इन फिल्मों में अमिताभ बच्चन ने निभाये सुपरहीरो का किरदार, विलेन के साथ जमकर हुई ढिशुम-ढिशुम
अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। जीवन के 80 बसंत देख चुके अमिताभ का एनर्जी लेवल आज भी किसी भी युवा एक्टर को मात दे सकता है। फिल्मों में निभाए अपने किरदारों की वजह से अमिताभ बच्चन को कभी बॉलीवुड का शहंशाह तो कभी एंग्री यंग मैन का खिताब मिला। इनसे अलग सदी के इस महानायक ने कुछ ऐसी फिल्मों में भी काम किया जिसमें उन्होंने सुपरहीरो का किरदार निभाया था। इस साल रिलीज हुई आलिया भट्ट और रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में भी अमिताभ का किरदार कुछ ऐसा ही थी। फिल्म में उन्होंने ब्रह्मांश के एक सदस्य की भूमिका निभाई थी जो ब्रह्मास्त्र के रक्षकों को ट्रेनिंग देते हैं। अमिताभ बच्चन ने कॉमिक्स सीरीज 'किस्से अमिताभ के' से भी अपने फैंस का मनोरंजन किया था।
आइए कुछ ऐसे रोल के बारे में जानते हैं जिनमें सुपरहीरो बने बिग बी

ब्रह्मास्त्र :
अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा' एक फिक्शनल स्टोरी पर बनी फिल्म थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन ने ब्रह्मांश के एक सदस्य गुरु की भूमिका निभाई थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन के पास एक दिव्य अस्त्र प्रभास्त्र था, जो दिखने में तो एक छोटी सी चाकू की तरह थी लेकिन जरूरत के समय यह तलवार की तरह काम करती थी। इसके बस एक ही वार से भारी से भारी चीजों को काट सकती है। फिल्म में उनका किरदार शिवा के माता-पिता यानी अमृता और ब्रह्मदेव के दोस्त था। इसलिए संभावना जतायी जा रही है कि 'ब्रह्मास्त्र पार्ट 2 देव' में भी उनकी झलक दिख सकती है।

जादूगर :
किसी भी सुपरहीरो की सबसे बड़ी खासियत होती है कि वह दूसरों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार खड़ा होता है। फिल्म 'जादूगर' में भी अमिताभ बच्चन का किरदार कुछ ऐसा ही था। उनके पास जादुई शक्तियां तो नहीं थी लेकिन वह दूसरों की मदद करने की प्रबल इच्छाशक्ति की वजह से वह एक सुपर हीरो बन जाते हैं। इस फिल्म में अमिताभ का किरदार डायमंड कॉमिक्स के सुपरहीरो ध्रुव की याद दिलाता है।

अजूबा :
फिल्म 'अजूबा' में अमिताभ बच्चन का किरदार भी काफी हद तक उनकी फिल्म 'जादूगर' जैसा ही था जो दूसरों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार खड़ा होता है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन का लुक आज भी काफी लोकप्रिय है। फिल्म में उनके किरदार का नाम जफर अली रिजवान था जो अजूबा बनकर सबकी मदद करता है। 1991 के दौर में इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 3.8 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

शहंशाह :
बिग बी सभी फिल्मों में 'शहंशाह' ऐसी फिल्म है जिसने उन्हें बॉलीवुड में एक नया नाम दिया था, बॉलीवुड के शहंशाह। फिल्म में उनके लुक को लेकर आज भी चर्चाएं होती है। कहा जाता है कि उनका कॉस्ट्यूम उस समय अपने समय से काफी ज्यादा आधुनिक था। फिल्म का डायलॉग 'रिश्ते में तो हम तुम्हारे बाप लगते हैं, नाम है शहंशाह' आज भी बच्चे-बच्चे की जुबान पर चढ़ा होता है। फिल्म में अमिताभ ने डबल पर्सनैलिटी वाले एक व्यक्ति का किरदार निभाया था। यह इंसान सबके सामने विजय कुमार श्रीवास्तव नाम के एक डरे-सहमे रहने वाले पुलिस इंस्पेक्टर बना रहता था लेकिन बाद में शहंशाह बनकर लोगों की मदद करता था।

किस्से अमिताभ के :
काफी कम लोगों को ही पता होगा कि अमिताभ बच्चन ने सुपरहीरो के कॉमिक कैरेक्टर में भी काफी ढिशुम-ढिशुम करके विलेन को मार भगाया है। यह कॉमिक्स 80 के दशक में प्रकाशित हुआ था। उन दिनों गोवा में अमिताभ बच्चन-रणधीर कपूर के साथ अपनी फिल्म 'पुकार' की शूटिंग कर रहे थे जहां दोनों के फैंस शूटिंग देखने के लिए जमा हो गये थे। रणधीर ने मजाक में ही अमिताभ बच्चन को 'सुप्रीमो' नाम दे दिया था। इस बात का पता जब मैगजीन एडिटर पम्मी बक्शी को चला तो उन्होंने अमिताभ बच्चन को एक सुपरहीरो की तरह कॉमिक्स सीरीज में दिखाने के बारे में सोचा। अमिताभ से यह बात बताने पर उन्हें भी यह पसंद आयी और इस तरह 'किस्से अमिताभ के' छपकर आया।


Click it and Unblock the Notifications