Happy B'day: इस 'जंगली' के 'अंदाज' को देख सब कहते थे 'तुमसा नहीं देखा'
मुंबई। बॉलीवुड में रॉकस्टार जैसा क्रेज अगर किसी फिल्मी सितारे का था, तो वो थे शम्मी कपूर। उनके गाने हों या उनका अंदाज, उनकी हर बात लोगों को दिवाना कर जाती थी।

शम्मी कपूर ने उस दौर में फिल्मों में कदम रखा था, जब राज कपूर अपनी मासूमियत और दमदार अभिनय के साथ लोगों के दिलों पर राज करते थे। लेकिन इन्होंने अपने चुलबुले और दिलकश अदाकारी का नमूना लोगों के सामने रखा। शुरुआत में लोग थोड़े हिचके जरूर लेकिन कुछ ही असफलताओं के बाद लोगों ने इन्हें सिर आंखों पर बिठाया। फिल्म जंगली से इन्होंने जो सफलता की चढ़ी, उसके बाद फिर उन्होंने कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा।
शम्मी कपूर यानि की शमशेर राज कपूर अपने दोनों भाईयों राज कपूर और शशि कपूर से काफी जुदा थे। जहां राज कपूर और शशि कपूर अपनी संजीदगी भरी अदाकारी के लिए जाने जाते थे, वहीं शम्मी कपूर अपने अल्लड़पन के लिए। यूं तो शम्मी कपूर से जुड़ी बातें हम सबके सामने है, लेकिन आज उनके जन्म दिन यहां जानिए इस सुपरस्टार से जुड़ी कुछ और दिलचस्प बातें:
- शम्मी कपूर का फिल्मी करियर एक जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर शुरु हुआ था। और उन्हें इसका मेहनताना 150 प्रति महीने मिलता था। वहीं, उन्होंने पृथ्वीराज कपूर थियेटर कंपनी में भी चार साल काम किया है।
- शम्मी कपूर और गीता बाली प्यार में इतने पागल थे कि उन्होंने रात के 3.30 बजे मंदिर का दरवाजा खुलवाकर गीता बाली से शादी रचाई थी। और जब सिंदूर लगाने की बारी आई तो उन्होंने सिंदूर की जगह लिपिस्टिक से गीता बाली की मांग भरी थी।
- अपने दिलकश और विशिष्ट डांस स्टाइल के लिए जाने जाने वाले शम्मी कपूर कभी भी दुबले पतले अभिनेताओं में नहीं रहे। वहीं, आपको जानकर आश्चर्य होगा कि जब शम्मी कपूर अपने सबसे ज्यादा पॉपुलर गानों में से एक आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा की शूटिंग कर रहे थे, तो उस वक्त उनका वजन 82 किलो का था।
- शम्मी कपूर घर में बैठने वालों में से नहीं थे। उन्हें मुंबई घूमना काफी पसंद था, खासकर मुंबई चोर बाजार। जी हां, शम्मी कपूर मुंबई चोर बाजार जाया करते थे, वह भी अपनी मर्सिडीज बेंज में बैठकर अपने ड्राइवर के साथ।
- शम्मी कपूर को उनके गाने 'याहू' से अच्छी खासी पहचान मिली या यूं कह सकते हैं कि यह गाना उनके फिल्मी करियर में मील का पत्थर साबित हुआ। लेकिन इस शब्द से एक मजेदार बात भी जुड़ी है। जब भारत में 'याहू', सर्च इंजन शुरू हुआ था, तो लोगों को लगता था कि शम्मी कपूर इसके मालिक हैं।
- यहीं कारण है कि याहू के टॉप मैनेंजमेंट जब भारत आए थे, तो उन्होंने शम्मी कपूर से खास मुलाकात की। क्योंकि उनके इस गाने की वजह से याहू को भारत में बहुत जल्द सफलता मिली।
- शम्मी कपूर ज्यादा पढ़े लिखे नहीं होने बावजूद काफी मॉर्डन थे। इंटरनेट यूज करना हो या कोई नई तकनीक, वह हमेशा आगे रहते थे। आपको बता दें, एप्पल आईमैक खरीदने वाले वे पहले हिंदुस्तानी थे। यह उन्होंने लंदन से खरीदी थी।


Click it and Unblock the Notifications











