शमशेरा- 5 कारण, क्यों देंखे रणबीर कपूर स्टारर ये फिल्म, 2 दिनों में होगी रिलीज
करण मल्होत्रा के निर्देशन में बनी फिल्म 'शमशेरा' 22 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए बिल्कुल तैयार है। फिल्म में रणबीर कपूर, संजय दत्त और वाणी कपूर मुख्य किरदारों में हैं। अब तक फिल्म के ट्रेलर और सभी गानों को रिलीज कर दिया गया है, और कहा जा सकता है कि ये एक मनोरंजक फिल्म होगी।
यशराज बैनर तले बनी यह फिल्म हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए खास साबित हो सकती है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरु हो चुकी है और रिपोर्ट्स की मानें तो यह 2022 की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली बॉलीवुड बन सकती है। अब जबकि फिल्म की रिलीज में 2 दिनों का समय रह गया है, हम यहां 5 ऐसे कारण हैं, जो फिल्म को दर्शकों के लिए खास बनाती है।

इस फिल्म को हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज़ किया जाएगा। भारत ही नहीं, बल्कि ओवरसीज में भी इसे बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी चल रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म को वर्ल्डवाइड 4500 स्क्रीन पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म का बजट 150 करोड़ तक बताया जा रहा है।
5 कारण, क्यों देंखे शमशेरा-

चार सालों के बाद बड़ी स्क्रीन पर रणबीर कपूर
ब्लॉकबस्टर फिल्म संजू के चार सालों के बाद रणबीर कपूर बड़ी स्क्रीन पर आ रहे हैं। कोई शक नहीं कि उनके फैंस के लिए ये बेहद खास है। खास बात है कि रणबीर सोशल मीडिया पर भी नहीं है। ऐसे में फैंस के साथ रूबरू होने के लिए उनके पास सिनेमा ही एक माध्यम है। वहीं, कोई शक नहीं कि रणबीर एक दमदार अभिनेता हैं।

रणबीर कपूर की पहली एक्शन फिल्म
शमशेरा एक एक्शन से भरपूर फिल्म नहीं है। लेकिन साथ ही रणबीर कपूर का कहना है कि यहां एक्शन सिर्फ एक सीक्वेंस की तरह नहीं है, बल्कि यह कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा है और कहानी के साथ साथ ही चलती है। खास बात है कि यह रणबीर कपूर की पहली एक्शन फिल्म है। लिहाजा, उन्हें रफ एंड टफ अंदाज में देखना दिलचस्प होगा।

अलग कहानी , नो रीमेक या सीक्वल
आजकल ज्यादातर फिल्में या तो रीमेक होती हैं या सीक्वल होती हैं.. ऐसे में शमशेरा बिल्कुल ताजा कंटेंट परोसने के लिए तैयार है।
शमशेरा की कहानी काज़ा नाम के एक काल्पनिक शहर पर आधारित है, जिसमें एक लड़ाका कबीले को एक निर्दयी सेनापति शुद्ध सिंह द्वारा बंदी और गुलाम बनाया जाता है और उन लोगों को बुरी तरह सताया जाता है। यह कहानी एक ऐसे इंसान की है जो पहले गुलाम बना, फिर गुलामों का सरदार बन गया और अंत में अपने कबीले की हिफाज़त करने वाला सबसे बड़ा योद्धा बन गया। वह अपने कबीले की आजादी और सम्मान के लिए जी-जान से संघर्ष करता है। उसका नाम शमशेरा है।

करण मल्होत्रा की मसाला फिल्म
करण मल्होत्रा इससे पहले अग्निपथ और ब्रदर्स जैसी फिल्में बना चुके हैं, जिसे दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया था। जमीनी कहानियों और बायोपिक फिल्मों के बीच करण मल्होत्रा का मसाला अप्रोच कुछ अलग अनुभव देगा। अग्निपथ में उन्होंने जिस तरह से ऋतिक रोशन और संजय दत्त को पेश किया था, वह तारीफ के काबिल है।

mass फिल्म
जहां साउथ की कई बड़े स्तर की मसाला फिल्में बैक टू बैक रिलीज हुई हैं। बॉलीवुड की तरफ से एक्शन फिल्मों की कमी दिखी है। ऐसे में शमशेरा एक बड़ा दांव साबित हो सकती है।
बीते महीने में फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कमाई देखकर साफ है कि लोग फिलहाल अच्छी कंटेंट वाली मसाला फिल्में ही सिनेमाघरों में देखना पसंद कर रहे हैं। बाकी फिल्मों के लिए ओटीटी एक माध्यम बन चुका है। ऐसे में शमशेरा वो फिल्म साबित हो सकती है, जिसे बड़ी स्क्रीन पर देखना दिलचस्प होगा।


Click it and Unblock the Notifications