‘पद्मावत’ से लेकर ‘गोलियों की रासलीला...’ तक, विरोध का दीपिका पादुकोण की इन फिल्मों को मिला फायदा

4 साल बाद शाहरुख खान बड़े पर्दे पर वापस लौटने वाले हैं। शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म 'पठान' का पहला गाना 'बेशर्म रंग' रिलीज हो चुका है लेकिन रिलीज होने के साथ ही ये गाना विवादों में आ चुका है। गाने में कभी दीपिका पादुकोण की बिकिनी तो कभी बिकीनी के गेरुआ रंग को लेकर विरोध किया जा रहा है। मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने तो यहां तक कह दिया है कि अगर गाने के सीन्स और दीपिका की बिकीनी के रंग में बदलाव नहीं हुए तो फिल्म को वहां प्रदर्शित नहीं होने दिया जाएगा। यह पहली बार नहीं हो रहा है जब दीपिका की कोई फिल्म रिलीज होने से पहले ही विवादों के घेरे में आ गयी है। इससे पहले भी दीपिका पादुकोण की कई फिल्में अलग-अलग वजहों,कभी दीपिका की कमर दिखने तो कभी फिल्म के नाम, से विवादों से घिर चुकी हैं। लेकिन इन विवादों से नुकसान के बजाए ज्यादातर समय दीपिका की फिल्मों को फायदा ही पहुंचा है। तो क्या, इस बार भी इन विवादों का शाहरुख-दीपिका की फिल्म 'पठान' को फायदा मिलने वाला है। बहरहाल, यह तो आने वाला समय ही बता सकेगा।
चलिए जानते हैं 'पठान' से पहले दीपिका की कौन सी फिल्मों को लेकर हो चुका है बवाल :

पद्मावत :
संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' को लेकर सबसे पहला बवाल फिल्म के नाम को लेकर था। पहले फिल्म का नाम 'पद्मावती' था लेकिन राजस्थान की करणी सेना ने फिल्म के नाम पर विरोध जताते हुए बवाल मचाना शुरू किया तो मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलकर 'पद्मावत' कर दिया। इसके बाद फिल्म को लेकर दूसरी बार बवाल फिल्म के एक गाने 'घूमर' में दीपिका की कमर दिखने पर हुआ था। दरअसल, रानी पद्मावती को काफी सम्मानजनक नजरों से देखा जाता है, ऐसे में फिल्म में रानी पद्मावती का किरदार निभा रही दीपिका का कमर दिखना करणी सेना को नागवार गुजरा। विरोध की वजह से स्पेशल इफेक्ट द्वारा संजय लील भंसाली ने दीपिका पादुकोण की कमर को चोली से ढक दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म 215 करोड़ रुपये में बनी थी और इस फिल्म ने 585 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

गोलियों की रासलीला-राम लीला :
दीपिका पादुकोण के करियर की बेहतरीन फिल्मों में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गोलियों की रासलीला-राम लीला' को गिना जाता है। इस फिल्म में पहली बार दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने स्क्रीन शेयर किया था। पहले फिल्म का नाम 'राम लीला' रखा गया था। लेकिन प्रभु समाज धार्मिक राम लीला समिति समेत कई और धार्मिक संस्थाओं ने इस नाम पर आपत्ति जतायी थी। फिल्म के नाम को लेकर मुकदमा तक दायर किया गया और आरोप लगाया गया कि हिंदू भावनाओं को आहत किया जा रहा है। इसके बाद फिल्म का नाम बदलकर 'गोलियों की रासलीला-राम लीला' कर दिया गया। कहा जाता है कि इस कंट्रोवर्सी का दीपिका की इस फिल्म को फायदा पहुंचा और 88 करोड़ रुपये में बनी फिल्म ने 201 करोड़ रुपये की कमाई कर ली।

बाजीराव मस्तानी :
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' का प्रोमो और सॉन्ग रिलीज होने के बाद ही इसमें बदलाव की मांग की जाने लगी। फिल्म का विरोध कर रहे लोगों का आरोप था कि फिल्म में ऐतिहासिक सच के साथ छेड़छाड़ की गयी है। सिर्फ इतना ही नहीं पेशवा बाजीराव के वंशजों ने आरोप लगाया था कि फिल्म में राजा के चरित्र और उनकी दोनों रानियों काशीबाई और मस्तानी को भी स्क्रीन पर गलत तरीके से पेश किया गया है। इस बाबत महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी एक पत्र लिखा गया था। इसके बाद फिल्म मेकर्स ने फिल्म में आवश्यक बदलाव किये जिसके बाद फिल्म को रिलीज किया गया। इस फिल्म को बनाने में 145 करोड़ रुपये का खर्च आया था जबकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 356 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

छपाक :
मेघना गुलजार की फिल्म 'छपाक' में दीपिका पादुकोण ने लक्ष्मी अग्रवाल का किरदार निभाया था जो एसिड अटैक सर्वाइवर हैं। फिल्म के रिलीज से पहले फिल्म के प्रमोशन के लिए दीपिका जेएनयू पहुंची थी। लेकिन उनका यह कदम विरोधियों को पसंद नहीं आया। दरअसल, उस समय जेएनयू में छात्र CAA का विरोध करते हुए आंदोलन कर रहे थे। ऐसे में दीपिका का वहां पहुंचकर उनके आंदोलन को समर्थन देना लोगों को खास पसंद नहीं आया और फिल्म 'छपाक' का विरोध किया जाने लगा। इसके साथ ही लक्ष्मी अग्रवाल पर जिस व्यक्ति ने असल जिंदगी में एसिड अटैक किया था, वह मुस्लिम था लेकिन फिल्म में उसे हिंदू दिखाया गया था। इस वजह से भी फिल्म को विरोध झेलना पड़ा। हालांकि इसका फिल्म की कमाई पर खास असर नहीं हुआ। इस फिल्म को बनाने में 36 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जबकि फिल्म ने 55 करोड़ रुपये की कमाई की। कमाई के लिहाज से फिल्म ने बहुत ज्यादा कमाल नहीं दिखाया लेकिन फिल्म ने अपनी लागत से ज्यादा रुपये वसूल लिये थे।


Click it and Unblock the Notifications











