Javed Akhtar : ‘शोले’ की टंकी वाले सीन का डायलॉग लिखना ही भूल गये थे जावेद अख्तर

रमेश सिप्पी निर्देशित फिल्म 'शोले' को बॉलीवुड का कल्ट क्लासिक फिल्म कहा जाता है। फिल्म में धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी सुपरहिट हुई थी। इस फिल्म में धर्मेंद्र और हेमा मालिनी पर फिल्माया गया टंकी वाला सीन तो हर किसी को याद होगा। जिसमें धर्मेंद्र पानी की टंकी पर चढ़कर चिल्ला रहे होते हैं, 'कूद जाऊंगा, फांद जाऊंगा, मर जाउंगा।' और टंकी के नीचे सामने लोगों की भीड़ इकट्ठा हो जाती है जिसमें मौसी और बसंती भी होती है। यह कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म से भी ज्यादा धर्मेंद्र का यह सीन लोकप्रिय हुआ था। लेकिन क्या आपको पता है कि जावेद अख्तर, जो इस फिल्म के स्क्रिप्ट राइटर थे, इस आईकॉनिक सीन के लिए डायलॉग लिखना ही भूल गये थे। चलिए हम आपको इस सीन से जुड़ा किस्सा सुनाते हैं :
इस वजह से रखा गया था यह सीन :
इस सीन के बारे में बात करते हुए जावेद अख्तर ने बताया, "धर्मेंद्र के लिए एक हाइलाइट सीन की जरूरत थी, क्योंकि उनका कैरेक्टर बिल्कुल सादा लग रहा था। फिल्म का यह सीन तो लिखा गया, लेकिन उस समय डायलॉग नहीं लिखा गया। हर दिन मैं सोचता था, आज मैं डायलॉग लिखूंगा। लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ क्योंकि हम हर दिन फिल्म बनाते समय काम करने, हंसने और खाने में ही व्यस्त रहते थे।" जावेद अख्तर ने आगे बताया, "मुझे उस दिन किसी काम से शहर से बाहर जाना था। मैं एयरपोर्ट जाते समय कार में कागज और कलम ली और रास्ते में लिखता जा रहा था।"
कार की बोनट पर पूरा किया डायलॉग :
जावेद अख्तर ने आगे बताया, "एयरपोर्ट पहुंचने के बाद भी जब सीन पूरा नहीं हुआ तो मैंने कार से उतर कर बोनट पर कागज रखा और लिखना शुरू कर दिया। इसी दौरान पीछे से आवाज आई, 'आप चलिये, बोर्डिंग पास दिखाइए, नहीं तो आपकी फ्लाइट मिस हो जाएगी।" अख्तर ने कहा, "लेकिन मैं कहां रुकने वाला था। मैं लगातार लिखता रहा। इस बीच मैंने कई बार मेरी फ्लाइट मिस होने का अनाउंसमेंट सुना। लेकिन मुझे बस अपना काम करना था। मैंने बोनट पर कागज रखकर सीन लिखना पूरा किया और डायलॉग लिखकर अपने असिस्टेंट को दे दिया। मैं उसे दोबारा पढ़ भी नहीं सका था। मैंने बस अपना काम पूरा किया और अपने सहायक को दे दिया कि सेट पर दे दो।"


Click it and Unblock the Notifications

