बोनी कपूर B'day स्पेशल: 66 साल की उम्र फिल्म डेब्यू, श्रीदेवी को इंप्रेस करने के लिए दी थी इतनी ज़्यादा फीस
फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर 11 नवंबर को अपना 66वां जन्मदिन मना रहे हैं। खास बात ये है कि इसके साथ ही बोनी कपूर 66 साल की उम्र में अपना फिल्म डेब्यू भी करने जा रहे हैं। रणबीर कपूर - श्रद्धा कपूर की लव रंजन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में बोनी कपूर रणबीर कपूर के पिता की भूमिका में नज़र आएंगे।
दिलचस्प है कि बोनी कपूर अपनी एक्टिंग की एक झलक, पहले ही अनुराग कश्यप की अनोखी फिल्म AK Vs AK में दिखा चुके हैं। इस फिल्म में बोनी कपूर, अनिल कपूर के घर में इकट्ठा हुए परिवार के कुछ सीन में नज़र आते हैं।

बोनी कपूर और श्रीदेवी, बॉलीवुड के पावर कपल थे। भले ही उनका रिश्ता शुरू विवादों से हुआ था लेकिन धीरे धीरे, हर किसी ने बोनी कपूर की गलती को माफ करते हुए उनके फैसले का सम्मान किया था। श्रीदेवी के निधन के बाद, बोनी कपूर और उनके चार बच्चे, मज़बूती से एक साथ खड़े दिखाई दिए।
खबरें थीं कि श्रीदेवी के निधन के बाद बोनी कपूर उनकी जिंदगी पर एक डॉक्यूमेंट्री प्रोड्यूस करना चाहते थे। इसकी मदद से वो दुनिया को दिखाना चाहते थे कि श्रीदेवी कितनी अच्छी और प्रतिभाशाली शख्स थीं। इस प्रोजेक्ट को डायरेक्ट करने वाले थे शेखर कपूर जिन्होंने श्रीदेवी, अनिल कपूर और अमरीश पूरी स्टारर मि.इंडिया को 1987 में डायरेक्ट किया था। लेकिन ये प्रोजेक्ट शुरू ही नहीं हो पाया।

पहली फिल्म देखते ही दिल दे बैठे
बोनी कपूर ने पहली बार श्रीदेवी को एक तमिल फिल्म में देखा और उन्हें पहली ही नज़र में श्रीदेवी से प्यार हो गया था। इसके बाद बस बोनी कपूर, श्रीदेवी को अपनी फिल्म में साईन करना चाहते थे। इसके बाद श्रीदेवी की फिल्म सोलवां सावन आई जिसके बाद बोनी कपूर ने तय कर लिया कि वो श्रीदेवी से मिलकर ही रहेंगे।

श्रीदेवी को ऑफर की थी मिस्टर इंडिया
बोनी कपूर, श्रीदेवी से मिलने चेन्नई पहुंच गए। उस दौरान, श्रीदेवी, मिथुन चक्रवर्ती को डेट कर रही थीं। बोनी कपूर ने श्रीदेवी को मिस्टर इंडिया ऑफर की। वो किसी भी कीमत पर श्रीदेवी के साथ काम करना चाहते थे। श्रीदेवी का अपॉइंटमेंट भी उन्हें बहुत ही मुश्किल से मिला था।

जानबूझकर मांगी ज़्यादा फीस
उस समय श्रीदेवी का सारा काम उनकी मां हैंडल किया करती थीं। श्रीदेवी हर फिल्म के लिए 8 - 8.5 लाख रूपये चार्ज करती थीं। लेकिन उनकी मां ने बोनी कपूर से श्रीदेवी की फीस 10 लाख रूपये चार्ज करने की बात कही। श्रीदेवी की मां के 10 लाख डिमांड करते ही बोनी कपूर ने श्रीदेवी को 11 लाख में साईन कर लिया। वो नहीं चाहते थे कि श्रीदेवी इस फिल्म को रिजेक्ट करे और बोनी, श्रीदेवी के साथ वक्त बिताने का मौका गंवाएं।

श्रीदेवी का जीत लिया दिल
मिस्टर इंडिया की शूटिंग के दौरान बोनी कपूर ने श्रीदेवी का बहुत ख्याल रखा था। बोनी कपूर की तीमारदारी ने श्रीदेवी का दिल जीत लिया था। उनके मन में भी बोनी कपूर के लिए कुछ भावनाएं आ चुकी थीं। जब श्रीदेवी चांदनी की शूूटिंग कर रही थीं तो बोनी उनसे मिलने स्विट्ज़रलैंड पहुंच गए। अपने प्रति इतना लगाव और चिंता देख, श्रीदेवी ने भी बोनी कपूर को इस रिश्ते की रज़ामंदी दी।

मोना कपूर से हुए अलग
इसके बाद बोनी कपूर, शादीशुदा होने के बावजूद श्रीदेवी के प्यार में पड़ चुके थे। बोनी कपूर ने अपनी पत्नी मोना कपूर को भी ये बात बताई। मोना और बोनी 13 साल से शादीशुदा थे और बोनी कपूर ने जब मोना को ये बताई तो मोना समझ गईं कि अब इस शादी में कुछ नहीं बचा। वो श्रीदेवी से मिलने लम्हे के सेट पर भी पहुंचे। फिल्म के हीरो, बोनी कपूर के भाई अनिल कपूर थे।

शादी से नाखुश थीं श्रीदेवी
अफवाहें थीं कि बोनी कपूर को डेट करते समय श्रीदेवी प्रेगनेंट हो गई थीं। इसके बाद बोनी कपूर और श्रीदेवी ने एक मंदिर में 2 जून 1996 को शादी कर ली। हालांकि इस शादी से श्रीदेवी ज़्यादा खुश नहीं थीं और वो चाहती थीं कि बोनी कपूर सबके सामने उन्हें अपनाएं और शादी करें।

श्रीदेवी के लिए छोड़ा था परिवार
श्रीदेवी की मानसिक स्तर पर ठीक रखने के लिए बोनी कपूर ना केवल श्रीदेवी से सबके सामने शादी की बल्कि उन्होंने धीरे धीरे अपनी पहली पत्नी मोना से मिलना बिल्कुल बंद कर दिया। साथ ही वो अपने बच्चों अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर से भी ना मिलने को मजबूर हो गए थे। हालांकि, धीरे धीरे वक्त के साथ पूरा कपूर परिवार वापस एक हो गया और आज भी पूरा परिवार बोनी कपूर के साथ मज़बूती से खड़ा है।


Click it and Unblock the Notifications