हेमा मालिनी और जीतेंद्र के शादी के मंडप पर पहुंचे धर्मेंद्र, फिल्मी हीरो की तरह तुड़वाई शादी
हेमा मालिनी, 16 अक्टूबर को अपना 73वां जन्मदिन मना रही हैं और इस मौके पर हम लेकर आए हैं उनकी ज़िंदगी की सबसे फिल्मी कहानी। यानि कि उनकी और जीतेंद्र की शादी जो मंडप पर टूट गईं क्योंकि धर्मेंद्र और शोभा कपूर वहां बिन बुलाए मेहमान बनकर पहुंचा और कुछ ही घंटों में सबकी ज़िंदगी पलट गई।
16 अक्टूबर 1948 में जन्मीं हेमा मालिनी ने 32 साल की उम्र में 1980 में धर्मेंद्र से शादी कर ली। उस समय धर्मेंद्र की प्रकाश कौर नाम की एक पत्नी और सनी देओल, बॉबी देओल, अजीता देओल और विजेता देओल नाम के चार बच्चे थे। हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की मुलाकात 1970 में तुम हसीन मैं जवान के सेट पर हुई थी। यहीं से उनकी ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री ऑफ स्क्रीन केमिस्ट्री में बदलने लगी।

एक इंटरव्यू में प्रकाश कौर ने हेमा मालिनी के बारे में बात करते हुए कहा था कि वो जो कर रही हैं मैं वो समझ सकती हूं। उन्हें भी अपने समाज और रिश्तेदारों का सामना करना पड़ता होगा। एक औरत के तौर पर मैं उनकी भावनाएं समझ सकती हूं। लेकिन एक मां और पत्नी के तौर पर मैं इसे मंज़ूरी नहीं दे सकती हूं।
हालांकि, हेमा मालिनी को एक तरफा प्यार करने वालों की लिस्ट लंबी थी। इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम था संजीव कुमार का। संजीव कुमार, हेमा मालिनी की मां को अपने ओर से हेमा से शादी का रिश्ता भी भेज चुके थे।

शोले की शूटिंग के दौरान, यूं आया ट्विस्ट
1975 में शोले की शूटिंग के पहले, धर्मेंद्र फिल्म में ठाकुर बलदेव सिंह का किरदार निभाना चाहते थे। यानि कि जो किरदार संजीव कुमार निभा रहे थे। तब तक संजीव कुमार, हेमा मालिनी को शादी का प्रस्ताव दे चुके थे। धर्मेंद्र ने जब डायरेक्टर रमेश सिप्पी को कहा कि वो फिल्म में ठाकुर बनना चाहते हैं तो रमेश सिप्पी ने समझाया कि ऐसी सूरत में हेमा मालिनी के हीरो बनेंगे संजीव कुमार और हीरोइन भी फिल्म में उन्हीं के पास जाएगी। ये सुनते ही धर्मेंद्र ने अपना विचार बदल दिया और वीरू की बसंती को रिझाने में लग गए।

ज़िंदगी की सबसे फिल्मी कहानी
अब आते हैं हेमा मालिनी की ज़िंदगी की सबसे फिल्मी कहानी पर। कहानी है 70 के दशक के तीन सुपरस्टार्स की। जीतेंद्र, हेमा मालिनी और धर्मेंद्र। और ये प्रेम त्रिकोण काफी दिलचस्प है। वहीं सपोर्टिंग भूमिका में हैं जीतेंद्र की पत्नी शोभा कपूर। हेमा मालिनी की शादी का मंडप सजा हुआ है और दुलहन के रूप में वो सजी बैठी हैं। दूल्हे हैं जीतेंद्र। इस शादी की भनक किसी को नहीं थी। शादी की भनक लगते ही इस शादी में दो बिन बुलाए मेहमान पहुंचे - पहले, नशे में धुत धर्मेंद्र और दूसरी जीतेंद्र की फैन से गर्लफ्रेंड बनीं शोभा कपूर।

मां को थी हेमा की चिंता
सच ये था कि हेमा मालिनी धर्मेंद्र के प्यार में पागल थीं। जब उनकी मम्मी को पता चला तो वो गुस्सा काफी हुईं लेकिन सिचुएशन को कंट्रोल करने की ठान ली। ज़िंदगी में पहली बार, हेमा ने अपने मां बाप से अपना कोई रिश्ता छुपाया था और धर्मेंद्र से छिप कर मिलने के लिए वो कुछ भी करती थीं। हेमा की मां को लगा कि जल्द से जल्द हेमा मालिनी की शादी करवाना ही सही रहेगा। वो उनके लिए अच्छा लड़का ढूंढने लगी जो उन्हें जीतेंद्र में मिल गया। जीतेंद्र और हेमा मालिनी उस वक्त दो फिल्में साथ कर रहे थे। दोनों के बीच अच्छी ट्यूनिंग थी।

