Outsider नहीं, कियारा आडवाणी से लेकर यामी गौतम तक, इन एक्टर्स का रहा है बॉलीवुड कनेक्शन

जब भी किसी फिल्म से कोई न्यूकमर डेब्यू करता है तो लोग उसके बारे में जानने के लिए उत्सुक होते हैं। कहीं वह किसी फिल्मी परिवार से तो नहीं है या किसी बॉलीवुड स्टार का बेटा या बेटी तो नहीं है। अगर नवोदित एक्टर किसी फिल्मी परिवार से नहीं होता है तो उसे बॉलीवुड में लाने वाले या बॉलीवुड में उसके गॉडफादर के बारे में पता करने की कोशिश करने लगते हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि स्टारकिड किसी ना किसी लोकप्रिय बॉलीवुड निर्देशक या प्रोड्यूसर की छत्रछाया में ही आगे बढ़ते हैं, जिस वजह से बॉलीवुड पर नेपोटिज्म का आरोप लगाया जाता रहा है। लेकिन क्या आपको पता है, बॉलीवुड में ऐसे कई एक्टर हैं, जिनका बॉलीवुड कनेक्शन तो है लेकिन वो किसी Outsider एक्टर की तरह स्ट्रगल करने के बाद ही बॉलीवुड में अपनी जगह पक्की कर पाए हैं।
आइए आपको ऐसे कुछ एक्टर्स के बारे में बताते हैं, जो Outsider नहीं, बल्कि जिनका बॉलीवुड कनेक्शन है :

कियारा आडवाणी :
हाल ही में शादी के बंधन में बंधी कियारा आडवाणी के बॉलीवुड कनेक्शन के बारे में ज्यादा किसी को पता नहीं था। लोग उन्हें एक आउटसाइडर एक्टर ही मानते थे। लेकिन उनकी शादी में जब जूही चावला शामिल हुई तब जाकर पता चला कि कियारा आडवाणी के पिता और जूही चावला दोस्त हैं। इतना ही नहीं, कियारा आडवाणी अंबानी परिवार की बेटी ईशा अंबानी की बचपन की दोस्त भी हैं। जूही ने ही अपनी हाउस पार्टियों में कियारा को फिल्म निर्देशकों और प्रोड्यूसरों से मिलवाया करती थी।

रणवीर सिंह :
रणवीर सिंह ने बॉलीवुड में अपनी जगह खुद के मेहनत के बलबूते पर बनायी है। लेकिन क्या आपको पता है अनिल कपूर रिश्ते में रणवीर सिंह के मौसा लगते हैं। जी हां, रणवीर सिंह की मां अंजू भवनानी और अनिल कपूर की पत्नी सुनीता कपूर कजिन सिस्टर हैं। इस लिहाज से अनिल कपूर उनके मौसा और सोनम कपूर उनकी कजिन सिस्टर हुई। इतना ही नहीं, आदित्य रॉय कपूर और रणवीर सिंह बचपन के दोस्त हैं। बीते जमाने की एक्ट्रेस चांद बर्क रणवीर सिंह की दादी हैं।

विकी कौशल :
बहुत कम लोगों को ही पता होगा कि कैटरीना कैफ के ससुर यानी 'उरी' स्टार विकी कौशल के पिता प्रसिद्ध स्टंट डायरेक्टर शाम कौशल हैं। उन्होंने करीब 100 फिल्मों में स्टंट डायरेक्शन किया है। नये जमाने की फिल्मों और एक्टर्स में उन्होंने रणबीर सिंह की 'पद्मावत', 'बाजीराव मस्तानी', आमिर खान की 'दंगल' और ऋतिक रोशन की फिल्म 'कृष 3' में स्टंट डायरेक्शन किया है।

यामी गौतम :
आयुष्मान खुराना की फिल्म 'विकी डोनर' से बॉलीवुड में डेब्यू करने से पहले यामी गौतम ने कई विज्ञापन फिल्मों में काम किया हुआ है। यामी के पिता मुकेश गौतम लोकप्रिय फिल्म निर्देशक और पंजाबी फिल्मों के प्रोड्यूसर हैं। यामी की बहन भी पंजाबी फिल्मों में काम करती हैं।

अमीषा पटेल :
अमीषा पटेल जल्द ही अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गदर' के सिक्वल 'गदर 2' से बॉक्स ऑफिस पर छाने के लिए तैयार हैं। अमीषा पटेल वकील और पॉलिटिशियन बैरिस्टर रजनी पटेल की पोती है। कहा तो यहां तक जाता है कि फिल्म 'कहो न...प्यार है' में अमीषा को लीड रोल भी इसीलिए मिला था, क्योंकि उनके पिता राकेश रोशन के करीबी दोस्त हैं।


Click it and Unblock the Notifications











