जब शाहरुख खान की शक्ल देखकर जूही चावला रह गईं हैरान, बोलीं- 'ये तो मेरे साथ धोखा हो गया'
Juhi Chawla first meeting Shah Rukh Khan: जूही चावला और शाहरुख खान बेहद करीबी दोस्त हैं और दोनों ने साथ में 'डर', 'राजू बन गया जंटलमैन', 'यस बॉस' के साथ कई यादगार फिल्में की हैं। दोनों की जोड़ी पर्दे पर तो अच्छी लगती ही है, साथ ही उनकी शाहरुख और जूही की ऑफ स्क्रीन केमिस्ट्री भी काबिलेतारीफ है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जब वो शाहरुख से पहली बार मिलीं थीं तो उन्हें धोखे जैसा महसूस हुआ था।

एक इंटरव्यू में जूही चावला ने सुपरस्टार से अपनी पहली मुलाकात को याद किया और बताया कि उस समय उन्हें ऐसा लगा था कि जैसे उनके साथ धोखा हो गया है। जूही ने यह भी बताया कि आज शाहरुख जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने कितनी मेहनत की है।
शाहरुख को देखकर लगा झटका
जूही चावला ने कहा कि उन्होंने उस समय शाहरुख का कोई भी काम नहीं देखा था और न ही उन्हें पता था कि वह दिखते कैसे हैं। उन्होंने कहा, "हमने एक फिल्म की थी जब मैं खुद भी इंडस्ट्री में नई थी, उसका नाम था 'राजू बन गया जेंटलमैन'। प्रोड्यूसर विवेक वासवानी ने मेरे सामने शाहरुख की बहुत तारीफ की और कहा कि वो हीरो फेमस टीवी शो 'फौजी' में काम कर चुका है, बहुत फेमस है और आमिर खान जैसा दिखता है। मेरे दिमाग में एक चॉकलेटी बॉय, हैंडसम हीरो की तस्वीर बन गई, बिल्कुल आमिर की तरह। तो मैंने कहा, 'हां, मैं फिल्म करूंगी!'"
जूही ने आगे बताया, "जब मैं सेट पर पहुंची, तब मैंने उन्हें पहली बार देखा। शाहरुख पतला सा, दुबला सा, सांवले रंग का, सफेद शर्ट में। मोटी नाक, मोटे होंठ। मैंने कहा, 'ये क्या है?' ये तो मेरे साथ धोखा हो गया।"
शाहरुख के स्ट्रगल का भी किया जिक्र
इसी इंटरव्यू में जूही ने यह भी बताया कि एक समय ऐसा आया था जब शाहरुख अपनी कार की EMI नहीं भर पाए थे, जिसके कारण उनकी कार जब्त कर ली गई थी। उन्होंने कहा, "उसके पास सिर्फ एक ही कार थी, काली रंग की जिप्सी। वह दो-तीन शिफ्ट में काम करता था। हमारे साथ 'राजू बन गया जेंटलमैन' कर रहा था, 'दिल आशना है' कर रहा था और दिव्या के साथ भी एक और फिल्म कर रहा था। वह दिन-रात काम करता था और बेहद मेहनती था। किसी वजह से वह अपनी कार की EMI नहीं भर पाया और उसकी कार ले ली गई। उस समय उसके पास कुछ भी नहीं था।'
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान आख़िरी बार राजकुमार हिरानी की फिल्म 'डंकी' में नजर आए थे। अब वह जल्द ही फिल्म 'किंग' में दिखाई देंगे। इस फिल्म को सिद्धार्थ आनंद और गौरी खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रही है और इसका डायरेक्शन सुजॉय घोष करेंगे। इस फिल्म में शाहरुख की बेटी सुहाना खान भी नजर आने वाली है।


Click it and Unblock the Notifications











