डीडीएलजे से लेकर बजरंगी भाईजान तक, आमिर खान ने इन फिल्मों को किया था रिजेक्ट
अपने लंबे फिल्मी कॅरियर में मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने बिग बजट की कई फिल्मों के ऑफर को ठुकराया है। लेकिन जब वहीं फिल्में सिल्वर स्क्रीन पर रिलीज हुई तो उस साल की ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई। यानी किसी का नुकसान किसी और के लिए लॉटरी साबित हुई है। शाहरुख खान से लेकर सलमान खान और संजय दत्त को आमिर की ठुकराई फिल्मों से फायदा मिला है। बल्कि अगर हम यह कहें कि आमिर की ठुकराई फिल्मों की बदौलत ही ये स्टार से सुपरस्टार तक सफर तय कर पाये हैं तो यह कहना गलत नहीं होगा। आमिर की ठुकराई फिल्मों से सबसे ज्यादा फायदा इंडस्ट्री के बाकी दोनों 'खान' को हुआ है।
आइए ऐसी कुछ ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बारे में जानते हैं जिनके ऑफर आमिर खान ने ठुकराए थे

हम आपके हैं कौन
सुरज बड़जात्या की फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के बाद सलमान खान को पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं हुई। माधुरी दीक्षित स्टारर यह फिल्म आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में से एक है। फिल्म में प्रेम का किरदार निभाने का ऑफर पहले आमिर खान को दिया गया था लेकिन उन्होंने यह ऑफर ठुकरा दिया जो बाद में सलमान खान की झोली में जा गिरी।

साजन
सिर्फ 'हम आपके हैं कौन' ही नहीं बल्कि सलमान खान और संजय दत्त स्टारर 'साजन' का ऑफर भी आमिर खान को ही पहले मिला था लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया था। 'साजन' में आमिर को संजय दत्त वाला किरदार ऑफर किया गया था, लेकिन इस प्रस्ताव को उन्होंने ना कर दिया था।

डीडीएलजे
शाहरुख खान और काजोल स्टारर फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये थे। इस फिल्म ने सफलता के कीर्तिमान स्थापित किये हैं। डीडीएलजे में राज के किरदार के लिए आदित्य चोपड़ा की पहली पसंद शाहरुख खान नहीं बल्कि आमिर खान थे। लेकिन आमिर खान ने इस फिल्म के लिए मना कर दिया था।

मोहब्बतें
मल्टीस्टारर फिल्म 'मोहब्बतें' का ऑफर लेकर एक बार फिर से आदित्य चोपड़ा आमिर खान से मिले थे लेकिन इस बार भी आदित्य को खाली हाथ लौटना पड़ा था। आमिर को इस फिल्म का ऑफर भी पसंद नहीं आया जो बाद में शाहरुख खान के लिए मील का पत्थर साबित हुई।

बजरंगी भाईजान
सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बजरंगी भाईजान' का ऑफर सलमान से पहले आमिर खान को किया गया था। आमिर खान ने यह फिल्म ठुकरा दी और यह सलमान खान की झोली में आ गिरी।

डर
फिल्म 'डर' में शाहरुख खान नेगेटिव रोल में नजर आये थे। मेकर्स ने इस रोल को सबसे पहले अजय देवगन को ऑफर किया था। जब अजय देवगन ने इस ऑफर के लिए ना कह दिया था, तब इस रोल को आमिर खान को ऑफर किया गया था। लेकिन आमिर ने भी इस रोल को करने से मना कर दिया था। जिसके बाद सनी द्योल और जूही चावला स्टारर फिल्म 'डर' में नेगेटिव रोल शाहरुख खान ने किया।

दिल तो पागल है
फिल्म 'दिल तो पागल है' में शाहरुख खान का किरदार निभाने का ऑफर पहले आमिर खान को दिया गया था। आमिर खान के मना करने के बाद यह रोल शाहरुख खान को ऑफर किया गया। उसी साल आमिर खान की मल्टीस्टारर फिल्म 'इश्क' भी रिलीज हुई थी लेकिन 'दिल तो पागल है' के मुकाबले आमिर की 'इश्क' कुछ खास नहीं कर पाई थी।


Click it and Unblock the Notifications