B'day Special : इस फिल्म की शूटिंग करते समय घायल होने से बाल-बाल बचे परमीत सेठी
फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' के कुलजीत से लेकर टीवी शो 'जस्सी जैसी कोई नहीं' का राज मल्होत्रा। बॉलीवुड एक्टर परमीत सेठी ने अपने हर किरदार को बेहतरीन ढंग से निभाया है। परमीत सेठी सिर्फ एक एक्टर ही नहीं, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर भी हैं। निजी जीवन में भी परमीत सेठी एक परफेक्ट हजबैंड हैं जिसने अर्चना पूरन सिंह का हाथ उस समय थामा था जब उन्हें प्यार पर से ही भरोसा उठ चुका था। खुद से 7 साल बड़ी अर्चना पूरन सिंह से पहली नजर में ही परमीत सेठी को प्यार हो गया था। परमीत 14 अक्टूबर को अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं।
आइए बर्थडे स्पेशल में परमीत सेठी के बारे में कुछ दिलचस्प किस्सों पर एक नजर डालते हैं

परमीत सेठी नहीं थे डीडीएलजे के लिए पहली पसंद :
फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में काजोल के मंगेतर कुलजीत के किरदार में परमीत सेठी को काफी पसंद किया गया था। लेकिन क्या आपको पता है कि इस रोल के लिए परमीत आदित्य चोपड़ा की पहली पसंद नहीं थे। इस रोल को डायरेक्टर आदित्य चोपड़ा ने अरमान कोहली को ध्यान में रखकर बनाया था। इस फिल्म से पहले परमीत अपने शो 'दास्तान' से काफी तारीफें बटोर चुके थे। इस शो में परमीत का पॉजिटिव रोल था। इसके बाद परमीत डीडीएलजे के कुलजीत के ग्रे शेड वाले किरदार के लिए ऑडिशन देने पहुंचे। डायरेक्टर को परमीत का पंजाबी मुंडे वाला परफॉर्मेंस काफी पसंद आया और परमीत इस किरदार के लिए चुन लिये गये।

डीडीएलजे के सेट पर घायल होने से बाल-बाल बचे :
परमीत सेठी ने फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में काजोल के पंजाबी मंगेतर कुलजीत का किरदार निभाया था। फिल्म की एक सीन की शूटिंग के दौरान उन्हें घुड़सवारी करनी थी लेकिन परमीत को घुड़सवारी नहीं आती थी। इसलिए शाहरुख ने उन्हें सावधान रहने की सलाह भी दी थी। लेकिन परमीत कहां मानने वाले थे। एक इंटरव्यू के दौरान इस किस्से को साझा करते हुए परमीत ने बताया, "शाहरुख के सावधान करने के बावजूद मैं बिना सोचे-समझे घोड़े पर जाकर बैठ गया। मुझे लगा कि यह घोड़ा ट्रेंड होगा। लेकिन कुछ देर बाद ही घोड़ा बेकाबू होकर भागने लगा। मेरा घोड़े पर कोई कंट्रोल नहीं रहा और मैं घोड़े की गर्दन पकड़कर लटक रहा था।" परमीत ने बताया कि जल्दी ही घोड़े का मालिक वहां आ गया और घोड़े पर काबू पा लिया, जिससे परमीत घायल होते-होते बच गये।

रात के 11 बजे मिस ब्रिगेंजा संग पंडित ढूंढने निकले थे :
एक दोस्त की पार्टी में बॉलीवुड की 'मिस ब्रिगेंजा' से परमीत की पहली मुलाकात हुई और पहली मुलाकात में ही परमीत अपना दिल हार बैठे थे। अर्चना पूरन सिंह भी उस समय तलाकशुदा थी और उनका प्यार से भरोसा ही उठ चुका था। ऐसे समय में परमीत ने अर्चना का विश्वास जीता और दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इसके बाद एक दिन अचानक रात को 11 बजे अर्चना और परमीत ने शादी का फैसला लिया और रात में ही पंडित ढूंढने निकले। उन्हें रात को 12 बजे पंडित मिले भी और अगले दिन दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद भी अर्चना का कॅरियर बचाने के लिए परमीत ने 4 सालों तक अपनी शादी की बात छुपा कर रखी थी। यह ऐसा दौर था जब शादी-शुदा एक्ट्रेस का कॅरियर खत्म माना जाता था। इसलिए परमीत सेठी ने अपनी शादी की बात छुपाई।


Click it and Unblock the Notifications











