अमिताभ बच्चन से लेकर प्रियंका चोपड़ा तक, करोड़ों कमाने वाले इन सितारों की यह थी पहली सैलरी
बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाने और अपना नाम बनाने का सपना देखने वाले लाखों युवा हर रोज आते हैं। इनमें से कुछ नाम गुम होकर रह जाते हैं तो कुछ नाम ऐसे हैं जो दर्शकों के दिलों पर राज करते हैं। बॉलीवुड में शीर्ष पर पहुंचने का सफर आसान नहीं होता है। लेकिन अपनी लगातार मेहनत और लगन से कुछ चुनिंदा एक्टर्स ने अपनी खास जगह बनाने में सफलता प्राप्त की है। आज करोड़ों में कमाने वाले बॉलीवुड के सेलेब्स में से किसी ने 500 तो किसी ने 1000 रुपये महीना से अपना कॅरियर शुरू किया था।
आइए जानते हैं कितनी थी बॉलीवुड के दिग्गज सेलेब्स की पहली कमाई-

अमिताभ बच्चन
बॉलीवुड में लंबा इनिंग खेलने वाले अमिताभ बच्चन ने अपने शुरुआती कॅरियर में काफी स्ट्रगल किया था। जिस समय हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में रोमांटिक फिल्मों का बोलबाला था, अमिताभ बच्चन ने फिल्म 'जंजीर' से एंग्री यंग मैन के तौर पर बॉलीवुड में अपनी जगह पक्की की थी। फिल्मों में काम करने से पहले उन्होंने कोलकाता की एक शिपिंग कंपनी में बतौर एग्जीक्यूटिव काम किया था। उस समय उन्हें 500 रुपये सैलरी दी जाती थी।

अक्षय कुमार
बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार के बारे में सभी जानते हैं कि हिंदी फिल्मों में काम करने से पहले वह बतौर शेफ और वेटर काम करते थे। अक्षय कुमार बैंकॉक के एक रेस्तरां में काम करते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बी टाउन में सबसे ज्यादा फीस पर काम करने वाले एक्टर्स में शुमार अक्षय कुमार को बैंकॉक में रेस्तरां की नौकरी में 1500 रुपये की सैलरी दी जाती थी।

आमिर खान
फिल्मों से ही अपने कॅरियर की शुरुआत करने वाले मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमतौर पर अपनी फिल्मों से अपने इस टैग को पूरी तरह से जस्टिफाई भी करते हैं। आमिर ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया था कि उनकी पहली फिल्म के लिए उन्हें 11000 रुपये का एक चेक दिया गया था। आमिर खान ने बताया था कि फिल्म 'कयामत से कयामत तक' के लिए सैलरी के तौर पर उन्हें 11000 रुपये का चेक दिया गया था। इस फिल्म को बनने में करीब 1 साल का वक्त लगा था यानी 1 महीने में 1000 रुपये उन्हें सैलरी मिले थे।

शाहरुख खान
बॉलीवुड पर राज करने वाले बादशाह खान आज एक फिल्म के लिए करोड़ो रुपये की सिर्फ फीस ही नहीं वसूलते बल्कि वह अपनी प्रोडक्शन कंपनी 'रेड चिलिज' की वजह से भी एक सफल बिजनेसमैन में गिने जाते हैं। काफी कम लोगों को ही पता होगा कि शाहरुख को अपनी पहली नौकरी के लिए सिर्फ 50 रुपये ही सैलरी मिली थी। शाहरुख खान ने पंकज उदास के एक कॉन्सर्ट में लोगों को उनकी सीटें दिखाने का काम किया था।

प्रियंका चोपड़ा जोनस
भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाने में पूर्व मिस वर्ल्ड प्रियंका चोपड़ा का भी हाथ है। प्रियंका चोपड़ा के लिए मुंबई से न्यूयॉर्क और लॉस एंजेल्स तक का रास्ता बिल्कुल आसान नहीं था लेकिन अपनी मेहनत के बदौलत प्रियंका उस ऊंचाई तक पहुंच पायी हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करके किसी ब्रांड को प्रमोट करने के लिए 1.80 करोड़ रुपये और फिल्मों के लिए 22 करोड़ रुपये तक की फीस लेती हैं। लेकिन क्या आपको पता है मिस वर्ल्ड का क्राउन जीतने के बाद प्रियंका को अपने पहले असाइनमेंट के लिए महज 5000 रुपये मिले थे।


Click it and Unblock the Notifications