हेराफेरी से लेकर सेल्फी : साउथ की इन दमदार फिल्मों के रीमेक में अक्षय कुमार ने किया है काम

अक्षय कुमार अपनी नयी फिल्म 'सेल्फी' को लेकर व्यस्त हैं। यह फिल्म रिलीज हो चुकी है और समीक्षकों की मानें तो उन्हें यह फिल्म काफी पसंद आ रही है। लंबे समय बाद अक्षय कुमार की कोई फिल्म दर्शकों और समीक्षकों को पसंद आ रही है। 'सेल्फी' दक्षिण भारतीय फिल्म 'ड्राइविंग लाइसेंस' का ऑफिशियल हिंदी रीमेक है। यह पहली बार नहीं है जब अक्षय कुमार ने किसी दक्षिण भारतीय फिल्म के हिंदी रीमेक में काम किया है। इससे पहले भी अक्षय कुमार ने कई हिंदी रीमेक फिल्मों में लीड रोल किया था, जो सुपरहिट साबित हुए हैं।
आइए आपको बताते हैं, साउथ की किन फिल्मों के हिंदी रीमेक में अक्षय कुमार ने किया काम :

हेराफेरी :
शायद ही ऐसा कोई होगा जिसने साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म 'हेराफेरी' नहीं देखी होगी या जिसे पसंद नहीं होगी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल और सुनील शेट्टी ने काम किया था। प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक मलयालम फिल्म 'रामजी राव स्पिकिंग' का हिंदी रीमेक थी, जो 1989 में रिलीज हुई थी। 'हेराफेरी' को दर्शकों ने इतना पसंद किया था कि इसका सीक्वल 'फिर हेराफेरी' भी बनायी गयी थी और यह हिट भी हुई थी। अब 'हेराफेरी 3' की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है।

भूल भुलैया :
अक्षय कुमार, शाइनी आहूजा, विद्या बालन और अमीषा पटेल स्टारर फिल्म 'भूल भुलैया' सुपरहिट साबित हुई थी। इस फिल्म को प्रियदर्शन ने ही निर्देशित किया था और यह मलयालम साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'मनीचित्राथ्जु' का हिंदी रीमेक थी जिसमें ममूटी ने लीड रोल किया था। इस फिल्म का 2005 में तमिल भाषा में भी 'चंद्रमुखी' के नाम से रीमेक बनाया गया था जिसमें रजनीकांत ने लीड रोल किया था।

राउडी राठौर :
अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा स्टारर फिल्म 'राउडी राठौड़' एक एक्शन पैक्ड फिल्म थी। साल 2012 में रिलीज हुई इस फिल्म में अक्षय कुमार ने डबल रोल किया था। प्रभुदेवा निर्देशित यह फिल्म तेलुगु फिल्म 'विक्रमारकुडु' का हिंदी रीमेक थी। इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।

लक्ष्मी :
अक्षय कुमार, कियारा आडवाणी और शरद केलकर स्टारर फिल्म 'लक्ष्मी' एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म में अक्षय कुमार बिल्कुल अलग अवतार में नजर आए थे। वह एक ऐसे व्यक्ति के किरदार में नजर आये थे, जिस पर एक ट्रांसजेंडर महिला के भूत का साया है। 'लक्ष्मी' साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म 'कंचना' का हिंदी रीमेक है। यह ओटीटी पर स्ट्रीम हुई थी।

कठपुतली :
फिल्म 'कटपुतली' तमिल साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'रतसासन' का हिंदी रीमेक थी, जो 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ रकुल प्रीत सिंह, सरगुन मेहता और चंद्रचूड़ सिंह प्रमुख किरदारों में नजर आए थे। यह फिल्म भी ओटीटी प्लेटफार्म पर ही स्ट्रीम हुई थी और साल 2022 में किसी ओटीटी प्लेटफार्म पर सबसे ज्यादा देखी गयी फिल्म थी।

सेल्फी :
अक्षय कुमार, इमरान हाशमी और डायना पेंटी स्टारर फिल्म 'सेल्फी' का निर्देशन राज मेहता ने किया है। यह मलयालम फिल्म 'ड्राइविंग लाइसेंस' का हिंदी रीमेक है। मलयालम फिल्म की तरह ही पहले दिन 'सेल्फी' को भी समीक्षकों ने पसंद किया है।


Click it and Unblock the Notifications