Rishi Kapoor : कर्ज रिलीज होने के बाद इस वजह से डिप्रेशन में चले गये थे ऋषि कपूर

ऋषि कपूर को बॉलीवुड का सबसे जिंदादिल और बेबाक एक्टर कहा जाता था। किसी भी मुद्दे पर दिल खोलकर अपनी राय देने के साथ-साथ ऋषि अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बातों को भी कभी पर्दे में नहीं रखते थे। वह अपने फैंस के साथ अपने निजी जिंदगी की बातें भी दिल खोलकर शेयर किया करते थे। ऋषि कपूर की फिल्म 'कर्ज' के बारे में तो सबको पता ही होगा। इस फिल्म में पुनर्जन्म की कहानी दिखायी गयी थी। फिल्म में ऋषि के साथ टीना मुनिम और सिमी गरेवाल भी नजर आयी थी। लेकिन क्या आपको पता है, यह फिल्म रिलीज होने के बाद ऋषि कपूर बुरी तरह से डिप्रेशन का शिकार हो गये थे। इस बात का खुलासा उन्होंने अपनी ऑटो बायोग्राफी 'खुल्लम खुल्ला - ऋषि कपूर अनसेंसर्ड' में किया है।
ऋषि कपूर ने अपनी ऑटो बायोग्राफी में अपने जीवन से जुड़े कई राजों से पर्दा उठाया है। इस किताब में ऋषि कपूर ने खुलासा किया है कि साल 1980 रिलीज हुई फिल्म 'कर्ज' के लिए पूरी टीम ने काफी मेहनत की थी। लेकिन मेहनत करने के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बिल्कुल उल्टी नजर आयी। जैसा फिल्म बनाते समय टीम ने सोचा था, बॉक्स ऑफिस रिजल्ट बिल्कुल वैसा नहीं हुआ। इस वो डीप डिप्रेशन में चले गए थे। यह ऐसा समय था जब ऋषि कपूर एक साथ कई फिल्मों जैसे 'नसीब', 'दीदार-ए-यार', 'जमाने को दिखाना है' और 'प्रेम रोग' में काम कर रहे थे। उस समय उनकी हालत इतनी खराब हो गयी थी कि वह कैमरे को फेस करने की हालत में ही नहीं थे। उनके अंदर हिम्मत भी नहीं बची थी और वह काम पर नहीं जा पा रहे थे।
अपनी किताब में ऋषि कपूर ने खुलासा किया कि 'नसीब' की शूटिंग में बस एक दिन का काम ही बचा हुआ था लेकिन उनके नहीं जाने की वजह से अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे बड़े एक्टर्स को भी होल्ड पर रखना पड़ रहा था। इधर फिल्म की शूटिंग पर नहीं जाने की वजह से पिता राज कपूर और डॉक्टरों की चिंता बढ़ गई थी। फिल्म 'नसीब' के मेकर नासिर हुसैन ने तो ये सोच लिया था कि रुपयों की कमी की वजह से ऋषि कपूर शूटिंग पर नहीं आ रहे हैं। इसलिए उन्होंने ऋषि कपूर को कुछ रुपये भी भिजवाए थे।
लेकिन धीरे-धीरे ऋषि कपूर ने खुद को संभालना शुरू किया और नये सिरे से अपने करियर को आगे बढ़ाया। ऋषि कपूर ने अपनी किताब में यह भी बताया है कि दिलीप कुमार और अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज एक्टर भी अपने करियर में कभी ना कभी डिप्रेशन का शिकार हो चुके हैं। लेकिन सभी ने आगे बढ़ने का फैसला लेते हुए डिप्रेशन के उस दौर को खुद से दूर भगाया है।


Click it and Unblock the Notifications

