140 दिनों में पूरी हो गयी थी ‘फर्जी’ की शूटिंग, जानिए कैसे फिल्म बनते-बनते बन गयी वेब सीरीज

पिछले कुछ समय में बॉलीवुड के लगभग सभी स्टार्स ने ओटीटी पर डेब्यू किया है। खासतौर पर कोरोना के बाद से ओटीटी और वेब सीरीज में सभी काम करना चाहते हैं। शाहिद कपूर ने भी वेब सीरीज 'फर्जी' से डिजिटल पर डेब्यू कर लिया है। अमेजॉन प्राइम वीडियो पर यह वेब सीरीज रिलीज की गयी है और इसे लोग काफी पसंद भी कर रहे हैं। खास तौर पर वेब सीरीज में नेगेटिव किरदार निभा रहे दक्षिण भारतीय फिल्मों के विलेन विजय सेतुपति को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। लेकिन क्या आपको पता है, इस वेब सीरीज की कहानी जब शाहिद कपूर को सुनायी गयी थी, तब इसे एक फिल्म बनाने की योजना थी।
मेरे पास डेट्स की प्रॉब्लम नहीं होती :
इस इंटरव्यू के दौरान शाहिद कपूर ने कहा, "मेरे पास आमतौर पर डेट्स का इश्यू नहीं होता है। हां यह जरूर है कि फिल्मों की तुलना में इनमें थोड़ा ज्यादा समय लगता है। लेकिन मैंने हर तरह की फिल्में की हैं। मैंने हैदर की जो सिर्फ 50 दिनों में बनी। पद्मावत को बनने में 250 दिनों का समय लग गया था, जब वी मेट 70 दिनों में पूरा हुआ था। हर फिल्म की सब्जेक्ट के आधार पर उसे बनाने में समय लगता है। मैं उन सभी तरीकों से वाकिफ हूं। मैं आराम-आराम से काम करने में यकीन करता हूं। इस सीरीज को पूरा करने में 140 दिनों का समय लगा और मैंने अपने हिस्से का काम सिर्फ 70 दिनों में पूरा कर लिया था।" विजय सेतुपति के बारे में शाहिद कहते हैं, "विजय सेतुपति सर के साथ बहुत ज्यादा स्क्रीन शेयर करने का मौका नहीं मिला लेकिन उनके काम को ऑब्जर्व किया है। वह अलग-अलग तरह के किरदारों को तवज्जो देते हैं और मैं भी कुछ ऐसा करता हूं, इसलिए उनसे कनेक्ट करता हूं। मैं चाहूंगा कि उनके साथ और भी काम करने का मौका मिले।"
इस तरह फिल्म से बन गयी वेब सीरीज :
अपनी इस वेब सीरीज के बारे में शाहिद कपूर ने कहा, "लोगों को लगता है कि लॉकडाउन और कोरोना के समय एक्टर ओटीटी पर काम करना चाहते हैं। लेकिन राज और डीके से मेरी इस वेब सीरीज को लेकर बात कोरोना काल से पहले ही हुई थी। उस समय दोनों मेरे पास इस फिल्म को लेकर आये थे लेकिन मैंने उनसे पूछा था कि क्या उनके पास कोई शो है? यह कबीर सिंह के तुरंत बाद की बात है। अमूमन ऐसा होता है कि एक्टर शो को करने से हिचकिचाते हैं। लेकिन मैंने राज और डीके की वेब सीरीज फैमिली मैन को सिर्फ 2 दिनों में पूरा कर लिया था। मुझे उनका काम बहुत पसंद आया था।" शाहिद आगे कहते हैं, "मेरा मानना है कि अगर आप ओटीटी पर आते हैं तो आपका ऑडियंस के साथ एक अलग रिलेशन बन जाता है। मुझे 5 साल पहले राज और डीके ने यह कहानी सुनाई थी। फैमिली मैन बनाने के दौरान उन्हें भी लगा कि इसे फिल्म के बजाए वेब सीरीज बनाया जाए और मैं तो वेब सीरीज में काम करना ही चाहता था।"


Click it and Unblock the Notifications

