July RoundUp: सारा अली खान की शादी से लेकर अमिताभ बच्चन के उत्तराधिकारी तक, पूरे महीने स्टार्स के बड़े एलान
इस महीने सितारों के निजी ज़िंदगी और उनके काम को लेकर काफी ज़्यादा अनाउंसमेंट हुए। जहां निजी ज़िंदगी के कुछ एलान, फैन्स को हैरान कर गए तो कुछ मज़ेदार रहे। वहीं कुछ ने सीधे सीधे फैन्स का दिल तोड़ दिया।
हालांकि, प्रोफेशनल स्तर पर इस महीने कई बड़े अनाउंसमेंट हुए और इनमें से ज़्यादातर अनाउंसमेंट बड़ी फिल्मों को लेकर ही थीं। फैन्स भी अपने फेवरिट स्टार्स की इन अनाउंसमेंट के साथ काफी उत्साहित हुए।

इस महीने की सबसे अनोखा एलान किया था अमिताभ बच्चन ने। अमिताभ बच्चन ने अपनी और अभिषेक बच्चन की एक ही जैसी तस्वीर शेयर करते हुए अपने पिता हरिवंश राय बच्चन की एक लाईन लिखी - मेरा बेटा मेरा उत्तराधिकारी नहीं होगा, जो मेरा उत्तराधिकारी होगा वही मेरा बेटा होगा। अमिताभ बच्चन ने इस लाईन के साथ गर्व से अभिषेक बच्चन को अपना उत्तराधिकारी बताया जो उनके अभिनय की कला की विरासत को संभाल कर रखेंगे। जानिएस इस महीने स्टार्स ने किए कौन कौन से एलान।

आलिया का एलान
इस महीने की शुरूआत हुई एक खुशखबरी के साथ। इस खुशखबरी का एलान खुद किया आलिया भट्ट ने जिन्होंने अस्पताल से अपनी और रणबीर कपूर की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि कपूर जूनियर जल्दी ही इस दुनिया में आने वाले हैं। आलिया भट्ट की प्रेगनेंसी के बाद बॉलीवुड में बधाईयों की बौछार हो गईं। होने वाली दादी नीतू कपूर, बुआ रिद्धिमा कपूर साहनी, नाना - नानी महेश भट्ट और सोनी राज़दान, मौसी शाहीन भट्ट और आकांक्षा रंजन कपूर, सभी होने वाले बच्चे के बारे में मीडिया से बात करते दिखे और अपने सोशल मीडिया पर आलिया को बधाई देते दिखे।

सुष्मिता सेन बनीं ललित मोदी की Better Half
इंटरनेट पर हलचल मच गई सुष्मिता सेन की शादी की खबर से। इस खबर की पुष्टि हुई थी बिज़नेसमैन ललित मोदी ने जिन्होंने सुष्मिता सेन के साथ अपनी बेहद प्राइवेट तस्वीरें शेयर करते हुए उन्हें अपनी Better Half बताया। हालांकि, थोड़ी ही देर में उन्होंने साफ कर दिया कि वो दोनों केवल पार्टनर हैं। ललित मोदी ने सामने आकर अपनी और सुष्मिता सेन की शादी की खबर का खंडन किया और बताया कि वो दोनों पार्टनर हैं और जल्दी ही शादी भी करेंगे। एक महीने बाद भी इंटरनेट इस बात को हज़म कर रहा है कि सुष्मिता सेन बिज़नेसमैन ललित मोदी को डेट कर रही हैं।

बालकनी में ही शादी करेंगी सारा
सारा अली खान ने कॉफी विद करण पर बताया कि उन्हें रणबीर और आलिया की शादी का आइडिया बड़ा पसंद आया। उन्होंने बालकनी में ही शादी कर ली। ये आईडिया बड़ा ही क्यूट और इंटिमेट था। और उन्होंने इस शादी पर ज़्यादा खर्च भी नहीं किया। इस पर जान्हवी कपूर ने मज़े लेते हुए कहा, इसने अभी अभी साल की सबसे बड़ी शादी को Cheap कहा। सारा ने जवाब देते हुए कहा - मैंने Cheap नहीं कहा, तुमने कहा। मैंने बस इतना कहा कि वो यूरोप वगैरह नहीं गए, घर पर ही कर ली, मैं भी ऐसे ही करूंगी। जब करण जौहर ने सारा अली खान से पूछा - तो क्या आप भी अपने घर की बालकनी में ही शादी करेंगी? सारा ने हंसते हुए जवाब दिया - मेरे घर में तो बालकनी है ही नहीं। उम्मीद करती हूं कि लड़के के घर में बालकनी हो।

