Oscars: ऑस्कर जीतकर वापस लौटते समय ए. आर. रहमान के साथ घटी थी यह घटना

साल 2009 भारत के लिए बेहद खास था। इस साल किसी भारतीय को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित जो किया गया था। निर्देशक डैनी बॉयल की फिल्म 'स्लमडॉग मिलेयनियर' में बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग और बेस्ट ओरिजिनल स्कोर के लिए म्यूजिक कम्पोजर ए. आर. रहमान को दो ऑस्कर अवार्ड्स दिये गये थे। 82वें ऑस्कर अवार्ड्स के मंच पर डैनी बॉयल की फिल्म 'स्लमडॉग मिलेयनियर' ही छायी रही थी।
इस फिल्म को कुल 10 कैटेगरिज में नॉमिनेटेड किया गया था जिसमें से 8 कैटेगरी में इसे अवार्ड मिला था। ए. आर. रहमान सिर्फ अवार्ड लेने के लिए ही ऑस्कर के मंच पर नहीं गये थे बल्कि उन्होंने दुनिया भर से मौजूद दिग्गज कलाकारों के सामने अपना गाना 'जय हो' प्रस्तुत भी किया था। लेकिन ऑस्कर जीतकर वापस लौटते समय ए. आर. रहमान को एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया था।
इस साल 12 मार्च को 95वां अकादमी पुरस्कार आयोजित होने वाला है। बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में फिल्म 'आरआरआर' का गाना नाटू-नाटू नॉमिनेटेड हुआ है और बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को बतौर प्रेजेंटर आमंत्रित भी किया गया है।
बैग में रखा अवार्ड दिखाते ही हुआ ये : ए. आर. रहमान को ऑस्कर जीते हुए लगभग 13 साल हो चुके हैं। काफी लोगों को पता है कि जिस दिन लॉस एंजिल्स में ऑस्कर अवार्ड समारोह था, उस दिन ए. आर. रहमान ने पूरे दिन में कुछ नहीं खाया था। हालांकि बाद में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया, "मैं सिर्फ पतला दिखने के लिए उस दिन निराहार रहा।" लेकिन क्या आपको पता है, ऑस्कर जीतकर वापस भारत लौटते समय ए. आर. रहमान को एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था। ए. आर. रहमान ने अपने कपड़ों के बैग में अपनी ऑस्कर की ट्रॉफी रख ली थी। रहमान जैसे ही एयरपोर्ट पहुंचे उन्हें सुरक्षाकर्मी ने रोक लिया था। उस समय रहमान करीब 100 लोगों की लाइन में पीछे खड़े थे। लेकिन जैसे ही उन्होंने अपने बैग में रखा ऑस्कर की ट्रॉफी निकालकर दिखायी, सुरक्षाकर्मियों ने ना सिर्फ उन्हें तुरंत छोड़ दिया बल्कि उनकी काफी तारीफ भी की।
अनिल कपूर नहीं करेंगे रहमान को माफ
ऑस्कर अवॉर्ड जीतने के सालों बाद ए. आर. रहमान और अनिल कपूर ने एक इंटरव्यू के दौरान गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। ए. आर. रहमान ने कहा, "गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स के दौरान अनिल कपूर मेरे ठीक बगल में ही बैठे हुए थे। मुझे काफी प्यास लगी थी तो अनिल कपूर ने कहा कि वह मेरे लिए कोल्ड ड्रिंक लेकर आ रहे हैं। इधर अनिल कपूर मेरे लिए कोल्ड ड्रिंक लेने गये और उधर पुरस्कार लेने के लिए मेरा नाम अनाउंस कर दिया गया।" इसी इंटरव्यू के दौरान अनिल कपूर ने कहा, "मैं उन्हें अवार्ड जीतते हुए देखना चाहता था। लेकिन उन्हें तेज प्यास लगी थी तो मैं उनके लिए कोल्ड ड्रिंक लेने चला गया। मैं उन्हें गोल्डन ग्लोब अवार्ड जीतते हुए नहीं देख सका, इसके लिए मैं उन्हें माफ नहीं करुंगा। हालांकि बाद में मैंने उन्हें ऑस्कर जीतते हुए देखा जो चेरी ऑन द केक था।"


Click it and Unblock the Notifications













