बॉलीवुड सेलेब्स की शादियों से जुड़े मजेदार किस्से, कोई घोड़ी से गिरा तो किसी का फटा पायजामा

शादियों के सीजन की जल्द शुरुआत होने वाली है। इसके साथ बॉलीवुड में एक बार फिर से कई सेलिब्रिटी के घर शहनाई की धुन सुनाई देने के कयास लगाये जा रहे हैं। शादियों के समय होने वाली कुछ मजेदार घटनाएं बाद में किस्से कहानियों में लोगों को सालों-साल याद आते और गुदगुदाते रहते हैं। बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटीज की शादियों में भी ऐसी कई घटनाएं घट चुकी हैं जिसके बारे में सेलेब्स ने काफी बाद में खुलासा किया। किसी सेलिब्रिटी ने बताया कि फेरों के समय उनका पायजामा ही फट गया था, दोस्त से पायजामा उधार लेकर उन्हें काम चलाना पड़ा तो किसी ने अपनी शादी में जूते छिपाने की रस्म के दौरान मचे हंगामे के बारे में बताया। कोई अपनी बारात में घोड़ी पर से गिर पड़ा और वो भी किसी ऐसे-वैसे नहीं बल्कि बॉलीवुड के ही एक दिग्गज के ऊपर।
आइए आपको बॉलीवुड सेलेब्स की शादियों से जुड़े कुछ मजेदार किस्से बताते हैं

अपनी बारात में ही आमिर खान पर गिरे पड़े आयुष शर्मा :
बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान की बहन अर्पिता खान के साथ एक्टर आयुष शर्मा ने 2014 में शादी की। शादी के समय के एक नहीं बल्कि दो मजेदार किस्सों के बारे में आयुष ने बताया कि जब वह बारात लेकर शादी के समय जा रहे थे, उस समय अर्पिता का उन्हें मैसेज मिला,"घोड़ी को थोड़ा धीरे लेकर आए, वह अभी तक तैयार नहीं है।" आयुष ने हंसते हुए कहा था कि अब ये मेरे हाथ में थोड़े ही ना है। वहीं दूसरा मजेदार किस्सा बताते हुए आयुष शर्मा ने कहा कि वह जब घोड़ी से नीचे उतर रहे थे, तो आमिर खान उनकी घोड़ी के ठीक बगल में ही खड़े थे। उतरते समय उनका पायजामा पैरों में फंस गया और वह आमिर खान के ऊपर ही गिर पड़े। इसके बाद वह अपनी ही शादी में पूरा समय आमिर खान से छिपते फिर रहे थे।

गौरी को मायके में ही छोड़ने का था शाहरुख खान का प्लान :
फराह खान के एक शो पर शाहरुख खान ने अपनी शादी के बाद विदाई का मजेदार किस्सा बताते हुए कहा, "विदाई का दिन बड़ा फनी था। ये (गौरी खान) रो रही थी। इनके भाई बहुत ज्यादा इमोशनल हैं। वो इनसे भी ज्यादा रो रहे थे। अंकल भी रो रहे थे। सब रो रहे थे तो मुझे बहुत बुरा लगा, क्योंकि मेरी पहली शादी थी। मैंने हमेशा पिक्चरों में शादी देखी थी, लेकिन रियल में तो नहीं देखी थी।" इसके बाद एसआरके ने बड़े से मजेदार लहजे में कहा, "मैंने गौरी से कहा, यार तू यहीं रुक जा। सभी इतना रो रहे हैं, मुझे बड़ा गिल्ट फील हो रहा है। तू यही रह जा। मैं ही आ जाया करुंगा शनिवार-रविवार को।" शाहरुख ने कहा कि मुझे लगा ये लोग खुश नहीं है।

फेरों के समय फट गया आदित्य नारायण का पाजामा :
गायक उदित नारायण के बेटे और गायक-एंकर आदित्य नारायण ने 2020 में अपनी गर्लफ्रेंड श्वेता संग शादी की और 2021 में दोनों माता-पिता बन गये। अपनी शादी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाते हुए आदित्य नारायण ने बताया, "वरमाला के समय जब मेरे दोस्तों ने मुझे ऊपर उठाया तो मेरा पाजामा फट गया। अब शादी के समय अगर किसी दूल्हे के साथ ही ऐसा हादसा हो तो लोग भौंचक्के रह जाते हैं। इसके बाद फेरों के लिए मुझे अपने दोस्त का पायजामा पहनना पड़ा। किस्मत अच्छी रही कि मेरा और मेरे दोस्त का पायजामा का रंग एक जैसा था और हमारी कद-काठी भी एक जैसी है।"

जूता छुपाने की रस्म में विकी कौशल ने बचाया अपना जूता :
एक इंटरव्यू के दौरान हाल ही कैटरीना कैफ ने अपनी शादी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया। कैटरीना ने बताया,"शादी के दौरान मुझे अचानक अपने पीछे से खूब सारा शोर सुनाई दे रहा था। जब मैं पीछे मुड़ी तो मैंने देखा मेरी बहनें और विकी के दोस्त सभी मिलकर उसके जूते के अपनी तरफ खींच रहे थे। इसी लड़ाई की वजह से वह शोर सुनाई दे रहा था।" फिर जब कैटरीना से पूछा गया कि आखिरकार इस लड़ाई में किसकी जीत हुई तो कैटरीना ने कहा, "मुझे पता नहीं। मैंने पूछा ही नहीं।"

आलिया की शादी में करण जौहर के चेहरे पर लगी मेहंदी :
हाल ही में एक प्यारी सी बेटी के मम्मी-पापा बने रणबीर कपूर और आलिया भट्ट अभी अपने पैरंटहुड को एंजॉय कर रहे हैं। दोनों इसी साल अप्रैल में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों की शादी में खास मेहमान के तौर पर निर्देशक करण जौहर भी पहुंचे थे। शादी के समय का एक मजेदार किस्सा बताते हुए करण ने कहा,"मेंहदी की रस्म वाले दिन सबके साथ मैंने भी मेहंदी लगाया था। मुझे मेहंदी लगाने की आदत तो नहीं है, इसलिए जब मैं पसीना पोंछने लगा तो अनजाने में वह मेंहदी मेरे ही हाथों से मेरे पूरे चेहरे पर लग गयी थी। मुझे तुरंत मेंहदी धोनी पड़ी।" इसके बाद करण ने बताया कि आलिया की मेकअप आर्टिस्ट उन्हें अंदर ले गयी और तरह-तरह के लोशन लगाकर उनके चेहरे से मेहंदी और उसके स्टेन को साफ किया।


Click it and Unblock the Notifications