लस्ट स्टोरीज़ कास्टिंग: एडल्ट सीन देख कृति सैनन की मां ने किया था ना, कियारा ने झट से इसलिए कर दी थी हां
करण जौहर के शो कॉफी विद करण पर कियारा आडवाणी और शाहिद कपूर ने कुछ मज़ेदार खुलासे किए। लेकिन करण जौहर ने इस एपिसोड में एक ऐसा खुलासा किया जो किसी को शायद ही पता था। ये खुलासा था करण जौहर की एडल्ट फिल्म लस्ट स्टोरीज़ को लेकर।
नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ इस एंथोलॉजी में एक कहानी करण जौहर की थी जिसके लीड किरदार थे कियारा आडवाणी और विकी कौशल। इसी फिल्म ने कियारा को अभिनेत्री के तौर पर अच्छी पहचान दिलाई थी। लेकिन करण जौहर ने बताया कि कियारा इस फिल्म के लिए पहली पसंद थी ही नहीं।

दरअसल, करण जौहर ने ये फिल्म कृति सैनन को ऑफर की थी। लेकिन कृति ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें ये फिल्म करने से मना कर दिया है। इस फिल्म में एक सीन था जहां इसकी मुख्य फीमेल किरदार, पूरे परिवार के सामने, एक वाईब्रेटर के सहारे आत्म सुख लेने लगती है। कियारा ने ये सीन बखूबी निभाया था। इसी सीन से कृति सैनन की मां को दिक्कत थी।

शाहिद ने की तारीफ
शाहिद कपूर ने इस दौरान बताया कि उन्होंने जब ये फिल्म देखी थी और उसके बाद कियारा से पहली बार मिले तो उन्होंने कियारा से इसके बारे में बात की और उनकी खूब तारीफ की थी। एक एक्टर के तौर पर ये बेहद परिपक्व और मंझा हुआ सीन था। जबकि कियारा उस वक्त केवल एक फिल्म पुरानी थी और किसी नए कलाकार से ये सीन इतनी बेहतर तरीके से करने की उम्मीद किसी को नहीं थी। यही कारण था कि कियारा के कबीर सिंह को स्टार शाहिद ने भी इसके लिए उन्हें बधाई दी थी।

महिलाओं को सशक्त करता सीन
करण जौहर बताते हैं कि उन्हें नहीं लगा था कि ये फिल्म कोई भी रिजेक्ट करेगा क्योंकि उन्हें ये महिलाओं के लिहाज़ से ये बेहद ज़रूरी फिल्म लगी थी। करण जौहर का मानना था कि खुद को शारीरिक तौर पर सुखी करने का हक़ महिलाओं को भी है और इसलिए ये फिल्म उन्हें ज़रूरी लगी थी। यही कारण था कि उन्होंने बेहिचक इस फिल्म के लिए कृति को अप्रोच किया था।

कृति के बाद आलिया आडवाणी
करण जौहर ने बताया कि कृति ने जब ये फिल्म करने से मना कर दिया तो उन्हें समझ नहीं आया कि किसके पास जाएं। फिर उनके फोन में आलिया आडवाणी का नंबर था और उन्होंने आलिया आडवाणी को फोन किया। आलिया ने झट से इस फिल्म के लिए हां कर दिया। करण जौहर का कहना है कि शायद उनकी ज़िंदगी में आलिया नाम ही लकी है। हालांकि, फिल्मों में आने के बाद आलिया आडवाणी ने अपना नाम बदलकर कियारा आडवाणी कर लिया था। लेकिन करण जौहर के फोन में ये नाम आलिया आडवाणी नाम से ही सेव था।

परेशान थे करण जौहर
करण जौहर ने बताया कि कियारा से मिलने से पहले वो परेशान थे। उन्हें लगा कि अगर कृति की मां को इस फिल्म से दिक्कत है तो सभी हीरोइनों की मां को इस सीन से दिक्कत होगी। कोई भी अपनी बेटी को ये फिल्म नहीं करने देगा। वो कियारा से मनीष मल्होत्रा की एक पार्टी में मिले थे और उन्हें कियारा का चेहरा याद था। उन्होंने कियारा को फोन किया और उन्हें फिल्म की कहानी और ये सीन बताया। कियारा इसे सुनने के बाद थोड़ी देर के लिए शांत थी।

केवल करण जौहर के लिए की फिल्म
इसके बाद कियारा ने करण जौहर से पूछा कि क्या वो खुद ये फिल्म डायरेक्ट करेंगे। जब करण ने कियारा को भरोसा दिलाया कि वही ये फिल्म डायरेक्ट करेंगे तो कियारा ने हां करने में देर नहीं लगाई।कियारा आडवाणी का कहना था कि उन्होंने ये फिल्म केवल करण जौहर के साथ काम करने के लिए की थी। बस तब से कियारा धर्मा प्रोडक्शन्स की फेवरिट हो गईं। लस्ट स्टोरीज़ के बाद कियारा आडवाणी ने धर्मा प्रोडक्शन्स की महत्त्वाकांक्षी फिल्म कलंक में एक बड़ा कैमियो किया। और फिर उन्होंने राज मेहता के डायरेक्शन में बनी धर्मा फिल्म गुड न्यूज़ में अक्षय कुमार, दिलजीत दोसान्ज्ह और करीना कपूर खान के साथ मुख्य भूमिका निभाई।

धर्मा के साथ 7 फिल्में
धर्मा प्रोडक्शन्स ने जब ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए अपना अलग प्रोडक्शन हाउस धर्माटिक लॉन्च किया तो इसका पहला प्रोजेक्ट था गिल्टी जिसकी हीरोइन थीं कियारा आडवाणी। लेकिन कियारा की किस्मत बदली धर्मा प्रोडक्शन्स की बायोपिक शेरशाह के साथ। इस फिल्म ने निजी और प्रोफेशनल दोनों ही तरीकों से उनकी ज़िंदगी बदल दी। शेरशाह के बाद कियारा धर्मा फिल्म जुग जुग जीयो में दिखाई दी हैं और उनकी अगली धर्मा फिल्म है गोविंदा नाम मेरा।

अब कब करोगे कास्ट
कॉफी विद करण पर बातचीत के दौरान, कियारा आडवाणी ने बताया कि सब उन्हें मैगज़ीन और अखबारों में उन्हें धर्मा की फेवरिट लड़की बुलाते हैं। लेकिन गोविंदा नाम मेरा के बाद करण जौहर ने उन्हें अब तक किसी धर्मा फिल्म में साईन नहीं किया है। कियारा का कहना था कि ये तब है जब करण जौहर एक फिल्म डायरेक्ट कर चुके हैं और दूसरी अनाउंस। कियारा ने मज़ाक में कहा कि वो खुद को इस फिल्म के लिए पिच कर रही हैं और करण ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वो ये याद रखेंगे।


Click it and Unblock the Notifications











