15 फिल्मों के साथ तैयार है करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स - 2500 करोड़ से ऊपर की कमाई
करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स इस समय भारत के सबसे बड़े बैनर में से एक है और अब ये बैनर 15 बड़ी फिल्मों के साथ लगातार धमाके करने की तैयारी में हैं। ये सारी फिल्में बड़े बजट और बड़े स्टार्स के साथ हैं और इनमें से कुछ का बजट ही 200 करोड़ से ऊपर का है। माना जा रहा है कि अगर ये सारी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज़ होती हैं तो इनकी कमाई 2500 करोड़ के ऊपर होगी।
वहीं अगर इनमें से कुछ फिल्में OTT पर भी रिलीज़ होती हैं तो भी इनसे करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस को काफी फायदा होने वाला है क्योंकि इन सभी फिल्मों से शाहिद कपूर, रणवीर सिंह, रणबीर कपूर, अक्षय कुमार, करीना कपूर खान, दीपिका पादुकोण जैसे बड़े नाम जुड़े हुए हैं।

गौरतलब है कि करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स के पास इस समय प्रोजेक्ट्स की भरमार है लेकिन करण जौहर खुद काफी समय से डायरेक्शन से दूर बाकी चीज़ों पर अपना ध्यान फोकस कर रहे थे। करण जौहर ने पिछले कुछ सालों में धर्मा प्रोडक्शन्स को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया है। जहां धर्माटिक इंटरटेनमेंट के साथ वो डिजिटल दुनिया में कदम रख चुके हैं वहीं धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी के साथ वो नए टैलेंट को मौका देने के लिए प्रयासरत हैं। इसके अलावा धर्मा 2.0 के साथ करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शन्स का नया लोगो भी लॉन्च किया था।
पढ़िए धर्मा प्रोडक्शन्स के आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में। इन फिल्मों के अलावा, धर्मा प्रोडक्शन्स की डिजिटल कंपनी धर्माटिक इंटरटेनमेंट मीनाक्षी सुंदरेश्वर नाम की फिल्म और रियलिटी सीरीज़ Fabulous Lives of Bollywood Wives के अगले सीज़न पर काम कर रहा है।

करण जौहर की अगली फिल्म
करण जौहर एक धमाकेदार फिल्म का अनाउंसमेंट 6 जुलाई को करने वाले हैं। माना जा रहा है कि ये मल्टीस्टारर फिल्म एक परिपक्व लव स्टोरी होगी। फिल्म में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट से और धर्मेंद्र, शबाना आज़मी - जया बच्चन से रोमांस करते दिख सकते हैं।

सिद्धार्थ मल्होत्रा की एक्शन फिल्म
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ एक एक्शन फिल्म साईन की है जिसे एक नया नाम डायरेक्ट करेगा। फिल्म एक विलेन की तरह रोमांस और एक्शन से भरपूर होगी जहां सिद्धार्थ मल्होत्रा अपने एंग्री यंग मैन वाले अवतार में एक बार फिर वापसी करते नज़र आएंगे।

जलियांवालां बाग की सच्चाई
धर्मा प्रोडक्शंस ने स्टिल एंड स्टिल मीडिया के साथ मिलकर, सी. शंकरन नायर की अनकही कहानी पर आधारित फिल्म बनाने का फैसला किया है और इसकी तैयारी शुरू कर दी है. यह फिल्म उस पौराणिक अदालती लड़ाई को उजागर करती है जिसमें शंकरन नायर ने जलियांवाला बाग नरसंहार के बारे में सच्चाई को उजागर करने के लिए ब्रिटिश राज के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।

इशान - तृप्ति की जोड़ी
धर्मा प्रोडक्शन्स अपनी अगली फिल्मों की लिस्ट में एक साईकोलॉजिकल थ्रिलर भी जोड़ चुकी है जिसके मेन लीड होंगे इशान खट्टर और तृप्ति डिमरी। दिलचस्प है कि इशान और तृप्ति दोनों ही 2020 के नेटफ्लिक्स स्टार्स हैं। जहां इशान खट्टर, नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज़ अ सूटेबल बॉय में तबू से रोमांस करते दिखाई दिए।

दोस्ताना 2
कार्तिक आर्यन के छोड़ने के बाद जान्हवी कपूर स्टारर दोस्ताना 2 की शूटिंग भी जल्दी ही ट्रैक पर वापस लौटेगी। माना जा रहा है कि फिल्म में कार्तिक आर्यन की जगह अब सुपरस्टार अक्षय कुमार दिखाई देंगे। फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं कॉलिन डीकॉन्हा और ये समलैंगिक प्रेम कहानी है।

लाईगर
माना जा रहा है कि तेलुगू सुपरस्टार विजय देवराकोंडा भी धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ अपना हिंदी फिल्म डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म का नाम है लाईगर और विजय देवराकोंडा के साथ फिल्म में दिखेंगी अनन्या पांडे।

तख्त
करण जौहर का महत्तवाकांक्षी प्रोजेक्ट है तख्त। इस मल्टीस्टारर फिल्म में रणवीर सिंह, विकी कौशल, करीना कपूर, जान्हवी कपूर, आलिया भट्ट, भूमि पेडनेकर और अनिल कपूर मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म मुग़ल सल्तनत के तख्त की लड़ाई की सबसे बड़ी दास्तान है।

RN KAO बायोपिक
करण जौहर ने भारत के स्पाईमास्टर, आर एन काव की किताब के राइट्स खरीदे हैं और फिल्म पर काम शुरू हो चुका है। हालांकि फिल्म में मुख्य भूमिका कौन निभाएगा इसे लेकर फिलहाल चर्चा जारी है।

दीपिका - सिद्धांत - अनन्या
दीपिका पादुकोण, सिद्धांत कपूर और अनन्या पांडे, शकुन बत्रा की एक रोमांटिक फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। फिल्म पर काम शुरू हो चुका है और ये फरवरी 2021 में रिलीज़ हो सकती है।

मिस्टर लेले
वरूण धवन के छोड़ने के बाद एक बार फिर से शशांक खेतान की फिल्म मिस्टर लेले ट्रैक पर लौट चुकी है और वरूण धवन को विकी कौशल ने रिप्लेस कर दिया है। लॉकडाउन से पहले फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और विकी कौशल के साथ फिल्म में कियारा आडवाणी दिखाई देंगी।

शाहिद कपूर की योद्धा
खबर है कि शाहिद कपूर को धर्मा प्रोडक्शन्स की नई फिल्म योद्धा के लिए अप्रोच किया गया है। लेकिन शाहिद ये फिल्म कर रहे हैं या नहीं कर रहे हैं इस बात की फिलहाल पुष्टि नहीं की गई है। शाहिद के कई बार फिल्म छोड़ने और फिर वापस करने की खबरें आ चुकी हैं।

नागराज रणवीर?
रणवीर सिंह परदे पर कॉमिक्स के सुपरहीरो नागराज की भूमिका में दिखाई दे सकते हैं। ये फिल्म बनाएंगे करण जौहर और फिल्म पर काम शुरू हो चुका है। नागराज सबका फेवरिट सुपरहीरो था और अब उसे परदे पर देखना फैन्स के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होगा।

सूर्यवंशी
27 मार्च 2020 को रिलीज़ होने वाली थी अक्षय कुमार स्टारर सूर्यवंशी। फिल्म रोहित शेट्टी की कॉप यूनिवर्स का एक और धमाका है और इस बार उनकी फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते हुए दिख रहे हैं अक्षय कुमार। फिल्म में कैटरीना कैफ भी अक्षय कुमार का साथ निभाती दिखाई देंगी। अब फिल्म की रिलीज़ का इंतज़ार है।

ब्रह्मास्त्र
अयान मुखर्जी की ये फिल्म दिसंबर 2019 से पोस्टपोन होकर इस साल दिसंबर में रिलीज़ के लिए शेड्यूल की गई। लेकिन लॉकडाउन के बाद फिल्म का काफी काम बचा है। फिल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का साथ निभाते दिखेंगे अमिताभ बच्चन। वहीं फिल्म में मौनी रॉय, नागार्जुन और डिंपल कपाड़िया भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

शेरशाह
कारगिल हीरो विक्रम बत्रा की इस बायोपिक को डायरेक्ट कर रहे हैं विष्णु वर्धन। फिल्म 3 जुलाई 2020 में रिलीज़ होनी थी। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं सिद्धार्थ मल्होत्रा। फिल्म में सिद्धार्थ का साथ देते दिखाई देंगी कियारा आडवाणी।


Click it and Unblock the Notifications












