बॉलीवुड से हॉलीवुड तक चला सिक्का, शबाना आजमी संग लिव इन रिलेशनशिप! इस डायरेक्टर ने बनायी अंतरराष्ट्रीय पहचान

बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता-निर्देशक शेखर कपूर 6 दिसंबर को अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। जीवन के 77 बसंत देख चुके शेखर कपूर का निजी जीवन किसी रोलर कोस्टर राईड से कम नहीं था। उन्होंने फिल्म 'मासूम' जैसी अवॉर्ड विनिंग फिल्म से डायरेक्शन में अपनी पारी को शुरू किया था। इस फिल्म को समीक्षकों ने भी काफी पसंद किया था। फिल्मों के अलावा शबाना आजमी के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी शेखर कपूर हमेशा चर्चाओं में रहे हैं। लंदन की नौकरी को छोड़कर शेखर मुंबई में फिल्मों में काम करने के लिए आ गये थे। शेखर कपूर एवरग्रीन एक्टर देव आनंद के भांजे हैं।
आइए Birthday Special में आपको शेखर कपूर से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातों से रूबरू करवाते हैं

लंदन की नौकरी छोड़ फिल्मों में काम करने भारत आए :
शेखर कपूर ने लंदन में अकाउंटेंट की पढ़ाई की जिसके बाद वह लंदन में ही चार्टर्ड अकाउंटेंट की नौकरी करते थे। लेकिन फिल्मों में अपना करियर बनाने के लिए शेखर कपूर ने सीए की नौकरी को छोड़ दी। 1983 में शेखर कपूर ने बतौर निर्देशक फिल्म 'मासूम' से डेब्यू किया। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी ने लीड रोल किया था। वहीं चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर उर्मीला मातोंडकर और जुगल हंसराज नजर आए थे। इस फिल्म ने लोगों का दिल जीत लिया और शेखर कपूर का दिल शबाना आजमी ने जीता। इसके बाद शेखर ने अनिल कपूर और श्रीदेवी के साथ फिल्म 'मिस्टर इंडिया' बनायी।

7 सालों तक रहे लिव इन रिलेशनशिप में :
शेखर कपूर और शबाना आजमी के बीच दोस्ती फिल्म 'मासूम' में काम करने दौरान ही हो गयी थी। समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गया और दोनों ने लिव इन रिलेशनशिप में रहना शुरू कर दिया। लेकिन करीब 7 सालों के बाद दोनों में झगड़े होने लगे तो दोनों ने अलग होने का फैसला ले लिया। दोनों जब अलग हुए तो निजी के साथ-साथ दोनों ने प्रोफेशनल रिश्ता भी खत्म कर लिया था। दोनों ने करीब 38 सालों तक साथ में फिर काम नहीं किया। अलग होने के बाद शबाना ने पहले एक्टर बेंजामिन गिलानी से सगाई और इस सगाई के टूटने के बाद जावेद अख्तर से शादी कर ली। वहीं शेखर कपूर ने भी दो शादियां की। शेखर ने पहली शादी मेघा जलोटा से की और उनसे अलग होने के बाद सुचित्रा कृष्णमूर्ति से दूसरी शादी की, जो उनसे करीब 30 साल छोटी थी। हालांकि यह रिश्ता भी बहुत लंबा नहीं चला और 2007 में दोनों अलग हो गये। शेखर और सुचित्रा की एक बेटी कावेरी कपूर है। शेखर कपूर का नाम एक्ट्रेस प्रीति जिंटा के साथ भी जुड़ चुका है। प्रीति ने हमेशा इन रिश्तों को नकारती रही हैं।

बॉलीवुड से हॉलीवुड तक का तय किया सफर :
'मासूम' और 'मिस्टर इंडिया' के बाद शेखर कपूर ने दस्यु सुन्दरी फूलन देवी पर आधारित फिल्म 'बैंडिट क्वीन' का निर्देशन किया। इस फिल्म के लिए शेखर को बेस्ट डायरेक्टर का फिल्म फेयर अवॉर्ड भी दिया गया। 1998 में शेखर कपूर को हॉलीवुड फिल्म 'एलिजाबेथ' का निर्देशन करने का मौका मिला। इसके बाद इस फिल्म के सीक्वल 'एलिजाबेथ द गोल्डन एज' का भी निर्देशन शेखर कपूर ने किया। शेखर ने हॉलीवुड फिल्म शेखर ने 'द फोर फेदर्स', 'न्यूयार्क आई लव यू' और 'पैसेज' जैसी फिल्मों का भी निर्देशन किया। शेखर कपूर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











