Birthday : किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है लेडी सुपरस्टार नयनतारा और शिवन विग्नेश की लव स्टोरी

साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में लेडी सुपरस्टार के नाम से फेमस नयनतारा के लिए साल 2022 काफी खास रहा है। इस साल उन्होंने अपने मंगेतर शिवन विग्नेश संग शादी करने के साथ ही सरोगेसी से अपने जुड़वां बच्चों का भी स्वागत किया। नयनतारा जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म 'जवान' में नजर आने वाली हैं। नयनतारा 18 नवंबर को अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। नयनतारा ने अपने कॅरियर के शुरुआती दौर में मॉडलिंग और एंकरिंग का काम भी किया था।
आइए आपको बताते हैं बर्थडे गर्ल नयनतारा से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें

चेन्नई के आर्य समाज मंदिर में अपनाया हिंदू धर्म :
नयनतारा के पिता भारतीय वायुसेना में थे। इस वजह से नयनतारा की पढ़ाई कई शहरों जैसे बैंगलोर, दिल्ली से हुई। नयनतारा का नाम डायना मरियम कुरियन था। वह ईसाई परिवार से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन उन्होंने चेन्नई के आर्य समाज मंदिर में जाकर हिंदू धर्म अपना लिया। इसके लिए उन्हें सर्टिफिकेट भी दिया गया। इसके बाद ही उन्हें 'नयनतारा' नाम मिला। नयनतारा कॉलेज के दिनों में मॉडलिंग किया करती थी। कहा जा सकता है कि यहीं से उनके कॅरियर की शुरुआत हुई।

विग्नेश संग अपनी लव लाइफ को नहीं छुपाया :
नयनतारा ने लगभग 6 सालों तक डायरेक्टर शिवन विग्नेश को डेट करने के बाद शादी का फैसला लिया। दोनों की पहली मुलाकात फिल्म 'नानुम राउडी' के सेट पर 2015 को हुई थी। इस फिल्म को शिवन विग्नेश डायरेक्ट कर रहे थे और फिल्म में नयनतारा लीड रोल निभा रही थी। फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे। इसके बाद सिंगापुर में एक अवॉर्ड शो के दौरान 2016 को नयनतारा और शिवन विग्नेश को पहली बार पब्लिक में एक साथ देखा गया। अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर आमतौर पर चुप रहने वाली नयनतारा ने शिवन विग्नेश के साथ अपने रिश्ते की बात को शुरू से ही स्वीकार किया है।

पिछले साल की थी सगाई :
करीब 6 सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद नयनतारा और शिवन विग्नेश ने पिछले साल, 25 मार्च 2021 को सगाई कर ली। अपनी सगाई की खबर को नयनतारा ने खुद ही इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक फोटो शेयर करते हुए बताया था। इस फोटो में नयनतारा अपनी रिंग को फ्लॉन्ट कर रही थी। इस साल यानी 9 जून को नयनतारा और शिवन विग्नेश ने शादी कर ली। उनकी शादी में बधाई देने के लिए शाहरुख खान समेत तमाम सितारे पहुंचे थे।

सरोगेसी को लेकर मुश्किल में फंसे थे :
शिवन विग्नेश और नयनतारा ने शादी के 4 महीने बाद ही अपने जुड़वा बच्चों का स्वागत किया था। उन्होंने सरोगेसी के माध्यम से अपने जुड़वा बच्चों का स्वागत किया था। इस बात की जानकारी दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुद ही दी थी। लेकिन इस खबर के सामने आने के बाद ही दोनों मुश्किलों में फंस गये थे। दोनों पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने सरोगेसी के नियमों का पालन नहीं किया है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जांच की और दोनों ने सरोगेसी और अपनी शादी से जुड़े सभी दस्तावेज पेश किये। इससे यह साबित हो गया कि नयनतारा ने सरोगेसी से संबंधित सभी नियमों का पालन किया है।


Click it and Unblock the Notifications











