'ब्रह्मास्त्र' के बाद बॉलीवुड की इन फिल्मों में नजर आएंगे रणबीर कपूर
लंबे इंतजार के बाद मल्टीस्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' से बॉलीवुड में हिट फिल्म की गूंज सुनाई दी है। फिल्म से जुड़ा हर इंसान काफी खुश है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर इस फिल्म के रिलीज होने के बाद जल्द ही मां बनने जा रही आलिया अपना 'मी टाइम' स्पेंड कर रही हैं, वहीं चार्मिंग स्टार रणबीर कपूर अपनी दूसरी फिल्मों की तैयारियों में जुट गये हैं। 'ब्रह्मास्त्र' से पहले आयी रणबीर की फिल्म 'शमशेरा' सफल नहीं हो पायी थी, लेकिन 200 करोड़ के क्लब में शामिल होकर 'ब्रह्मास्त्र' ने रणबीर से बॉलीवुड की उम्मीदों को बढ़ा दिया है।
'ब्रह्मास्त्र' के बाद बॉलीवुड की इन फिल्मों से अपना जादू चलाने के लिए तैयार हैं रणबीर कपूर

ब्रह्मास्त्र पार्ट 2 देव :
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र पार्ट 1 शिवा' में पूरी तरह से शिवा की कहानी को दिखाया गया था और फिल्म में शिवा की केंद्रीय भूमिका रणबीर कपूर ने निभाई थी। फिल्म के अंत में ही दूसरे पार्ट की घोषणा भी कर दी गयी थी। 'ब्रह्मास्त्र पार्ट 2 देव' के बारे हलचल है कि फिल्म में दीपिका पादुकोण एक महत्वपूर्ण किरदार निभाएंगी। हालांकि अभी तक मेकर्स ने इसकी पुष्टि नहीं की है लेकिन संभावना जताई जा रही है दीपिका शिवा की मां अमृता का किरदार निभा सकती है। वहीं दूसरी तरफ दर्शक एक बार फिर से दीपिका-रणबीर की जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्सुक हैं। आलिया भट्ट इस पार्ट का हिस्सा होंगी या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है।

श्रद्धा कपूर के साथ बनी जोड़ी :
रणबीर कपूर इन दिनों श्रद्धा कपूर के साथ एक फिल्म में काम कर रहे हैं। रणबीर के साथ श्रद्धा की पहली बार जोड़ी बनी है। दोनों के पिता ने कई फिल्मों में साथ में काम किया था लेकिन इन दोनों की जोड़ी पहली बार बनी है। लव रंजन की फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म का नाम अभी तक तय नहीं हुआ है।

साउथ स्टार रश्मिका मंदाना के साथ आएंगे नजर :
रणबीर कपूर पहली बार साउथ की स्टार रश्मिका मंदाना के साथ नजर आने वाले हैं। संदीप रेड्डी वंगा की फिल्म 'एनिमल' में दोनों साथ में काम कर रहे हैं। बताया जाता है कि फिल्म के पहले हिस्से की शूटिंग मनाली में पूरी कर ली गयी है। फिल्म की शूटिंग के समय एक लुक सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।

नितेश तिवारी की फिल्म का बन सकते हैं हिस्सा :
बॉलीवुड खबरियो की माने तो 'दंगल' फेम नितेश तिवारी की अगली फिल्म का हिस्सा रणबीर कपूर बन सकते हैं। रामायण की कहानी पर आधारित इस फिल्म का नितेश तिवारी ने ऋतिक रोशन और रणबीर कपूर को ऑफर किया है। हलचल है कि राम और रावण के किरदारों के लिए डायरेक्टर इन दोनों को साइन करना चाहते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











