बॉलीवुड के लिए लकी चार्म बनी क्रिसमस, गजनी से लेकर सिंबा तक क्रिसमस पर फिल्मों ने की है अच्छी कमाई

पिछले कुछ सालों के दौरान क्रिसमस के समय जितनी फिल्में रिलीज हुई हैं, उनमें से ज्यादातर फिल्मों ने ताबड़तोड़ कमाई की है। इस साल भी 23 दिसंबर को रोहित शेट्टी की फिल्म 'सर्कस' रिलीज होने वाली है। फिल्म में रणवीर सिंह दोहरे किरदार में नजर आने वाले हैं। क्रिसमस के समय दर्शक छुट्टियों के मूड में होते हैं और नयी फिल्मों को लेकर उनका क्रेज बढ़ जाता है। क्या 'सर्कस' उस क्रेज को बरकरार रख सकेगा और फिल्म को दर्शक मिलेंगे? यह तो आने वाला समय ही बता सकेगा।
फिलहाल आपको कुछ ऐसी फिल्मों के बारे में बताते हैं जो क्रिसमस पर रिलीज और हिट हुए

गजनी :
आमिर खान की फिल्म 'गजनी' सबको याद होगी। 2008 में क्रिसमस के समय रिलीज हुई इस फिल्म में असिन और आमिर खान की जोड़ी नजर आयी थी। रिलीज होने के बाद ही यह फिल्म लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगी। अगले कई दिनों तक फिल्म ने धमाल मचाया था। इस फिल्म ने लगभग 232 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

3 इडियट्स :
अगले साल 2009 में आमिर खान की फिल्म '3 इडियट्स' क्रिसमस के समय रिलीज हुई और छा गयी। इस फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिला। इस फिल्म में आमिर खान के साथ आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर, बोमन इरानी और मोना सिंह नजर आयी थी। फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ 4.60 बिलियन की कमाई की थी।

दबंग 2 :
साल 2012 में सलमान खान की फिल्म 'दबंग 2' क्रिसमस के समय रिलीज हुई थी। इस फिल्म में सलमान खान के साथ सोनाक्षी सिन्हा और अरबाज खान नजर आए थे। फिल्म में करीना कपूर के आइटम सॉन्ग ने धमाल मचा दिया था। इस फिल्म ने वर्ल्डवाईड 2.65 बिलियन की कमाई की थी।

पीके :
2014 में क्रिसमस से कुछ दिनों पहले आमिर खान की फिल्म 'पीके' रिलीज हुई थी। हालांकि फिल्म विवादों में घिर गयी लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने काफी अच्छी कमाई की। 'पीके' को फैंस ने काफी पसंद किया था। इस फिल्म ने करीब 854 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली थी। फिल्म में अनुष्का शर्मा और सुशांत सिंह राजपूत ने भी अहम किरदार निभाए हैं।

बाजीराव मस्तानी :
2015 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' क्रिसमस के आसपास ही रिलीज हुई थी। यह फिल्म भी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा जोनस ने प्रमुख किरदार निभाए थे। इस फिल्म ने 356.2 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

टाईगर जिंदा है :
2017 में सलमान खान और कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म 'टाईगर जिंदा है' क्रिसमस के सिर्फ 2 दिन पहले रिलीज हुई थी। इस फिल्म का जल्द ही सीक्वल भी रिलीज होने वाला है। इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म ने करीब 565.1 करोड़ की कमाई की थी।

सिंबा :
2018 में रिलीज हुई रोहित शेट्टी की फिल्म 'सिंबा' में रणवीर सिंह पहली बार पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आए थे। यह फिल्म भी क्रिसमस के समय ही रिलीज हुई थी। फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी और वर्ल्डवाईड इस फिल्म ने 400 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ सारा अली खान नजर आयी थी।


Click it and Unblock the Notifications