जीतेंद्र में ढूंढा गया सच्चा जीवन साथी
जीतेंद्र और हेमा मालिनी की दोस्ती धीरे धीरे बढ़ रही थी लेकिन हेमा मालिनी की मां को जीतेंद्र में अपनी बेटी का सच्चा जीवन साथी मिल चुका था। वहीं जीतेंद्र भी इस दोस्ती को धीरे धीरे प्यार समझने की गलती कर बैठे थे। आगे जो हुआ वो काफी दिलचस्प था। जीतेंद्र की पहले से ही एक गर्लफ्रेंड थीं। 14 साल की शोभा कपूर जो उस समय ब्रिटिश एयरवेज़ में काम कर रही थीं। शोभा जीतेंद्र की बहुत बड़ी फैन थीं और यही बात जीतेंद्र को रास आ गई थी। लेकिन इस बीच उनके पास हेमा मालिनी की मां की तरफ से हेमा का रिश्ता आ गया।

शादी की खबर सुनकर चौंके धर्मेंद्र
हेमा मालिनी की मां ने जीतेंद्र से उनकी शादी की पूरी प्लानिंग कर ली। हेमा को जीतेंद्र के माता पिता से भी मिलना पड़ा कर दोनों के घरवाले मान गए। इस शादी के लिए सब काफी उत्साहित थे। ये शादी, एक समझदारी भरा सौदा थी। और इसे जल्द ही होना था क्योंकि कोई भी अपना मूड बदल सकता था। हेमा मालिनी और जीतेंद्र अपने परिवारों सहित रातोंरात मद्रास चले गए। वहां ये शादी संपन्न होनी थी। लेकिन किसी अखबार को ये खबर लग गई और उसने शाम के एडिशन में ये छाप डाला। अखबार की खबर से धर्मेंद्र चौंक गए।

हेमा मालिनी को वहीं कर दिया प्रपोज़
धर्मेंद्र ने सारा मामला अपने हाथ में लिया और शोभा सिप्पी के घर पहुंचे जो जीतेंद्र की एयरहोस्टेस गर्लफ्रेंड थीं। दोनों ही मामला संभालने मद्रास पहुंचे। अब मद्रास में सीन किसी ब्लॉकबस्टर पिक्चर से कम नहीं था। दूल्हा दुल्हन, और दूल्हे की गर्लफ्रेंड, दुल्हन का बॉयफ्रेंड शादी रूकवाने पहुंचे हैं। हेमा मालिनी के पापा ने धर्मेंद्र को धक्के मारकर बाहर निकाला। जीतेंद्र की गर्लफ्रेंड शोभा ने उनसे पूछा कि क्या चल रहा है और जीतेंद्र अपनी गर्लफ्रेंड को धोखा देते हुए उनके सामने पलट गए और कहा कि मैं हेमा से ही शादी करूंगा। वहीं धर्मेंद्र हेमा मालिनी के आगे गिड़गिड़ाते रहे कि ये शादी ना करें।

हेमा मालिनी ने बदल दिया फैसला
हेमा मालिनी ने सोचने का समय लिया और जब हेमा मालिनी कमरे से बाहर आईं तो उन्होंने सबसे शादी टालने की रिक्वेस्ट की। लेकिन जीतेंद्र का परिवार अड़ गया कि या तो शादी अभी होगी या कभी नहीं होगी। हेमा ने तुरंत मना कर दिया। और जीतेंद्र दनदनाते हुए वहां से चल गए। बाद में शोभा ने सारी बातें भूलते हुए जीतेंद्र से शादी की। और हेमा मालिनी और धर्मेंद्र ने शादी कर ली। आज भी दोनों परिवार काफी अच्छे दोस्त हैं।

प्रकाश कौर ने नहीं दी मंज़ूरी
धर्मेंद्र ने 19 साल की प्रकाश कौर से 1954 में शादी की थी। शादी के 26 साल बाद जब धर्मेंद्र ने प्रकाश कौर से तलाक मांगा तो उन्होंने साफ मना कर दिया। इसके बाद धर्मेंद्र और हेमा मालिनी को धर्म परिवर्तन करने के बाद निकाह करना पड़ा था। धर्मेंद्र की इस शादी से प्रकाश कौर और उनके चार बच्चे हैरान रह गए। लेकिन शादी के बाद भी प्रकाश कौर ने मीडिया के सामने कभी भी धर्मेंद्र का साथ नहीं छोड़ा और हमेशा उनके साथ ढाल बनकर खड़ी रहीं।


Click it and Unblock the Notifications











