Box Office records : कहानी से लेकर गंगूबाई काठियावाड़ी तक, महिला प्रधान इन फिल्मों ने तोड़े कमाई के रिकॉर्ड्स

फिल्मों में महिलाओं के किरदार हमेशा से ही लोगों को आकर्षित करते रहे हैं। कभी -कभी फिल्मों में महिलाओं के किरदार ही किसी कहानी की जान बन जाती है। हालांकि फिल्म इंडस्ट्री में महिला प्रधान फिल्में काफी कम ही रिलीज होती है। लेकिन जितनी भी रिलीज होती हैं, उनमें से कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिन्हें ना सिर्फ समीक्षक बल्कि दर्शक भी दिल से सराहते हैं। इस वजह से बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्में काफी अच्छा प्रदर्शन करती हैं और कमर्शियल रूप से सफल मानी जाती हैं। इस लिस्ट में विद्या बालन की फिल्म 'कहानी' से लेकर सोनम कपूर की फिल्म 'नीरजा' तक शामिल हैं।
चलिए आपको कमर्शियली सफल कुछ महिला प्रधान फिल्मों के बारे में बताते हैं :

कहानी :
विद्या बालन की लीड रोल वाली फिल्म 'कहानी' बॉलीवुड की उन चुनिंदा महिला प्रधान फिल्मों में हैं जिसने समीक्षकों का दिल जीतने के साथ-साथ बॉक्स ऑफिस पर भी रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है। इस फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया था और इसे आज भी विद्या की बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म में विद्या बालन ने एक प्रेग्नेंट महिला का किरदार निभाया था जो अपने पति के कातिलों की तलाश में कोलकाता आती है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 57 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

राजी :
साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'राजी' में आलिया भट्ट ने मुख्य किरदार निभाया था। इस फिल्म में आलिया ने एक भारतीय जासूस सहमत का किरदार निभाया था जो एक पाकिस्तानी आर्मी ऑफिसर से शादी करके अंडर कवर एजेंट के तौर पर भारत के लिए काम करती है। फिल्म में आलिया का किरदार किसी नाजुक सी छुईमुई लड़की का नहीं बल्कि एक बहादुर लड़की का था। मेघना गुलजार की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 122 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म में पाकिस्तानी आर्मी ऑफिसर का किरदार विकी कौशल ने निभाया था।

नीरजा :
वास्तविक कहानी पर बनी फिल्म 'नीरजा' ने बॉक्स ऑफिस पर 135 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म की कहानी एयरहोस्टेस नीरजा भनोट के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस किरदार को सोनम कपूर ने बखूबी निभाया था। नीरजा भनोट ने एक हाईजैक हुए विमान में 3 बच्चों की जान बचाते हुए अपनी जान गंवा दी थी। फिल्म में सोनम कपूर का परफॉर्मेंस उनका ऑल टाइम बेस्ट परफॉर्मेंस करार दिया जाता है।

क्वीन :
कंगना रनौत की लीड रोल वाली फिल्म 'क्वीन' हर सीनेमा प्रेमी की ऑल टाइम फेवरेट फिल्म है। इस फिल्म की कहानी महिलाओं की आत्मनिर्भरता, दोस्ती और उनके रिलेशनशिप के इर्द-गिर्द घूमती है। साल 2013 में रिलीज हुई इस फिल्म में कंगना ने रानी का किरदार का निभाया था जो अपने हनीमून पर अकेली जाती है। क्योंकि उसके मंगेतर ने शादी तोड़ दी थी। रानी यूरोप में अकेली घूमती है और वहां वह नये दोस्त बनाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म ने 97 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

गंगूबाई काठियावाड़ी :
महिला प्रधान फिल्मों की लिस्ट में 'गंगूबाई काठियावाड़ी' का नाम सबसे खास है। फिल्म में आलिया भट्ट ने गंगूबाई का किरदार निभाया था जो काठियावाड़ में सेक्स वर्कर है। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में गंगूबाई का एक सेक्स वर्कर से समाज सेविका बनने तक का सफर दिखाया गया है। यह फिल्म कई दिनों तक हाउसफुल रही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'गंगूबाई काठियावाड़ी' ने बॉक्स ऑफिस पर 210 करोड़ की कमाई की थी।


Click it and Unblock the Notifications