :
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि रमेश सिप्पी की कल्ट क्लासिक फिल्म 'शोले' भी उन्हें ऑफर की गयी थी। फिल्म में उन्हें पहले अमिताभ बच्चन वाला किरदार दिया गया था। लेकिन कुछ कारणों से वह उस रोल को नहीं कर पाए। कुछ लोग चाहते थे कि शत्रुघ्न फिल्म में गब्बर का किरदार निभाए लेकिन शत्रुघ्न ने वह ऑफर भी ठुकरा दिया। इस बारे में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "उस वक्त मैं विलेन का रोल करने वाला फेज पार कर चुका था। मैं एक नया और काफी लोकप्रिय स्टार बन चुका था, जिसके पास नयी फिल्में थी। रमेश सिप्पी साहब मुझे फिल्म के ठीक से डेट्स भी नहीं बता पा रहे थे। इसलिए वह फिल्म भी मैंने नहीं की।"


Click it and Unblock the Notifications

