सीबीआई ऑफिसर की बेटी साक्षी तंवर बनी टीवी इंडस्ट्री का मशहूर चेहरा

टीवी इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस साक्षी तंवर 12 जनवरी को अपना 50वां जन्मदिन मना रही हैं। साक्षी सिर्फ टीवी शो और सीरियल्स में ही नहीं बल्कि वह कई फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। साक्षी ने अभी तक शादी नहीं की लेकिन उनकी एक गोद ली हुई बेटी है। साक्षी तंवर को एकता कपूर के सीरियल 'कहानी घर घर की' में पार्वती के किरदार से खूब ख्याति मिली थी। साक्षी ने इस रोल में अपनी अमिट छाप छोड़ी और लोग आज भी साक्षी को पार्वती के नाम से ही जानते हैं।
आइए आपको बर्थडे गर्ल साक्षी तंवर के बारे में खास बातें बताते हैं :

सीबीआई ऑफिसर के घर हुआ जन्म :
मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली साक्षी तंवर का जन्म अलवर में एक सीबीआई ऑफिसर के घर हुआ था। स्नातक तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद साक्षी तंवर ने दूरदर्शन के शो के लिए ऑडिशन दिया और इसमें वह सिलेक्ट भी हो गयी। साक्षी ने दूरदर्शन के शो 'अलबेला सुर मेला' से 1988 में साक्षी ने अपना एक्टिंग करियर शुरू किया। यह शो करीब 8 सालों तक चला। इसके बाद एकता कपूर के शो 'कहानी घर घर की' में साक्षी को पार्वती का किरदार निभाने का मौका मिला। फिर क्या था, साक्षी को कभी पीछे मुड़कर देखने की जरूरत ही नहीं पड़ी।

‘बड़े अच्छे लगते हैं’ का विवादित सीन :
साल 2011 में साक्षी बालाजी प्रोडक्शन के शो 'बड़े अच्छे लगते हैं' में प्रिया के किरदार में नजर आयी थी। इस शो में साक्षी के अपोजिट राम कपूर ने काम किया था। शो में साक्षी और राम कपूर के बीच करीब 17 मिनट का इंटिमेट सीन फिल्माया गया। उस समय यह किसी टीवी शो में फिल्माया गया सबसे लंबा इंटिमेट और किसिंग सीन था। जैसे ही यह सीन टेलीकास्ट हुआ बवाल मच गया। लोगों ने इस सीन का काफी विरोध किया था। विवाद को बढ़ता देख आखिरकार एकता कपूर को माफी मांगनी पड़ी।

फिल्मों में भी बनायी पहचान :
साक्षी तंवर सिर्फ टीवी सीरियल्स तक ही सीमित नहीं हैं। वह कई शो को होस्ट भी कर चुकी हैं। इसके साथ वह फिल्मों में भी काम कर रही हैं। साक्षी ने अब तक 'दंगल', 'मोहल्ला अस्सी' और 'सम्राट पृथ्वीराज' में काम किया है। 2022 में आयी फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' में साक्षी ने राजकुमारी संयोगिता की मां का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह वेब सीरीज में भी काम कर रही हैं। पिछले साल वह वेब सीरिज 'माई' में लीड रोल में नजर आयी थी।


Click it and Unblock the Notifications