शमिता शेट्टी का ब्रेकअप
शमिता शेट्टी और राकेश बापट ने अपने #Shara फैंस को झटका दिया है। शमिता शेट्टी और राकेश बापट की राहें अब जुदा हो गई हैं। दोनों ने ब्रेकअप कर जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला लिया है। बिग बॉस ओटीटी में दोनों एक दूसरे के करीब आए थे और बाहर निकलने के बाद भी साथ थे। शमिता शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर जानकारी दी कि वो और राकेश बापट अब साथ नहीं हैं। बिग बॉस ओटीटी में दोनों दोस्त बने थे फिर दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। शो के खत्म होने के बाद भी इस कपल का क्रेज बरकरार था। यहां तक कि राकेश बापट पुणे से मुंबई भी शमिता के लिए शिफ्ट हुए थे।

राकेश बापट का एलान
राकेश बापट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'मैं आप लोगों के साथ शेयर करना चाहता हूं कि मैं और शमिता अब साथ नहीं हैं। किस्मत ने हमारे रास्तों को सबसे असामान्य परिस्थितियों में मिला दिया। थैंक यू 'शारा' फैमिली बहुत सारा प्यार और सपोर्ट करने के लिए। एक निजी व्यक्ति होने के नाते मैं सार्वजनिक रूप से अपने ब्रेकअप की घोषणा नहीं करना चाहता था, लेकिन मुझे लगता है हम अपने फैंस को बताने के हकदार हैं।'

टाईगर श्रॉफ का स्क्रू ढीला
इन निजी एलान के बाद कुछ काम से जुड़े एलान भी हुए। फिल्म निर्माता करण जौहर ने आधिकारिक तौर पर टाइगर श्रॉफ अभिनीत स्क्रू ढीला की घोषणा कर दी। जिसमें टाइगर के अपोजिट रश्मिका मंदाना के बारे में अटकलें लगाई जा रही हैं। फिल्म का निर्देशन शशांक खेतान कर रहे हैं और इसे धर्मा प्रोडक्शन्स प्रोड्यूस कर रहा है। करण ने ये घोषणा करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और लिखा, "मनोरंजन के एक ठोस पंच के साथ पहुंचे, टाइगर श्रॉफ को #ScrewDheela में पेश करने के लिए सुपर उत्साहित हैं, एक नई दुनिया में शशांक खेतान द्वारा निर्देशित !!!"

कार्तिक और कबीर
कार्तिक आर्यन ने अपनी अगली बड़ी फिल्म का एलान कर दिया है। इस फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं किया गया है लेकिन ये फिल्म साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस करेंगे और इसे डायरेक्ट करेंगे कबीर खान। जहां ये सारी बातें तय हैं वहीं रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म की Female Lead के लिए श्रद्धा कपूर को अप्रोच किया गया है। ये फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और माना जा रहा है कि कार्तिक आर्यन इस फिल्म में एक स्ट्रीट फाईटर के किरदार में दिखाई देंगे।

वापस डायरेक्शन करेंगे अजय देवगन
अजय देवगन ने रनवे 34 डायरेक्ट की जिसके लिए उन्हें काफी प्रशंसा मिली और अब अजय देवगन ने एलान कर दिया है कि वो अपनी अगली फिल्म भोला भी डायरेक्ट करेंगे। गौरतलब है कि भोला, तमिल फिल्म कैथी की रीमेक है। फिल्म की शूटिंग हैदराबाद में होगी और ये एक महीने से 40 दिन का लंबा शेड्यूल होगा। फिल्म की रिलीज़ डेट अनाउंस की जा चुकी है और फिल्म 30 मार्च 2023 को सिनेमाघर में होगी।

राजश्री की ऊंचाई
राजश्री प्रोडक्शन की सबसे बहुचर्चित फिल्म 'ऊंचाई' की रिलीज डेट आखिरकार सामने आ चुकी है। जिसकी घोषणा राजश्री प्रोडक्शन हाउस ने अपने सोशल मीडिया पर कर दी है। जहां पर फिल्म के नाम के साथ रिलीज की तारीख की भी जानकारी दी गई है। लेकिन ऊंचाई से किसी का भी लुक शेयर नहीं किया गया है। इस साल का अंत होने से पहले ऊंचाई सिनेमाघर में रिलीज हो जाएगी। 11 नवंबर 2022 को राजश्री प्रोडक्शन कि ये 60वीं फ़िल्म रिलीज हो रही है। फिल्म में मुख्य भूमिका में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, बोमन ईरानी, नीना गुप्ता, सारिका, नफीसा अली सोढ़ी, डैनी डेन्जोंप्पा और परिणीति चोपड़ा भी हैं।


Click it and Unblock the Notifications











