Koffee Recap: सारा अली खान ने खोले थे ढेरों सीक्रेट - कार्तिक पर क्रश से लेकर करीना को छोटी मां कहने तक
सारा अली खान, गुरूवार, 14 जुलाई को एक बार फिर से कॉफी विद करण के काउच पर ढेर सारे राज़ खोलने को तैयार हैं। सारा अली खान ने अपना कॉफी डेब्यू किया था कॉफी विद करण के पिछले सीज़न से। और इस सीज़न का ये काफी पॉपुलर एपिसोड था क्योंकि सारा अली खान ने दिल खोलकर बातें की थीं।
लेकिन इस एपिसोड को ढेर सारे दर्शक मिले थे सारा के खुले आम कार्तिक आर्यन के लिए जज़्बात ज़ाहिर करने के कारण। इस एपिसोड पर सारा अली खान ने खुलकर बताया था कि उन्हें कार्तिक आर्यन पर क्रश है।

करण जौहर ने उनसे पूछा था कि क्या वो सारा की तरफ से ये प्रपोज़ल कार्तिक आर्यन तक पहुंचा दें? इस पर सारा अली खान ने हां में जवाब दिया था। इसके बाद तो जो हुआ था वो इतिहास था। ये तब की बात है जब सारा अली खान की पहली फिल्म रिलीज़ भी नहीं हुई थी। यहां देखिए, फ्लैशबैक में उस एपिसोड के कुछ यादगार किस्से

अब्बा की शादी में कैसे पहुंची सारा
इस एपिसोड से फैन्स ने ये जाना कि सारा अली खान, सैफ अली खान को अब्बा कहकर बुलाती हैं। सैफ अली खान ने बताया कि जब वो करीना से शादी करने जा रहे थे उससे पहले उन्होंने अमृता सिंह को एक चिट्ठी लिखी और दोनों के बीच की सारी गलतफहमियां दूर कर, ज़िंदगी में एक दूसरे को शुभकामनाएं देने की पहल की। इसके बाद उनके परिवार में सब कुछ काफी ठीक हो गया। सारा ने बताया कि खुद अमृता सिंह ने उन्हें सैफ की शादी के लिए तैयार किया था।

मां बाप ही अजीब हैं
सारा अली खान ने ये भी बताया कि जब भी उनके घर में कोई झगड़ा होता है तो उनकी मम्मी अमृता सिंह कहती हैं कि अब्बा की तरह हरकतें मत करो वहीं सैफ भी उनसे कहते हैं कि अपनी मां की तरह हरकतें मत करो। सारा ने हंसते हुए कहा कि मैंने इन दोनों को बताया कि जब दो लोग एक बच्चा पैदा करते हैं तो उनके गुण उस बच्चे में आना लाज़िमी है। मेरे मां बाप अजीब हैं तो मैं भी अजीब हूं।

पिता और बेटी की केमिस्ट्री
करण जौहर ने सारा अली खान से पूछा कि जब आपके पिता, दूसरी बार शादी कर रहे थे तो आपको कैसा लगा। इस पर सारा ने जवाब दिया कि हमारी फैमिली काफी नॉर्मल है। मेरे मम्मी पापा अब ज़्यादा खुश हैं और मैं खुश हूं कि मेरे पास दो सुकून भरे घर हैं बजाय एक लड़ाई झगड़े वाले घर के। सैफ ने बताया कि उन्होंने 15 अगस्त को अमृता सिंह से अलग हुए थे। इस पर सारा ने कहा - मैंने इन्हें Happy Independence Day भी विश किया था।

