करण जौहर को मिली थी जान से मारने की धमकी, जिंदगी दांव पर लगाकर 'कुछ कुछ होता है' को किया था रिलीज
22 साल पहले की आज ही के दिन 16 अक्टूबर 1998 को करण जौहर, काजोल और शाहरुख खान की सबसे चर्चित फिल्म 'कुछ कुछ होता है' रिलीज हुई थी। इस फिल्म का जिक्र तीनों ही स्टार्स के लिए बेहद अहम है। शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी इस फिल्म के बाद जहां सुपरडूपर साबित हो गई तो वहीं करण जौहर ने बतौर निर्देशन इस फिल्म के बाद ही करियर को संवारा। इस फिल्म से पहले करण जौहर 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में आदित्य चोपड़ा के असिस्टेंट डायरेक्टर थे।
करण जौहर के करियर की ये पहली फिल्म थी और इस फिल्म के लिए उन्हें काफी कुछ सहन भी करना पड़ा था। करण को इस फिल्म के रिलीज से ठीक पहले अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम से धमकी मिली थी। बताया जाता है कि करण जौहर की मां को ये धमकी दी गई थी कि अगर ये फिल्म रिलीज हुई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस वजह से करण जौहर को लंदन छिपने के लिए जाना पड़ा था और वह अपनी ही फिल्म की रिलीज और प्रीमियर आदि तक में शामिल नहीं हो पाए थे।
करण जौहर अपनी पहली निर्देशित और पहली सुपरहिट फिल्म की सफलता को देख नहीं पाए थे। अंडरवर्ल्ड से जान से मारने की धमकी के बाद वह सिनेमाघर के बाहर लगी लंबी लंबी लाइनों को भी नहीं देख पाए थे। खैर उनकी मेहनत सफल हो चुकी थी और इस फिल्म ने साबित कर दिया था कि वह धर्मा प्रोडक्शन की कमान संभालने के लिए एकदम तैयार हो गए थे।


Click it and Unblock the Notifications











