International Women' Day 2023: ओटीटी पर इन सीरीज में दिखाए गये हैं powerful महिला किरदार

बदलते समय के साथ महिलाओं को लेकर सोच भी बदलती जा रही है। अब वह दिन गये जब महिलाओं को सिर्फ सास-बहु वाले सीरियल्स और फिल्मों में आँसू बहाने वाली मां-बहनों के किरदारों में ही देखा जाता था। आज के समय में महिलाएं पुरुषों के साथ ना सिर्फ कंधे से कंधा मिलाकर बल्कि कई मामलों में उनसे आगे बढ़कर भी समाज, घर और परिवार का नेतृत्व करती हैं। ओटीटी पर कई ऐसे वेब सीरीज हैं जिनमें महिलाओं के इन्हीं सशक्त चरित्रों का बखूबी वर्णन किया गया है और लोगों ने इन वेब सीरीज को काफी पसंद भी किया है। इन किरदारों को निभाने वाली एक्ट्रेसेस की निजी जिंदगी में भी इमेज एक सशक्त महिला की ही रही है। इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ओटीटी पर मौजूद इन वेब सीरीज का लुत्फ उठाइए और हां, घर-परिवार में महिलाओं के प्रति अपना सम्मान दिखाना बिल्कुल ना भूलें।

आर्या :
फिल्मों से लंबा ब्रेक लेने के बाद सुष्मिता सेन ने ओटीटी पर डेब्यू किया और 'आर्या' के पहले सीजन में नजर आयी। यह क्राइम ड्रामा सीरीज डच शो 'पेनोजा' से प्रेरित है। इस वेब सीरीज में सुष्मिता सेन का किरदार आर्या सरीन का है जो 3 बच्चों की सुपर फिट मां है। वह एक प्यारी बीवी, एक केयरिंग मां है जो अपने परिवार का ख्याल रखती है। अपने पति की मौत के बाद आर्या ही परिवार की कमान संभालती है और अपने परिवार को बचाने के लिए सारे फैसले वह खुद लेती है। इस शो का दो सीजन हॉटस्टार डिज्नी प्लस पर आ चुका है जबकि तीसरे सीजन की शूटिंग चल रही है।

अरण्यक :
सुष्मिता सेन की तरह रवीना टंडन ने भी 'अरण्यक' से ओटीटी पर डेब्यू किया। इस सीरीज में रवीना लोकल पुलिस स्टेशन की एसएचओ कस्तुरी डोगरा का किरदार निभा रही है। हिमालय के पहाड़ी इलाकों में बसे एक छोटे से कस्बे सिरोना की कहानी है। एक कत्ल के मामले की तहकीकात करने के दौरान कस्तुरी डोगरा को अचानक पता चलता है कि यह एक हाई प्रोफाइल केस है। एक तेज-तर्रार, स्वतंत्र और टैलेंटेड पुलिस ऑफिसर कस्तुरी डोगरा कैसे इस उलझे हुए मर्डर केस के साथ-साथ अपने निजी जीवन के उलझनों को भी सुलझाती है, वह देखने लायक होता है। यह वेब सीरीज नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।

दिल्ली क्राइम :
साल 2012 में हुए निर्भया गैंग रेप मामले की पृष्ठभूमि पर बनी वेब सीरीज 'दिल्ली क्राइम' में शेफाली शाह ने डीसीपी वर्तिका चतुर्वेदी का किरदार निभाया है। इस घटना के घटने के बाद आरोपियों की पहचान करने से लेकर फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाना, उन्हें घात लगाकर पकड़ना, निर्भया के माता-पिता का साथ देना इन सभी जिम्मेदारियों को पुलिस की खाकी वर्दी में एक महिला कितनी बखूबी पूरा करती है, यह डीसीपी वर्तिका चतुर्वेदी के किरदार की खासियत है। वर्तिका चतुर्वेदी को उनकी एक महिला पुलिस अधिकारी 'मैडम-सर' कहकर पुकारती है। इससे पता चलता है कि पुरुष प्रधान पेशे में वर्तिका कितनी होनहारी के साथ सेंधमारी कर चुकी है। यह वेब सीरीज नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।

मेड इन हेवन :
अमेजॉन प्राइम के वेब सीरीज 'मेड इन हेवन' के हर एपिसोड में दहेज, ऊंच-नीच, महिलाओं की स्वतंत्रता, अपनी पहचान, एलजीबीटी रिश्ते जैसे मुद्दों को उठाया गया है। इस वेब सीरीज में तारा खन्ना का किरदार शोभिता धुलिपाला ने निभाया है। वह एक वेडिंग प्लानर है, जो निडर, सिर ऊंचा कर चलने वाली और सशक्त व्यक्तित्व की है। एक गरीब परिवार से होने के बावजूद उसके बड़े सपने हैं और उन्हें पाने के लिए वह मेहनत करती है।

द फैमिली मैन 2 :
यह एक मस्ट वॉच शो है। वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' शो में सामन्था रुथ प्रभु ने राजी का आइकॉनिक किरदार निभाया है। इस शो से सामन्था ने बॉलीवुड के साथ-साथ ओटीटी पर भी डेब्यू किया। इस शो के दूसरे सीजन में राजी को एक श्रीलंकाई आतंकवादी के तौर पर दिखाया गया है। राजी एक मजबूत और तेज-तर्रार है। वह अपने और अपने परिवार के साथ हुए गलत का बदला लेने का फैसला ले चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications