फिल्म ‘कुली’ से लेकर ‘केबीसी’ तक, जब शूटिंग फ्लोर पर घायल हुए अमिताभ बच्चन
हाल ही में क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर बिग बी अमिताभ बच्चन घायल हो गये। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनका ऑपरेशन भी करना पड़ा। फिल्मों के सेट पर अक्सर स्टार विभिन्न हादसों का शिकार हो जाते हैं। अक्षय कुमार से लेकर कंगना रनौत और शिल्पा शेट्टी तक ऐसे कई एक्टर्स हैं जो शूटिंग फ्लोर पर घायल हो चुके हैं। ऐसा पहला मौका नहीं है जब अमिताभ बच्चन सेट पर घायल हुए हैं। उससे पहले भी कई बार वह शूटिंग सेट पर घायल हो चुके हैं।
चलिए आपको बताते हैं कि इससे पहले शूटिंग फ्लोर पर अमिताभ बच्चन कब घायल हुए

कौन बनेगा करोड़पति :
शूटिंग फ्लोर पर अमिताभ बच्चन के घायल होने का सबसे नया मामला क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर हुआ। लोहे से लगकर अमिताभ बच्चन के पैर की नस कट गयी। नस कट जाने की वजह से खुन का बहना बंद नहीं हो रहा था और अमिताभ बच्चन को अस्पताल ले जाना पड़ा। उनके पैर की स्थिति देखकर डॉक्टरों को उनका ऑपरेशन करना पड़ा और पैर में कई टांके लगाने पड़े। डॉक्टरों ने बिग बी को अभी कुछ दिनों तक चलने-फिरने से मना किया हुआ है। अमिताभ की उम्र को देखते हुए ही डॉक्टर अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं।

कुली :
फिल्म 'कुली' के सेट पर अमिताभ बच्चन ना सिर्फ घायल हुए थे, बल्कि वह मौत के मुंह से बचकर वापस लौटे थे। फिल्म की शूटिंग के दौरान एक्टर पुनीत इस्सर को उन्हें घूंसा मारना था। लेकिन गलती से पुनीत ने अमिताभ बच्चन के पेट में कुछ ज्यादा ही तेज घूंसा मार दिया और अमिताभ बच्चन को अस्पताल ले जाना पड़ा। उन्हें करीब 60 दिनों तक अस्पताल में बिताना पड़ा था। इलाज के दौरान एक समय ऐसा भी आया था कि डॉक्टर अमिताभ को ब्रेन डेड घोषित कर चुके थे। 60 दिनों बाद जब अमिताभ वापस घर लौटे तो उनके फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गयी। उनकी सलामती के लिए देशभर में हवन-यज्ञ और पूजा-पाठ, दुआएं मांगी गयी थी। अमिताभ आज भी हर रविवार को अपने फैंस का शुक्रिया अदा करना नहीं भूलते हैं।

ठग्स ऑफ हिंदोस्तान :
फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' के सेट पर अमिताभ बच्चन घायल हो गये थे। फिल्म के एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान उनके पैरों में फ्रैक्चर आ गया था। शूटिंग के दौरान उनकी पीठ में भी काफी तेज दर्द होने लगा था। लेकिन दर्द के बावजूद अमिताभ बच्चन ने फिल्म की शूटिंग को जारी रखा। वह नहीं चाहते थे कि फिल्म के बिजी शेड्यूल में उनकी वजह से कोई बदलाव हो। इसलिए दर्द के बावजूद उन्होंने फिल्म की शूटिंग पूरी की।

अलादीन :
फिल्म 'अलादीन' के सेट पर अमिताभ बच्चन घायल हो गये थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के सेट पर वह दो बार घायल हुए थे। दूसरी बार उनका पैर सेट पर रखे किसी सामान में उलझ गया था। इस वजह से वह गिर पड़े और उन्हें काफी गंभीर चोट आयी थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन ने जिनी की भूमिका निभाई थी जबकि अलादीन का किरदार रितेश देशमुख ने निभाया था।

महान :
अमिताभ बच्चन अपनी फिल्म 'महान' के सेट पर एक गाने की शूटिंग के दौरान घायल हो गये थे। फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान उन्हें रस्सी से स्लाइड करते हुए नीचे उतरना था। इस दौरान उनके हाथों में काफी गंभीर चोट आ गयी थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां उनके हाथों में टांके लगाने पड़े और पट्टी बांधनी पड़ी। इसके तुरंत बाद बिग बी को अपने दोस्त ऋषि कपूर की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई निकलना पड़ा। वह बारात में उसी तरह हाथों में पट्टी बांधकर पहुंचे थे।


Click it and Unblock the Notifications