'शमशेरा' में रणबीर कपूर और संजय दत्त के बीच दिखेगा कड़ा मुकाबला- यहां जानें फिल्म की कहानी और किरदार
यशराज बैनर की फिल्म 'शमशेरा' अपने पहले पोस्टर के साथ ही काफी सुर्खियां बटोर रही है। रणबीर कपूर के लुक ने फैंस को काफी उत्साहित कर दिया है क्योंकि अभिनेता पहली बार एक योद्धा के अंदाज में नजर आ रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर 24 जून को रिलीज किया जाएगा, जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार है। खास बात ये भी है कि अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'संजू' के बाद, रणबीर चार सालों के बाद बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं।
करण मल्होत्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म रणबीर कपूर, संजय दत्त और वाणी कपूर मुख्य किरदार निभा रहे हैं। 1800 के दशक में मध्य भारत की कहानी दिखाने वाली यह मनोरंजक फ़िल्म दर्शकों के दिलों में उत्साह और जोश जगाने वाली है। फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज़ की जाएगी।

ऐसी होगी कहानी
हाल ही में फिल्म की कहानी से जुड़ी डिटेल्स भी सामने आ गई है, जो कि काफी दिलचस्प है। शमशेरा की कहानी काज़ा नाम के एक काल्पनिक शहर पर आधारित है, जिसमें एक लड़ाका कबीले को एक निर्दयी सेनापति शुद्ध सिंह द्वारा बंदी और गुलाम बनाया जाता है और उन लोगों को बुरी तरह सताया जाता है। यह कहानी एक ऐसे इंसान की है जो पहले गुलाम बना, फिर गुलामों का सरदार बन गया और अंत में अपने कबीले की हिफाज़त करने वाला सबसे बड़ा योद्धा बन गया। वह अपने कबीले की आजादी और सम्मान के लिए जी-जान से संघर्ष करता है। उसका नाम शमशेरा है।

रणबीर और संजय दत्त का रोल
दर्शकों ने रणबीर को इस तरह के किरदार में पहले कभी नहीं देखा होगा, जो फ़िल्म में शमशेरा की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं,संजय दत्त ने मुख्य विलेन की भूमिका निभाई है। मेकर्स की मानें तो रणबीर के साथ उनका मुक़ाबला देखने लायक होगा क्योंकि वे दोनों बेरहमी से एक-दूसरे को खत्म करने की कोशिश करते हैं।

वाणी कपूर का किरदार
वाणी फिल्म में एक नाचने वाली बनी हैं, जिसका नाता शमशेरा से होगा। दोनों के बीच काफी इंटेंस प्रेम कहानी गढ़ी गई है। वाणी इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने इस फिल्म के लिए डांस की अलग से ट्रेनिंग भी ली है।

गुड बॉय वाली इमेज बदल रहे हैं
इस फिल्म के बारे में बात करते हुए रणबीर कपूर कहते हैं, "मेरे लिए यह बेहतरीन प्रोजेक्ट में से एक होगी। यह किरदार बहुत चैलेंजिंग है। मैंने अब तक जो गुड बॉय वाली फिल्में की है, अब मैं उसे बदल रहा हूं। यह एक दबंग हीरो वाले किरदार की फिल्म है। एक एक्शन फिल्म है।"

करम से डकैत, धरम से आज़ाद
फिल्म की टैगलाइन है- करम से डकैत, धरम से आज़ाद.. फिल्म में कई लंबे एक्शन सीक्वेंस डाले गए हैं। रणबीर कपूर ने फिल्म पर बात करते हुए कहा कि, बचपन से ही मेरे दिमाग में बॉलीवुड हीरो की एक छवि थी, शमशेरा ने मुझे हर वो चीज करने का मौका दिया है, जो मैं बतौर हीरो करना चाहता था।


Click it and Unblock the Notifications











