अक्षय कुमार, अजय देवगन से लेकर सलमान खान, 7 बिग बजट फिल्मों के साथ 2022 का अंत करेंगे ये SUPERSTARS

बॉलीवुड के लिए साल 2022 काफी असाधारण रहा है। शायद ही किसी साल एक के बाद एक इतनी हिंदी फिल्में फ्लॉप रही होंगी। दूसरे छमाही से बॉक्स ऑफिस पर स्थिति थोड़ी संभली, लेकिन अब हम साल के अंतिम तिमाही में पहुंच चुके हैं, जहां कई बड़ी बहुप्रतीक्षित फिल्मों की लाइन लगी है, जिसके सिनेमाघरों में आने का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
अक्षय कुमार, अजय देवगन, सलमान खान से लेकर रणवीर सिंह तक अपनी फिल्मों के साथ तैयार हैं। ट्रेड पंडितों को भी इन फिल्मों से काफी उम्मीदें हैं। बता दें, 2022 में सिर्फ 3 हिंदी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रही है, जबकि 3 हिंदी में डब की हुई साउथ की फिल्में सुपरहिट रही हैं।
इसके अलावा एक के बाद एक रिलीज हुई सभी बड़ी फिल्में औंधे मुंह गिरी हैं। भूल भुलैया 2 और ब्रह्मास्त्र जैसी फिल्मों ने इंडस्ट्री का मनोबल थोड़ा बनाकर रखा है। लिहाजा, अब आगामी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार है।
सलमान खान की 'किसी का भाई किसी की जान', अजय देवगन की 'थैंक गॉड' और 'दृश्यम 2' समेत 8 बिग बजट हैं, जो अक्टूबर से दिसंबर के बीच रिलीज होने वाली हैं।
यहां देंखे आने वाली बड़ी फिल्मों की लिस्ट-

राम सेतु
अक्षय कुमार, जैकलीन और नुसरत भरूचा स्टारर ये फिल्म दिवाली के मौके पर 25 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। फिल्म के निर्देशक हैं अभिषेक शर्मा। फिलहाल अपने कंटेंट को लेकर फिल्म विवादों में भी आई थी। 'राम सेतु' का बजट 80 करोड़ तक का बताया जा रहा है।

थैंड गॉड
अक्षय कुमार की राम सेतु के साथ क्लैश कर रही है फिल्म थैंड गॉड। अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुल प्रीत सिंह स्टारर ये एक कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन इंद्र कुमार कर रहे हैं। फिल्म का बजट 50 से 60 करोड़ तक का बताया जा रहा है।

दृश्यम 2
18 नवंबर को आने वाली है अजय देवगन, तबू और श्रेया सरन स्टारर फिल्म दृश्यम 2। अपनी पहली झलक के साथ ही फिल्म काफी सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। बता दें, मलयालम में बनी इस ओरिजनल फिल्म को काफी पसंद किया गया है।

भेड़िया
वरुण धवन की इस फिल्म का बजट 100 करोड़ से ऊपर का बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म में वीएफएक्स का जबरदस्त प्रयोग किया जा रहा है। अमर कौशिक के निर्देशन में बन रही ये फिल्म 25 नवंबर को रिलीज होगी। हाल ही में फिल्म का पहला टीजर रिलीज किया गया है।

सर्कस
रणवीर सिंह, पूजा हेगड़े और जैकलीन स्टारर इस फिल्म का बजट 150 करोड़ तक का बताया जा रहा है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी यह फिल्म क्रिसमस के मौके पर 23 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।

गणपत- पार्ट 1
टाइगर श्रॉफ और कृति सैनन स्टारर ये फिल्म 23 दिसंबर को सर्कस के साथ क्लैश करने वाली है। फिल्म का बजट 90-100 करोड़ तक का बताया जा रहा है। फिल्म के निर्देशक हैं विकास बहल।

किसी का भाई किसी की जान
वहीं, साल का अंत और न्यू ईयर की शुरुआत करने वाले हैं सुपरस्टार सलमान खान। फरहाद सामजी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान के साथ पूजा हेगड़े की जोड़ी नजर आएगी। फिल्म का बजट 90 से 100 करोड़ तक का बताया जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications











