B'Day Special: अमिताभ से आमिर तक, जानिए जिया खान की कहानी
आज एक्ट्रेस जिया खान का जन्मदिन है। आज भले ही जिया हमारे बीच न हो, लेकिन बॉलीवुड में उन्होंने कुछ ऐसी फिल्में की हैं, जिसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। जिया के फिल्मी करियर की शुरूआत काफी बेहतरीन रही थी। अमिताभ बच्चन, जिनके साथ काम करने का सपना लिए लोग बॉलीवुड में कदम रखते हैं, जिया को अपनी डेब्यू फिल्म में ही उनका साथ मिला। फिल्म निःशब्द के लिए जिया को काफी तारीफ मिली थी।

फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू नॉमिनेशन
जिया खान का जन्म 20 फरवरी, 1988 में न्यूयॉर्क सिटी में हुआ था। जिया उर्फ नफीसा खान के पिता अली रिजवी खान भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक थे, वहीं उनकी मां राबिया अमीन ने हिंदी फिल्मों में अभिनय किया है। फिल्म निःशब्द से फिल्मी करियर शुरू कर जिया काफी खुश थीं। फिल्म में जिया ने बोल्ड किरदार निभाया और अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता। इस फिल्म के उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू के लिए भी नॉमिनेट किया गया था।
अमिताभ के बाद आमिर, अक्षय का साथ
2007 में 'नि:शब्द' के बाद जिया के लिए बॉलीवुड सफर ज्यादा कठिन नहीं रहा। अपनी दूसरी ही फिल्म में उन्हें साथ मिला, मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान का। 2008 में आई आमिर खान की 'गजनी' में उन्होंने अहम किरदार निभाया। इस फिल्म में भी जिया के किरदार को सराहा गया था। वहीं, इसके बाद 2010 में वह अक्षय कुमार की फिल्म 'हाउसफुल' में दिखाई दीं। इस फिल्म में भले ही उनका किरदार छोटा था, लेकिन जिया को लोगों ने याद रखा।
फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार, बॉलीवुड सन्न
बहरहाल, जिया के छोटे से फिल्मी करियर को देखकर कह सकते हैं कि, जिन कलाकारों के साथ काम करने के लिए लोगों को सालों लग जाते हैं, जिया ने महज तीन फिल्मों में उस सपने को जी लिया था। लेकिन वहीं, इसके बाद की कहानी बेहद दर्दनाक है। दिन 3 जून, साल 2013..जब देर रात जिया खान ने अपने घर पर फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। जिया खान की मौत पर उनके परिवार समेत पूरा बॉलीवुड सन्न रह गया।
हालांकि, अभी तक जिया के मौत के पीछे की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है। लेकिन कहा जाता है कि अपनी पर्सनल जिंदगी में जिया पिछले काफी समय से तनाव में थीं। वहीं, जिया की मां राबिया खान ने एक्टर आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली पर अपनी बेटी की मौत का आरोप भी लगाया है। जिसकी जांच अभी भी जारी है।


Click it and Unblock the Notifications