मलाइका अरोड़ा की तरह बॉलीवुड के इन स्टार्स को अपने भाई-बहनों से हैं शिकायतें

ओटीटी प्लेटफार्म पर शो 'मुविंग इन विद मलाइका' का फिनाले एपिसोड स्ट्रीम कर चुका है। इस शो के दौरान मलाइका अरोड़ा से जुड़ी कई जानी-अनजानी बातें सामने आयी हैं। इसके साथ एक बात जो पिछले कई सालों से मलाइका के दिल में दबी पड़ी थी, वह भी सामने आयी है। मलाइका के दिल के एक कोने में अपनी बहन अमृता अरोड़ा के लिए नाराजगी पल रही है क्योंकि वह मलाइका के साथ उस समय खड़ी नहीं हुई थी, जब मलाइका को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। सिर्फ मलाइका ही नहीं और भी कई सेलिब्रिटी भाई-बहनों की जोड़ियां हैं, जिन्हें एक-दूसरे से ढेर सारी शिकायतें हैं।
आइए आपको ऐसी कुछ जोड़ियों के बारे में बताते हैं, जिन्हें आपस में हैं शिकायतें :

मलाइका-अमृता अरोड़ा :
जिन भाई-बहनों या बहनों की जोड़ियों को एक-दूसरे से शिकायतें हैं, उनमें सबसे नया नाम मलाइका और अमृता अरोड़ा का सामने आया है। मलाइका के शो 'मुविंग इन विद मलाइका' में मलाइका अरोड़ा ने काफी भावुक होते हुए बताया कि जब वह अपने जीवन के सबसे मुश्किल भरे दौर से गुजर रही थी, उस समय उनकी बहन अमृता उनके साथ खड़ी नहीं थी। मलाइका का जब घर टूट रहा था, अरबाज खान से उनके तलाक का प्रोसेस चल रहा था, उस समय वह काफी लो फील करती थी। लेकिन उस समय अमृता अपने दोस्तों के साथ गोवा में पार्टी करने चली गयी थी। मलाइका को यह बात बहुत बुरी लगी थी।

अर्जुन-जह्नावी कपूर :
बोनी कपूर के दोनों बच्चे अर्जुन कपूर और जह्नावी कपूर आज भले ही एक-दूसरे पर जान छिड़कते हो लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब दोनों की आपस में नहीं बनती थी। कहा जाता है कि जह्नावी कपूर अपने बड़े भाई अर्जुन कपूर को बिल्कुल पसंद नहीं करती थी और इसकी वजह श्रीदेवी को माना जाता था। लेकिन श्रीदेवी की अचानक मौत के बाद से दोनों भाई-बहनों के बीच का रिश्ता बदलने लगा और आज जह्नावी, खुशी, अर्जुन और अंशुला कपूर एक-दूसरे से बेहद खास बॉन्ड शेयर करते हैं।

पूजा और राहुल भट्ट :
महेश भट्ट की दो पत्नियों के बच्चे पूजा भट्ट और राहुल भट्ट रिश्ते में तो एक-दूसरे के भाई-बहन लगते हैं, लेकिन एक जमाने में दोनों की आपस में बिल्कुल नहीं बनती थी। दोनों के बीच रिश्ते काफी खराब थे। कहा जाता है कि पूजा भट्ट, आलिया और राहुल भट्ट को पसंद नहीं करती थी।

अमिषा और अश्मित पटेल :
कहने के लिए तो अमिषा और अश्मित पटेल एक-दूसरे के सगे भाई-बहन हैं, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी आपस में बिल्कुल नहीं बनती है। कहा जाता है कि अमिषा पटेल के अपने परिवार के साथ रिश्ते ठीक नहीं थे, इसलिए उनकी अपने भाई के साथ भी नहीं बनती थी।

सनी और ईशा द्योल :
ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी के प्यार में पागल धर्मेंद्र ने पहली पत्नी को तलाक दिये बिना ही दूसरी शादी कर ली थी। इसके लिए उन्होंने अपना धर्म भी बदल लिया था। धर्मेंद्र की दूसरी शादी से ना तो उनकी पहली पत्नी खुश थी और ना ही उनके बच्चे। सनी और बॉबी द्योल धर्मेंद्र की पहली पत्नी के बच्चे हैं और ईशा व आहना द्योल उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी के बच्चे हैं। इसी वजह से सनी और ईशा द्योल के बीच कभी नहीं बनती थी और दोनों भाई-बहन एक-दूसरे से दूरी बनाकर रखते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











