Salman Khan :अपनी इस फिल्म के सेट पर नशे की हालत में पहुंचे एक्टर, डायरेक्टर को बंद करनी पड़ी शूटिंग

बॉलीवुड में एक्टर अपने किरदारों के लिए खास तौर पर तैयारियां करते हैं। कभी कोई खुद को महीनों तक कमरे में बंद करके रखता है तो कोई फिल्मों में रियल दिखने के लिए बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन से लेकर शराब के नशे तक में डूब जाते हैं। हम आपको सलमान खान से जुड़ा ऐसा ही एक किस्सा बताने जा रहे हैं, जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। यह किस्सा उन दिनों का है जब सलमान खान अपनी फिल्म 'चल मेरे भाई' की शूटिंग कर रहे थे। फिल्म में सलमान खान के साथ संजय दत्त भी लीड रोल में काम कर रहे थे। फिल्म का निर्देशन डेविड धवन कर रहे थे।
फिल्म के एक सीन में सलमान खान को नशे में धुत्त होने की एक्टिंग करनी थी। सीन को रियलिस्टिक बनाने के लिए सलमान खान सच में शराब पीकर फिल्म के सेट पर पहुंच गये। नशे में होने की वजह से फिल्म की शूटिंग में इतनी दिक्कत आयी कि फिल्म के डायरेक्टर ने शूटिंग को ही बंद कर दिया। सलमान खान ने करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' में इस बात का खुलासा किया। इस शो के दौरान सलमान खान ने बताया कि फिल्म के एक गाने में उन्हें नशे की हालत में दिखना था, लेकिन यह गाना ठीक से शूट ही नहीं हो पा रहा था।
सलमान खान ने रियल दिखने के लिए शराब पीने का फैसला लिया। सलमान ने बताया कि उन्होंने खाली पेट ही दो पैग लगाए और फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंच गये। बस फिर क्या था, नशा इतना ज्यादा चढ़ गया कि वह बिल्कुल भी लिप सिंक नहीं कर पा रहे थे। आखिरकार डेविड धवन को उस दिन की शूटिंग कैंसिल करनी पड़ गयी। 'चल मेरे भाई' साल 2000 में रिलीज हुई थी। इस कॉमेडी फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म में सलमान खान के साथ संजय दत्त की जोड़ी भी खूब जमी थी।


Click it and Unblock the Notifications













