बॉलीवुड की इन फिल्मों में रोमांटिक अंदाज में दिखाया गया होली का रंगीन मिजाज

होली हमारे देश का सबसे रंगीन त्योहार है। होली का त्योहार अब लोग सिर्फ हमारे देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी मनाने लगे हैं। इसे विदेशों तक पहुंचाने का काफी हद तक श्रेय हिंदी फिल्मों को भी जाता है। होली का त्योहार ना सिर्फ खुद रंगीन होता है बल्कि यह लोगों का मिजाज भी रंगीन बना देता है। बॉलीवुड की कई फिल्मों में होली को बड़े ही रोमांटिक और रंगीन मिजाज के साथ फिल्माया गया है।
आइए आपको उन फिल्मों के बारे में बताते हैं जिनमें होली को रंगीन अंदाज में दिखाया गया :

ये जवानी है दीवानी :
साल 2013 बॉलीवुड में न्यू एज फिल्मों के लिए माइल स्टोन बन गयी। इस फिल्म में रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, आदित्य रॉय कपूर और कल्कि कोचलिन लीड रोल में नजर आए थे। यह फिल्म रोमांस और दोस्ती की कहानी कहता है। फिल्म में गाने होली पर एक गाना बलम पिचकारी फिल्मायी गयी थी, जिसके बारे में कहा जा सकता है कि इसमें होली के त्योहार का ट्रू एसेंस है। गुलाल, अबीर और गीले रंगों में एक-दूसरे को भिगोते रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण के इस गाने को होली के प्ले लिस्ट में जरूर होना चाहिए।

गोलियों की रासलीला-रामलीला :
संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गोलियों की रासलीला-रामलीला' में रियल लाइफ कपल रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण का ऑनस्क्रीन रोमांस देखने को मिला था। इस फिल्म की कहानी लव, लस्ट और ड्रामा से भरी हुई थी। इसे हम देसी रोमियो-जूलियट कह सकते हैं। फिल्म में होली का एक बेहतरीन सीक्वेंस फिल्माया गया था जब दो कट्टर दुश्मन परिवार के बच्चे, एक-दूसरे के साथ रोमांटिक अंदाज में होली खेलते हैं। चटख रंगों के गुलाल से सजे इस सीक्वेंस को बेहतरीन तरीके से फिल्माया गया था।

मोहब्बतें :
आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म 'मोहब्बतें' में प्यार और नियमों से बगावत की कहानी कही गयी थी। इस फिल्म में शाहरुख खान ने लीड रोल किया था। जबकि अमिताभ बच्चन सख्त हेडमास्टर के किरदार में दिखे थे जिन्हें अपने गुरुकुल में नियमों को तोड़ना नापसंद था। इसके बावजूद प्यार करने वाले कभी किसी नियम को नहीं मानते हैं, यह साबित करते हुए उदय चोपड़ा, जिम्मी शेरगिल और जुगल हंसराज अपने-अपने प्यार शमिता शेट्टी, किम शर्मा और प्रीति झंगियानी के साथ होली खेलते हैं। होली के इन रंगों में शाहरुख खान को भी अपने प्यार ऐश्वर्या राय से रोमांस करने के कुछ पल मिल जाते हैं।

शोले :
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी ऑलटाइम सभी की फेवरेट जोड़ियों में से एक होती है। रमेश सिप्पी की फिल्म 'शोले' बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्मों में से एक है। अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की लीड रोल वाली इस फिल्म में हेमा मालिनी और धर्मेंद्र पर फिल्माया गया गाना होली के दिन दिल मिल जाते हैं...एक क्लासिक गाना बन गया। इस गाने में होली के रंगों और म्यूजिक को इतनी अच्छी तरह से घोला गया है कि यह भारतीय संस्कृति में होली को दिखाने का आइना सा बन गया है।

सिलसिला :
बात जब होली और होली के गानों की हो रही हो तो अमिताभ बच्चन और रेखा स्टारर रोमांटिक फिल्म 'सिलसिला' को कोई कैसे भूल सकता है। फिल्म की कहानी दो प्रेमियों की है, जो अपने परिवार, प्यार और जिम्मेदारियों के बीच उलझ कर रह गये हैं। इस फिल्म के गाने रंग बरसे ने होली के ट्रु एसेंस और रंगों को बखूबी पर्दे पर उकेरा है। इतने सालों बाद भी होली की पार्टियों में यह गाना ना बजे और इस गाने पर बच्चे से लेकर बूढ़े तक ना झुमे ऐसा हो ही नहीं सकता है।


Click it and Unblock the Notifications