सारा रखती हैं सारे राज़
करीना कपूर के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए सारा अली खान ने बताया कि मैंने उसे हमेशा K या फिर करीना बुलाया है। उन्होंने मुझे हमेशा कहा है कि तुम्हारे पास बहुत ही अच्छी मां है और मैं तुम्हारी दोस्त बनना पसंद करूंगी और हमारी वही ईक्वेशन हमेशा रही है। अगर मैं कभी उसे छोटी मां बुलाने लग जाऊंगी तो उनके अटैक आ जाएगा। सैफ से पूछा गया कि घर में सबसे अच्छा राज़दार कौन है जिस पर सैफ अली खान ने सोहा का नाम लिया। लेकिन सारा के टोकने पर उन्होंने तुरंत माना कि सारा भी काफी अच्छी है राज़ रखने में।

पैसों से तौलेंगे दामाद
सारा ने बताया कि रणबीर कपूर से वो शादी भले ही करना चाहती हों लेकिन डेट वो कार्तिक आर्यन को ही करना चाहिए था। इस पर सैफ ने तुरंत पूछा कि क्या कार्तिक आर्यन के पास पैसे हैं? सैफ अली खान ने वो चीज़ें बताईं जो उन्हें अपने दामाद में चाहिए जिसमें राजनीतिक विचार, ड्रग्स ना करने वाला और रिश्ते में धोखा ना देना शामिल था। हालांकि करण जौहर ने सुझाया कि पैसे भी होने चाहिए तो सैफ ने माना कि हां पैसे भी होने चाहिए और तुरंत इश्तेहार दे डाला कि अगर पैसे हैं तो मेरी बेटी ले जाओ।

एक्टिंग का शौक
सारा अली खान को एक्टिंग का शौक कैसे लगा इस पर भी सैफ ने एक किस्सा सुनाया। सैफ अली खान ने बताया कि हम लोग किसी टूर पर गए थे और ऐश्वर्या राय स्टेज पर डांस कर रही थी और मैंने अचानक देखा कि सारा परदे के पीछे से झांक कर एकटक ऐश्वर्या राय को घूर रही है। एक बार वो ऐश्वर्या को डांस करते देखती और एक बार ऑडियंस को चिल्लाते। शायद तभी से इसके मन में हीरोइन बनने की चाह थी। वहीं सारा ने भी बताया कि वो करीना की फिल्मों को देखते हुए बड़ी हुई हैं।

वज़न से परेशान थे अब्बा
सारा ने बताया कि एक वक्त पर मेरा वज़न 96 किलो था और अब्बा ने मुझे कहा कि तुम थोड़ा भी और मोटी हुई तो फिर मोटा कहना भी गलत ही होगा। मैं तुमको नहीं टोकूंगा। सारा आगे बता रही थीं कि उनका वज़न PCOD के कारण था जिस पर सैफ ने तुरंत टोकते हुए पूछा कि इसमें तुम्हारे पिज़्जा खाते रहने का कोई हाथ नहीं था? जिस पर सारा झेंप गई।

वीडियो ने खोला राज़
सारा के अंदर के फिल्मी कीड़े की चर्चा के दौरान, करण जौहर ने सारा का एक पुराना वीडियो दिखाया जहां वो एक्टिंग और डांस करने की कोशिश कर रही हैं। अपना वीडियो देख सारा थोड़ा झेंप गईं और वहीं सैफ अली खान और करण जौहर हंसते हंसते लोटपोट हो गए। सारा ने बताया कि इस दौरान उनका वज़न 96 किलो था।

जान्हवी के साथ वापसी
अब सारा अली खान, जान्हवी कपूर के साथ कॉफी विद करण पर वापसी करेंगी। इस बार वो दोनों कितने राज़ खोलती हैं ये देखना दिलचस्प होगा। सारा और जान्हवी दोनों ही एक समय पर दो भाईयों को डेट करती थीं। वहीं दोनों ने ही अलग अलग समय पर कार्तिक आर्यन को डेट किया है। और अब दोनों को ही विजय देवराकोंडा पर क्रश है। देखिए कॉफी विद करण डिज़्नी हॉटस्टार पर।


Click it and Unblock the Notifications











