‘सांवरिया’ के साथ रणबीर कपूर और सोनम कपूर ने बॉलीवुड में पूरे किये 15 साल

संजय लीला भंसाली की फिल्म 'सांवरिया' से बॉलीवुड में रणबीर कपूर और सोनम कपूर ने 2007 में अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। इस फिल्म के साथ ही दोनों ने बॉलीवुड में शानदार 15 साल पूरा कर लिया। 'सांवरिया' से पहले रणबीर कपूर ने फिल्म 'ब्लैक' में संजय लीला भंसाली को असिस्ट किया था। वहीं इस फिल्म से अनिल कपूर की बेटी सोनम ने हिंदी फिल्मों में अपनी पारी शुरू की थी। 'सांवरिया' में रणबीर और सोनम के साथ ही रानी मुखर्जी, सलमान खान और जोहरा सहगल जैसे दिग्गज कलाकारों ने काम किया था। हालांकि यह फिल्म खास कमाल नहीं कर पाई थी, लेकिन फिल्म ने बॉलीवुड को भावी रॉकस्टार जरूर दिया था।
आइए रणबीर और सोनम कपूर की 15 सालों की इस जर्नी के बारे में जानते हैं

पहली फिल्म में ही रणबीर को जमकर करनी पड़ी मेहनत :
अपनी पहली फिल्म 'सांवरिया' के एक गाने में रणबीर कपूर ने 15 साल पहले वह सीन किया था, जिसे आज भी कैमरे के सामने करने में लोग कतराते हैं। फिल्म में रणबीर कपूर पर फिल्माया गया गाना 'जब से तेरे नैना' में रणबीर कपूर को अपना टावल गिराना था। इस गाने के लिए निर्देशक संजय लीला भंसाली ने रणबीर से इतनी मेहनत करवाई थी कि उनकी कमर ही दुखने लगी थी। इस गाने के एक सीन के लिए रणबीर को 100 टेक देने पड़े थे। संजय ने पहले दिन ही रणबीर को समझा दिया था कि गाने की इस बीट पर तुम्हें झुकना है, इस बीट पर उठना है और इस बीट पर मुस्कुराना है यानी सब कुछ म्यूजिकल है। पहले दिन 25 टेक देने के बाद रणबीर की कमर में दर्द होने लगा था जिसके बाद पैक अप हो गया था। अगले दिन जब रणबीर सेट पर पहुंचे तो संजय ने उनसे कहा कि सीन पसंद नहीं आया है और फिर से करीब 75 टेक लेने के बाद सीन ओके हुआ।

फिल्म के लिए सोनम ने घटाएं 35 किलो वजन :
फिल्म 'सांवरिया' में आने से पहले सोनम कपूर करीब 80 किलो की हुआ करती थी। लेकिन इस फिल्म में कास्ट करने के बाद संजय लीला भंसाली ने उनसे वजन घटाने के लिए कहा। इसके बाद सोनम ने अपना वजन घटाना शुरू किया और इसमें सबसे ज्यादा मदद उनकी मां ने की। सोनम ने 2 महीने में करीब 35 किलो वेट लूज किया था। सोनम ने बाद में बताया कि उस दौरान उनकी मां ने सबसे पहले उन चीजों को खाने से रोका जो उन्हें बचपन से काफी पसंद है। इस दौरान सोनम ने ना सिर्फ वर्कआउट पर ध्यान दिया बल्कि उन्होंने अपनी डाइट का भी पूरा ख्याल रखा।

पहली फिल्म के लिए रणबीर को नहीं मिली थी फीस :
फिल्म 'सांवरिया' से रणबीर ने बॉलीवुड में अपना एक्टिंग डेब्यू जरूर किया था लेकिन अपनी पहली फिल्म के लिए उन्हें कोई फीस नहीं मिली थी। इस बात का खुलासा रणबीर ने काफी बाद में एक इंटरव्यू के दौरान किया था। हालांकि इस फिल्म का सेट काफी बड़ा और भव्य बनाया गया था लेकिन यह फिल्म संजय लीला भंसाली के कॅरियर की सबसे बड़ी डिजास्टर साबित हुई। फिल्म की कहानी फ्योदोर दोस्तोवस्की की शॉर्ट स्टोरी 'व्हाइट नाइट' पर आधारित बतायी जाती है। इस फिल्म के बाद रणबीर की झोली में कई फिल्में 'राजनीति', 'अजब प्रेम की गजब कहानी', 'वेकअप सिड', 'अंजाना-अंजानी', 'रॉकस्टार', 'जग्गा जासूस', 'शमशेरा' और 'ब्रह्मास्त्र' जैसे फिल्में आ चुकी हैं।

बॉलीवुड की फैशन डीवा बन गयी सोनम :
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म 'सांवरिया' से सोनम कपूर ने डेब्यू किया था। सोनम का फैशन सेंस कमाल का माना जाता है। उन्हें बॉलीवुड की फैशन डीवा कहा जाता है। सोनम ने अपने फिल्मी कॅरियर में कई फिल्में की जिसमें 'दिल्ली 6', 'आई हेट लव स्टोरीज', 'रांझणा', 'भाग मिल्खा भाग', 'प्रेम रतन धन पायो', 'नीरजा', 'पैडमैन', 'वीरे दी वेडिंग' जैसी हिट फिल्में शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications











