Amitabh Bachchan : फिल्मों के सेट पर हुए इन भयंकर हादसों में कहीं किसी की जान गयी तो कोई बाल-बाल बचा

हैदराबाद में फिल्म 'प्रोजेक्ट के' की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग करते समय अमिताभ बच्चन की पसलियों में चोट आयी है। इस वजह से उन्हें बोलने, हिलने-डुलने और सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। फिल्म की शूटिंग को फिलहाल रोक दिया गया है और अमिताभ बच्चन मुंबई में अपने घर जलसा में आराम कर रहे हैं। इस पूरी घटना की जानकारी अमिताभ बच्चन ने ही अपने ब्लॉग पोस्ट में दी है। फिल्मों के सेट पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। कभी ये हादसे छोटे-मोटे होते हैं, जिसमें किसी को भी खास नुकसान नहीं होता है। लेकिन कई बार ये हादसे इतने बड़े होते हैं कि किसी की जान पर बन आती है। जैसा एक बार अमिताभ बच्चन के साथ ही फिल्म 'कुली' के सेट पर हो चुका है। उस हादसे में अमिताभ बच्चन कोमा में भी जा चुके थे। जहां से बड़ी मुश्किल से डॉक्टरों ने उनकी जान बचायी थी।
आइए आपको फिल्मों के सेट पर हुए कुछ खतरनाक हादसों के बारे में बताते हैं :

मदर इंडिया :
फिल्म 'मदर इंडिया' के सेट पर नरगिस के साथ बड़ा हादसा हो गया था। इस हादसे में नरगिस आग से बुरी तरह से घिर गयी थी। लेकिन सुनिल दत्त ने अपनी जान पर खेलकर नरगिस की जान बचायी थी। इस घटना के बाद ही सुनिल दत्त ने नरगिस का दिल जीत लिया और दोनों ने शादी का फैसला कर लिया था।

मस्थीगुडी :
कन्नड़ फिल्म 'मस्थीगुड़ी' के सेट पर हेलीकॉप्टर से पानी में कूदने का एक सीन फिल्माते समय हादसा हो गया था। इस हादसे में साउथ सुपरस्टार विजय तो बाल-बाल बच गये लेकिन उदय और अनिल नाम के उनके दो को-एक्टर की पानी में डूबने से मौत हो गयी।

आदि पुरुष :
प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान स्टारर फिल्म 'आदिपुरुष' के सेट पर एक बड़ा हादसा हो गया था। इस फिल्म का सेट मुंबई के गोरेगांव में लगाया गया था जिसमें शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी थी। हालांकि इस हादसे में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।

दबंग 2 :
सलमान खान की फिल्म 'दबंग 2' की शूटिंग के दौरान अचानक महबूब स्टूडियो में आग लग गयी थी। यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से ही हुआ था। हादसे के समय वहां सलमान खान समेत तमाम स्टारकास्ट मौजूद थी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।

द सोर्ड ऑफ टीपू सुल्तान :
यह टेलीविजन का एक मेगा शो है। शो के सेट पर लगी आग में संजय खान और सीरियल के क्रु मेंबर बुरी तरह से झुलस गये थे। इस घटना में कुछ लोगों की मौत भी हो गयी थी जबकि संजय खान खुद 65 फीसदी जल गये थे। लंबे समय तक उनका इलाज करना पड़ा था, जिसके बाद वे ठीक हो सके थे।


Click it and Unblock the Notifications