Birthday Special शाहरुख खान : करोड़ों दिलों पर किया ‘राज’ तो ‘राहुल’ बन गया रोमांस किंग

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करते हैं। यह दिन हर SRK फैन के लिए काफी खास होता है। आधी रात से ही शाहरुख के बंगले मन्नत के बाहर हजारों की तादाद में उनके फैंस पहुंच रहे हैं। शाहरुख भी अपने फैंस को निराश नहीं करते हैं और वह अपने बंगले से बाहर आकर फैंस का शुक्रिया अदा करते हैं। उनकी एक झलक पाकर फैंस में जो खुशी की लहर दौड़ती है, वह देखने लायक होती है। शाहरुख खान के बारे में कहा जाता है कि अगर वह किसी इवेंट में जाते हैं तो हमेशा इस बात का भी खास ध्यान रखते हैं कि उनके फैंस को उनके सिक्योरिटी गार्ड्स की वजह से कोई परेशानी नहीं हो, खासतौर पर महिला फैंस को। सुनहरे पर्दे पर शाहरुख ने अपने लगभग हर किरदार में जान फूंकी है लेकिन बात अगर 'राज' और 'राहुल' की हो, तो ये दोनों किरदार शाहरुख की पहचान का हिस्सा बन चुके हैं।
शाहरुख खान के बर्थडे पर आइए आपको बताते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ आंकड़े :

बुर्ज खलीफा पर 4 बार चमक चुके हैं :
बादशाह खान को दुबई की सबसे ऊंची बिल्डिंग में 4 बार चमकने का मौका मिला है। पिछले 3 सालों, 2019, 2020 और 2021 से लगातार बुर्ज खलीफा के म्युजिकल और लाइटिंग फाउंटेन पर शाहरुख खान को उनके जन्मदिन की बधाई दी जा रही है। इसके अलावा इसी साल संयुक्त अरब अमीरात में एक निजी स्वास्थ्य सेवा ऑपरेटर का अभियान वीडियो भी बुर्ज खलीफा पर चलाया गया। इस प्रचार वीडियो को चलाने से पहले बुर्ज खलीफा के म्यूजिकल फाउंटेन पर एसआरके की फिल्म ओम शांति ओम के एक गाने की धुन भी बजायी गयी।

गौरी संग 3 बार शादी :
शाहरुख और गौरी खान को बॉलीवुड का आइडियल कपल कहा जाता है। शाहरुख जहां मुस्लिम परिवार से आते हैं वहीं गौरी ब्राह्मण परिवार से थी। अलग-अगल धर्मों से होने की वजह से शाहरुख खान को गौरी से शादी करने के लिए काफी पापड़ बेलने पड़े। गौरी के परिवार को शादी के लिए राजी करने के बाद शाहरुख को गौरी से एक नहीं, दो नहीं बल्कि 3 बार शादी करनी पड़ी। शाहरुख और गौरी की सबसे पहली शादी कोर्ट मैरिज हुई। इसके बाद शाहरुख ने गौरी के साथ हिंदु रीति-रिवाजों के मुताबिक शादी और तीसरी बार निकाह किया। शाहरुख ने 6 सालों तक गौरी को डेट करने के बाद उनसे शादी की।

8 फिल्मों में ‘राहुल’ और 7 में दिखे ‘राज’ के अवतार में :
फिल्मों में शाहरुख जिस किरदार में भी नजर आते हैं,ऐसा लगता है मानो वह रोल उनके लिए ही बनाया गया है। शाहरुख का जिस तरह सिग्नेचर स्टेप होता है ठीक उसी तरह फिल्मों में उनका सिग्नेचर नाम भी होता है। शाहरुख ने अपने कॅरियर में जितनी फिल्में की हैं, उनमें सबसे ज्यादा राहुल और राज नाम का किरदार निभाया है। शाहरुख ने कुल 7 बार राज के नाम से सुनहरे पर्दे पर एंट्री ली है। उन्होंने जिन फिल्मों में राज नाम से अपना किरदार निभाया है, उनमें 'राजू बन गया जेंटलमैन', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'बादशाह', 'मोहब्बतें', 'चलते-चलते', 'रब ने बना दी जोड़ी' और 'दिलवाले' शामिल है। वहीं एसआरके ने फिल्म 'डर', 'जमाना दीवाना', 'यस बॉस', 'दिल तो पागल है', 'कुछ कुछ होता है', 'हर दिल जो प्यार करेगा', 'कभी खुशी कभी गम' और 'चेन्नई एक्सप्रेस' इन 8 फिल्मों में राहुल का किरदार निभाया है। इसके अलावा शाहरुख ने फिल्म आर्यन, देव, विक्की मल्होत्रा, मन्नू दादा जैसे नामों से भी फिल्मों में अपने रोल को जिया है।

बर्थडे पर फैंस के लिए डबल धमाका :
इस साल शाहरुख खान का बर्थडे उनके फैंस के लिए डबल धमाकेदार होने वाला है। एक तरफ जहां उनकी आने वाली फिल्म 'पठान' का टीजर 2 नवंबर को किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ यशराज फिल्म्स ने बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' को फिर से सिर्फ भारत में रिलीज करने की घोषणा की है। यानी अब फैंस एक बार फिर से सिनेमाघरों में डीडीएलजे में राज-सिमरन का दीदार कर सकेंगे।


Click it and Unblock the Notifications