B'day Special : बैकग्राउंड डांसर से शुरू हुआ शाहिद कपूर का सफर पहुंचा ‘फर्जी’ तक

बॉलीवुड में शाहिद कपूर का सफर बिल्कुल किसी फिल्म की तरह ही रहा है। आज के दौर में सबसे लोकप्रिय एक्टर्स में शुमार शाहिद के करियर में एक समय ऐसा भी आया था जब लग रहा था कि उनके करियर की नैया बस डूबने ही वाली है। पिछले करीब 2 दशकों से शाहिद कपूर फिल्मी पर्दे पर अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेर रहे हैं। एक्शन, कॉमेडी, थ्रिलर, रोमांस...हर तरह के किरदार में दर्शकों ने शाहिद कपूर को पसंद किया है। शाहिद कपूर 25 फरवरी को अपना 42वां बर्थडे मना रहे हैं। शाहिद का जन्म बॉलीवुड एक्टर पंकज कपूर और नीलिमा अजीम के घर हुआ था। लेकिन उन्होंने अपना फिल्मी करियर किसी स्टार किड की तरह नहीं बल्कि बतौर बैकग्राउंड आर्टिस्ट शुरू किया था।
आइए Birthday Special में आपको शाहिद कपूर के बारे में कुछ खास बातें बताते हैं :

लंबे संघर्ष से मिला था पहला ब्रेक :
शाहिद कपूर का जन्म बॉलीवुड एक्टर पंकज कपूर और नीलिमा अजीम के घर हुआ। शाहिद जब महज 3 साल के थे, तब उनके माता-पिता का तलाक हो गया। तलाक के बाद पिता पंकज कपूर तो मुंबई शिफ्ट हो गये लेकिन शाहिद कपूर को लेकर उनकी मां दिल्ली में ही रही। बचपन से ही शाहिद बेहतरीन डांसर हुआ करते थे, इसलिए उन्होंने हमेशा अपनी डांसिंग स्कील को ही और भी बेहतर बनाने पर मेहनत की। शाहिद थे तो स्टारकिड लेकिन उन्होंने कभी इसका फायदा नहीं ने उठाया। फिल्म 'ताल' और 'हम दिल दे चुके सनम' में शाहिद बैकग्राउंड डांसर भी नजर आ चुके हैं। लंबे संघर्ष के बाद शाहिद को फिल्म 'इश्क-विश्क' में अमृता राव के अपोजिट कास्ट किया गया।

पहली फिल्म से ही छा गये :
शाहिद कपूर अपनी पहली फिल्म 'इश्क-विश्क' से ही दर्शकों के दिलों पर छा गये थे। इस फिल्म में अमृता राव के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद भी किया गया था। इस फिल्म के लिए शाहिद कपूर ने कई अवार्ड्स भी जीते थे। लेकिन इसके बाद शाहिद की लगातार कई फिल्में पिट गयी। 'इश्क-विश्क' के बाद शाहिद कपूर की कई फिल्में 'फिदा', 'दिल मांगे मोर', 'दिवाने हुए पागल', 'शिखर', 'वाह लाइफ हो तो ऐसी', '36 चायना टाउन' फ्लॉप हो गयी। ऐसा लगने लगा कि शाहिद कपूर का करियर अब खत्म होने वाला है। साल 2006 में शाहिद कपूर ने राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म 'विवाह' में एक बार फिर से अमृता राव के अपोजिट प्रेम का किरदार निभाया। इस फिल्म ने शाहिद के डूबते करियर को सहारा दिया। इसके बाद करीना कपूर के साथ शाहिद की फिल्म 'जब वी मेट' आयी जो सुपरहिट साबित हुई। बस फिर क्या था, इसके बाद शाहिद को पीछे मुड़कर देखने की जरूरत ही नहीं हुई। इसके बाद शाहिद ने एक के बाद एक कई हिट फिल्में, 'कमीने', 'हैदर', 'उड़ता पंजाब', 'पद्मावत', 'कबीर सिंह' दी। हाल ही में शाहिद कपूर ने ओटीटी डेब्यू किया है। उनकी नयी वेब सीरीज 'फर्जी' दर्शकों को बेहद पसंद आयी है।

कई एक्ट्रेस से जुड़ा नाम, शादी हुई अरेंज :
शाहिद कपूर का नाम बॉलीवुड की कई एक्ट्रेसेस और स्पोर्ट्स पर्सन से जुड़ चुका है। इस लिस्ट में ऋषिता भट्ट, अमृता राव, सानिया मिर्जा, करीना कपूर, विद्या बालन, प्रियंका चोपड़ा, सोनाक्षी सिन्हा से लेकर अनुष्का शर्मा और नरगिस फाखरी तक शामिल हैं। लेकिन जब शादी की बारी आयी तो शाहिद ने अपने परिवार की पसंद की हुई, दिल्ली की रहने वाली मीरा राजपूत से की। मीरा शाहिद से करीब 13 साल छोटी हैं। शादी के बाद शाहिद पूरी तरह से फैमिली मैन बन चुके हैं जो अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट के बाद पत्नी मीरा, दोनों बच्चों और सौतेले भाई ईशान खट्टर के साथ अक्सर समय बिताते नजर आते हैं। बता दें, ईशान खट्टर नीलिमा अजीम और राजेश खट्टर के बेटे हैं।

सुपर बाइक्स के हैं शौकिन :
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शाहिद कपूर करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति है। बताया जाता है कि शाहिद के पास जुहू में एक डुप्लेक्स अपार्टमेंट हैं, जिसकी कीमत करीब 32 करोड़ रुपये बतायी जाती है। इसके अलावा वर्ली में भी शाहिद कपूर के पास एक डुप्लेक्स है जिसकी कीमत करीब 56 करोड़ रुपये है। शाहिद लग्जरी कार और सुपर बाइक्स के शौकीन हैं। उनके पास यामाहा एमटी-01 है जिसकी कीमत करीब 12-13 लाख रुपये हैं। इसके अलावा शाहिद के पास हार्ले डेविडसन की फैट बॉय है जिसकी कीमत करीब 21 लाख रुपये है। शाहिद के गैराज में मर्सिडीज बेंज जीएल क्लास, पोर्श कैनी जीटीएस, मर्सिडीज बेंज ए 400 और जगुआर कार भी खड़ी होती है।


Click it and Unblock the Notifications