सुष्मिता सेन से लेकर सोनाक्षी सिन्हा तक, बॉलीवुड एक्ट्रेस जो हैं सेल्फ केयर ब्रांड की मालकिन

बॉलीवुड स्टार दीपिका पादुकोण ने हाल ही में फिल्मों में अपना 15 सालों का सफर पूरा किया है। इस मौके पर उन्होंने अपने सेल्फ केयर ब्रांड '82 ईस्ट' के लॉन्च की घोषणा की। इस घोषणा के साथ दीपिका भी बॉलीवुड की उन सभी एक्ट्रेसेस की टोली में शामिल हो गयी हैं जो सेल्फ-केयर ब्रांड की मालकिन है। दीपिका ने अपने ब्रांड की जानकारी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी थी। दीपिका के इस पोस्ट से पता चलता है कि इस सेल्फ केयर ब्रांड को तैयार करने के पीछे उनकी 2 सालों की मेहनत है। दीपिका पादुकोण अपने इस ब्रांड को सिर्फ देश ही नहीं विदेशों तक फैलाना चाहती हैं।
आइए जानते हैं बॉलीवुड में और कौन सी एक्ट्रेस सेल्फ केयर ब्रांड की हैं मालकिन

सुष्मिता सेन :
सुष्मिता सेन ने अपनी बेटी 'रेने' के नाम पर ही अपना सेल्फ केयर और मेकअप प्रोडक्ट ब्रांड शुरू किया है। वास्तव में इस ब्रांड की शुरुआत दुबई और कुवैत में ज्वेलरी रिटेल चेन के साथ करीब 20 साल पहले हुई थी। इस ज्वेलरी रिटेल के साथ सुष्मिता की मां भी जुड़ी हुई हैं। बाद में इसी ब्रांड के बैनर तले सुष्मिता ने मेकअप प्रोडक्ट्स भी लॉन्च किया, जो काफी लोकप्रिय हुआ।

कैटरीना कैफ :
कैटरीना कैफ एक ब्यूटी ब्रांड 'के ब्यूटी' की ओनर हैं जिसे 2019 में उन्होंने लॉन्च किया था। बॉलीवुड में कैटरीना की पूरी जर्नी पर अगर नजर डाली जाए तो उसमें मेकअप ने काफी अहम किरदार निभाया है। शायद इसलिए यह ब्रांड कैटरीना के दिल के काफी करीब समझा जाता है। अलग-अलग स्किन टोन को ध्यान में रखकर बनाए गए प्रोडक्ट्स पूरी तरह से वेगन और क्रुएलिटी फ्री हैं।

प्रियंका चोपड़ा जोनस :
पूर्व मिस वर्ल्ड और इंटरनेशनल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अपना हेयर केयर ब्रांड 'एनामली' करीब 2 साल पहले अमेरिका में लॉन्च किया था। अतिमारी के दौर में प्रियंका का यह ब्रांड भारत में उपलब्ध नहीं था लेकिन हाल ही में नायका के साथ मिलकर प्रियंका ने अपने हेयर केयर ब्रांड को भारत में भी लॉन्च किया है। इस हेयर केयर ब्रांड के प्रमोशन के सिलसिले में ही प्रियंका हाल ही में भारत आयी थी। इस ब्रांड की सबसे खास बात है कि इसके सभी प्रोडक्ट के पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले बोतल ट्रैश प्लास्टिक से बनाए जाते हैं।

सोनाक्षी सिन्हा :
सोनाक्षी सिन्हा ने बॉलीवुड की दूसरी एक्ट्रेस से अलग अपना आर्टिफिशियल नेल ब्रांड 'सो ईजी' लॉन्च किया। सोनाक्षी का यह काफी पुराना सपना था, जो अब सच हो चुका है। इस ब्रांड को लॉन्च करते समय सोनाक्षी के सोशल मीडिया पोस्ट से उनकी सगाई की अफवाह उड़ने लगी थी जिस पर बाद में सोनाक्षी ने ही विराम लगाया। सोनाक्षी का आर्टिफिशियल नेल ब्रांड इसी साल लॉन्च हुआ और बेहद आकर्षक दिखने वाले इसके प्रोडक्ट ऑनलाइन स्टोर पर उपलब्ध हैं।

लारा दत्ता :
पूर्व मिस यूनिवर्स लारा दत्ता ने 2018 में ब्यूटी इंडस्ट्री में कदम रखा और अपना सेल्फ केयर ब्रांड 'एरियस' लॉन्च किया। लारा के ब्रांड में आमतौर पर स्किन केयर और फ्रेग्रेंस वाले उत्पाद शामिल होते हैं। ये प्रोडक्ट्स पैराबेन, क्रुएलिटी और किसी भी प्रकार के केमिकल फ्री होते हैं। लारा की ब्रांड के सारे प्रोडक्ट्स ऑनलाइन स्टोर पर उपलब्ध है।


Click it and Unblock the Notifications











