शादी के बाद छुट्टी नहीं लेने का कैटरीना कैफ कर रही अफसोस, शादी के तुरंत बाद इन्होंने भी शुरू किया था काम
पिछले साल दिसंबर में शादी के बंधन में विक्की कौशल और कैटरीना कैफ बंध चुके हैं। शादी के तुरंत बाद दोनों अपनी-अपनी फिल्मों में व्यस्त हो गये थे। इस बारे में बात करते हुए हाल ही में कैटरीना कैफ ने अफसोस जताते हुए कहा कि काश शादी के बाद कुछ महीनों की छुट्टी ले पाती। सिर्फ कटरीना ही नहीं बॉलीवुड की कई एक्ट्रेसेस ने शादी के तुरंत बाद छुट्टियां ना लेकर तुरंत शूटिंग फ्लोर पर वापस लौटने का फैसला लिया। अब वह जमाना जा चुका है जब शादी का मतलब हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेसेस का कॅरियर खत्म माना जाने लगा था। यह ऐसा दौर था जब कई एक्ट्रेसेस अपने कॅरियर को बचाने के लिए सालों तक अपनी शादी की बात तक छूपा कर रखती थी। लेकिन समय के साथ धीरे-धीरे लोगों की सोच बदली और अब एक्ट्रेसेस शादी के बाद भी फिल्मों में पूरी तरह से सक्रिय रहती हैं।
बॉलीवुड की वो एक्ट्रेसेस जिन्होंने शादी के तुरंत बाद शूटिंग फ्लोर पर वापस लौटने का लिया फैसला

कटरीना कैफ :
शादी के तुरंत बाद शूटिंग फ्लोर पर लौटने का फैसला लेने वाली एक्ट्रेसेस में कैटरीना कैफ का नाम सबसे ऊपर है। पिछले साल दिसंबर में शादी के बाद ही विक्की-कैट ने अपने-अपने काम पर लौटने का फैसला लिया। कटरीना उस समय श्रीराम राघवन की फिल्म 'मेरी क्रिसमस' की शूटिंग में व्यस्त थी। वहीं दूसरी तरफ विक्की कौशल अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए इंदौर चले गये थे। हालांकि बाद में कटरीना ने कहा कि मेरा दिमाग उस समय भी हनीमून पीरियड में ही था। कटरीना उस समय को अपने लिए काफी स्पेशल मानती हैं। शादी के तुरंत बाद काम पर लौटना काफी मुश्किल भरा था।

दीपिका पादुकोण :
रणवीर-दीपिका ने एक साथ 3 सुपरहिट फिल्मों 'गोलियों की रासलीला - रामलीला', 'बाजीराव मस्तानी' और 'पद्मावत' में काम किया था। शादी के बाद रणवीर-दीपिका ने काम से ब्रेक नहीं लिया। शादी के तुरंत बाद दीपिका एक मैगजीन के लिए फोटो शूट के काम में व्यस्त हो गयी थी। इसके बाद दीपिका ने अपनी फिल्म 'छपाक' की शूटिंग शुरू कर दी थी। वहीं रणवीर सिंह अपनी फिल्म 'सिम्बा' की शूटिंग में व्यस्त थे।

आलिया भट्ट :
जल्द ही मम्मी बनने जा रही आलिया भट्ट ने इसी साल अप्रैल में रणबीर कपूर संग घर में ही परिवार वालों की मौजूदगी में सात फेरे लिये। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आये और फिल्म के रिलीज होने से पहले ही दोनों ने शादी करने का फैसला ले लिया था। 'ब्रह्मास्त्र' की डबिंग से जुड़ा कुछ काम बाकी रहने के कारण रणबीर-आलिया शादी के एक दिन बाद ही स्टूडियो के बाहर स्पॉट किये गये थे। आलिया डबिंग का काम पूरा करके फिल्म के जबरदस्त प्रमोशन में व्यस्त हो गयी थी।

प्रियंका चोपड़ा जोनस:
प्रियंका चोपड़ा ने जब अमेरिकी गायक निक जोनस संग जोधपुर में धूमधाम से शादी की तो कई लोग यह कयास लगाने लगे थे कि क्या अब वह अपने काम से किनारा कर लेंगी। लेकिन प्रियंका ने सबको गलत साबित करते हुए अपना काम जारी रखा। हालांकि ऐसे कई मौके भी आए जब प्रियंका पति निक और उनके परिवार के सदस्यों के साथ क्वालिटी टाइम बिताती नजर आयी। प्रियंका ने शादी के तुरंत बाद फरहान अख्तर की फिल्म 'स्काई इज पिंक' की शूटिंग शुरू कर दी थी।

करीना कपूर खान :
नवाब पटौदी के खानदान की बहू बनने के बाद भी करीना कपूर ने काम को अलविदा नहीं कहा, बल्कि शादी के तुरंत बाद वह सलमान खान की फिल्म 'दबंग 2' के आईटम सॉन्ग 'मेरे फोटो सीने से यार...' की शूटिंग में व्यस्त हो गयी थी। करीना ने सैफ अली खान से उस समय शादी की थी, जब उनके कॅरियर के खत्म होने तक की चेतावनी उन्हें मिल रही थी। लेकिन सबकी बातों को दरकिनार करते हुए करीना ने ना सिर्फ सैफ का हाथ थामा बल्कि अपने कॅरियर को एक खास ऊंचाई पर ले गयी।


Click it and Unblock the Notifications